फरीदाबाद,18 अक्तूबर(रूपेश कुमार)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता यशपाल नागर ने कहा है कि भाजपा सरकार हर वर्ग के सम्मान पर चोट कर झूठ व जुम्लों से लोगों को गुमराह कर रही है। प्रजातंत्र में सरकारें लोगों का गुमराह व अपमान करके नहीं बल्कि मान-सम्मान से चलती हैं जबकि हरियाणा की सरकार प्रदेश के हर वर्ग को अपमानित करके राज करना चाहती है। प्रदेश का किसान, जवान, कर्मचारी, कच्चा कर्मचारी, सफाईकर्मी, मिड-डे मील, आशा वर्कर, मनरेगा मजदूर से लेकर पंच-सरपंचों तक हर वर्ग अपने अधिकारों के लिए सडकों पर आकर धरने-प्रदर्शन कर रहा है इसलिए बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार सत्ता में बने रहने का नैतिक व लोकतांत्रिक अधिकार खो चुकी है।
यशपाल नागर ने कहा कि भाजपा ने जनता से किया कोई चुनावी वायदा पूरा नहीं किया। भाजपा सरकार ने युवाओं को हर वर्ष 2 करोड रोजगार देने का वादा किया था। साडे 9 वर्ष हो गये, इस हिसाब से 19 करोड रोजगार मिलने चाहिए थे। आज हरियाणा में 2 लाख सरकारी पद खाली पडे हैं इन पर पक्की भंर्तियां होने की बजाय भर्ती घोटाले हो रहे हैं, पक्के पदों को खत्म किया जा रहा है। साडे 9 साल से शिक्षकों की भर्ती नहीं हुई। स्कूल के बच्चों को भी धरनों पर बैठना पडा। 5100 रुपये हर महीने पेंशन मिलना तो दूर लाखों बडे-बुजुर्गों की पेंशन काट दी गई। लाखों गरीबों के राशन कार्ड काट दिए गए। अब तो भाजपा ने हर वर्ष 2 करोड रोजगार, 2022 तक किसान की दोगुनी आमदनी और हर व्यक्ति के खाते में 15 – 15 लाख रुपये देने वाले तमाम वायदों का क्रि तक बंद कर दिया है।