DEKHO NCR
फरीदाबाद,18 नवंबर(रूपेश देव)। डबुआ कालोनी थाना अन्तर्गत गांव नवादा में एक दुखद: घटना सामने आई है। नवादा गांव में पति-पत्नी ने बीती रात को कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। दोनों की आज ईलाज के दौरान अलग-अलग अस्पतालों में मौत हो गई। दोनों की शादी को करीब आठ साल हुई थी और इनमें कुछ मनमुटाव रहता था। घटना को लेकर पुलिस छानबीन में लगी है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में रखवा दिया है।
जानकारी के अनुसार नवादा के रहने वाले मनवीर ने बताया कि अरुण और शीतल की शादी वर्ष 2015 में हुई थी। अरुण के पिता की 2010 में ही मृत्यु हो चुकी है। तब उनके तीन बच्चे अरुण, तरुण और एक बेटी सपना सभी छोटे थे। तीनों को उन्होंने ही पाल-पोषकर बड़ा किया था और सभी की शादी भी शादी विवाह भी करवाए थे।
उन्होंने बताया कि बीती रात लगभग 1 बजे उनके भतीजे तरूण ने उन्हें जगाया और बताया कि अरुण और शीतल दोनों उल्टियां कर रहे हैं। इसके बाद वह जब उनके पास पहुंचे तो दोनों के मुंह से सल्फास की गोली खाने की गंध आ रही थी। इसके बाद आनन-फानन में दोनों को बादशाह खान सिविल अस्पताल में ईलाज के लिए भर्ती कराया।
डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग ले जाने के लिए रेफर कर दिया। वह दोनों को ईएसआई अस्पताल में ले गए, जहां पर इलाज के दौरान अरुण ने सुबह 4 बजे दम तोड़ दिया। वहीं शीतल को ईलाज के लिए ईएसआई अस्पताल से पार्क हॉस्पिटल सेक्टर 11 के लिए रेफर किया गया। शीतल ने आज दोपहर लगभग 1 बजे ईलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस के जांच अधिकारी हरविंदर ने बताया कि मृतक अरुण के बड़े भाई तरुण के मुताबिक पति-पत्नी में आपस में मनमुटाव रहता था। इसके चलते दोनों ने बीती रात जहरीला पदार्थ खा लिया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है। धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है।