DEKHO NCR
फरीदाबाद, 18 अप्रैल
(रूपेश देव)। पारिवारिक सामाजिक धार्मिक एवं राजनीतिक आयोजनों के बाद सफाई का जामा सफाई कर्मचारियों पर छोड़ना गैर जिम्मेदाराना काम है। देश को स्वच्छ रखना सभी नागरिकों की मूल जिम्मेदारी इस दायित्व को पूरा करने के लिए आज स्थानीय दशहरा ग्राउंड एन आई टी में नगर निगम के कर्मचारियों के साथ मिलकर डॉ अंबेडकर सामाजिक एकता मंच के कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान चलाया।
इस अवसर पर सशक्त भीम समाज (SBS) के राज्य प्रधान श्री शेरसिंह ने यह संदेश दिया कि दशहरा मैदान में सभी सामाजिक संस्थाएं अपना कार्यक्रम करके मैदान में गंदगी छोड़ देती हैं, जबकि उनका यह फर्ज बनता है, कि साफ सफाई की जिम्मेदारी भी स्वयं लें और शहर को साफ सुथरा रखे। यह केवल नगर निगम की ही जिम्मेदारी नहीं है, यह हम सब शहर वासियों की जिम्मेदारी है, कि हमारे सार्वजनिक स्थल साफ सुथरे हों। 14 अप्रैल को इस बार जिले की 32 संस्थाओं ने मिलकर बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती मनाई थी।
नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने बताया कि इस अवसर पर सफाई कर्मचारियों के हाजिरी प्रभारी शिवकुमार सहित लगभग दो दर्जन सफाई कर्मचारियों को डॉ भीमराव अंबेडकर के जीवन परिचय कराने वाली पुस्तक व उनकी तस्वीर देखकर सम्मानित किया गया और संस्था द्वारा झाड़ू छोड़ो कलम अपनाओ का भी स्लोगन उच्चारण किया गया। श्री शास्त्री ने डॉ आंबेडकर सामाजिक एकता मंच के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का विशेष अभिनंदन आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में केवल धरातल पर फैली गंदगी को साफ करने के साथ-साथ समाज में भेदभाव उच्च नीच की गंदगी को भी साफ किया जाना चाहिए ताकि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के सपनों का भारत बनाया जा सके और सभी भारतीय नागरिक समानता एवं सद्भाव के साथ देश की तरक्की में अपना योगदान दे सके।


