DEKHO NCR
फरीदाबाद,07 दिसंबर(रूपेश देव)। किसान कांग्रेस फरीदाबाद के जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रवक्ता डा. ऋषिपाल मास्टर ने कहा कि भाजपा-जजपा सरकार घोटालों तथा घोषणाओं तक सीमित है, बाकि विकास के नाम पर सरकार ने जनता को सिर्फ धोखा दिया है, प्रदेश की जनता के ऊपर कर्ज का बोझ लाद दिया है और युवाओं को बेरोजगारी के दल-दल में धकेल दिया है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि फरीदाबाद के कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा ने नगर निगम का 200 करोड़ रूपए का घोटाला उजागर किया, लेकिन आज तक न तो उसमें कोई जेल गया और न ही रिकवरी हुई। लगता है ऊपर तक सभी की अच्छी सांठ-गांठ है। उन्होंने यह भी कहा हरियाणा में पिछले चार साल में करीब 100 घोटाले हुए है और जनता की गाढ़ी कमाई को घोटाले बाज डकार चुके है।
उन्होंने उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा कि पता नहीं ऐसी क्या इमरजेन्सी होती है, रात को एक-एक, दो-दो बजे भी जमीनों की रजिस्ट्रीयां करवाई जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि आज लगभग -लगभग सभी बड़े गांवों के चारों कोनो पर शराब के ठेके है और युवा इसकी वजह से जबरदस्त नशे की लत में फंसते जा रहे है।
मास्टर ऋषिपाल ने कहा कि आज हरियाणा में सडक़ों की हालत चाहे गांवों की सडक़ें, चाहे इण्डस्ट्रीयल एरिया की सडक़ें हो, या फिर रेजीडेंशियल एरिया की सडक़ें हो, सभी की बहुत बुरी हालत है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि सरकार द्वारा आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा और जनसंवाद कार्यक्रमों में जनता न के बराबर पहुंच रही है। इससे ज्यादा भीड़ तो किसी के भी लगन-सगाई के कार्यक्रम में हो जाती है। इसका सीधा-सीधा मतलब है कि जनता अब सरकार के भ्रम जाल में नहीं फंसने वाली बल्कि चुनाव का इंतजार कर रही है और भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार को उखाड़ फैंक कर पूरी तरह कांग्रेस की सरकार बनाने के मूड़ में है।
मास्टर ऋषिपाल ने तीन साल पहले लगे बिजली के मीटरों को दोबारा बदलने पर निंदा करते हुए कहा कि सरकार केवल जनता के पैसों को बर्बाद कर रही है। उन्होंने सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि तीन साल पहले लगे बिजली मीटरों को बदलवाने का क्या औचित्य है। लगता है सरकार पिलर बॉक्स घोटाले को छुपाने के लिए इन मीटरों को बदल रही है।
आए दिन सरकार में पेपर लीक होते है इससे हरियाणा के युवाओं का हौंसला बुरी तरह पस्त हो चुका है और उन्हें अपना भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है।


