DEKHO NCR
फरीदाबाद,03 अक्तूबर(रूपेश कुमार)। सरकार ने युवाओं, किसानों और बुजुर्गों को बर्बादी की अंधी खाई में ढकेल दिया है। यह बात हरियणा प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता एवं जिलाध्यक्ष मास्टर ऋषिपाल ने हाथ से हाथ जोड़ो कार्यक्रम के दौरान गांव ककड़ीपुर में कही।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल को राज चलाना नहीं आता और उपमुख्यमंत्री अपने घर की आर्थिक हालात अच्छे करने में जुटे हुए है। जबकि हरियाणा के लोगों के आर्थिक हालात दिन प्रतिदिन बिगड़ते जा रहे है। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को बताया कि आज देश में बेरोजगारी की दर करीब 42 प्रतिशत है। जबकि हरियाणा में यह दर 60 प्रतिशत से भी ज्यादा है।
उन्होंंने कहा कि हरियाणा में 13 लाख सी-टेट पास युवा है। जिनको रोजगार की उम्मीद दूर-दूर तक दिखाई नहीं देती, किसानों की एमएसपी पर न तो केन्द्र सरकार ने फैसला लिया और न ही हरियाणा सरकार ने। सच्चाई यह है कि किसानों की आय दिन-प्रतिदिन घटती जा रही है और मण्डिय़ों में भी वह औने-पौने दामों पर अपनी फसल बेचने के लिए मजबूर है।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की हालत भी बहुत पतली है। परिवार पहचान पत्र में सरकारी कर्मचारियों द्वारा गलत आय दिखाने के बाद करीब सात-आठ लाख बुजुर्गों की पैंशन कट गई है। परिवार पहचान पत्र में गलतियों के कारण गरीबों के नाम भी राशन वाली लिस्ट से गायब हो गए। जिससे करीब आठ-नौ लाख लोग प्रभावित हुए है। लोगों ने कभी भी इस तरह की किसान, गरीब, मजदूर, बुजुर्ग और युवा विरोधी सरकार नहीं देखी। इस सरकार ने विकास के नाम पर हरियाणा का विनाश कर दिया। हरियाणा की जनता तुरन्त इस सरकार से पीछा छुड़ाना चाहती है और एक बड़े बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनाना चाहती है।
इस मौके पर मास्टर ऋषिपाल ने रणदीप सुरजेवाला के आदेश पर ककड़ीपुर के कुलदीप मुदगल को जिला किसान कांग्रेस का जिला महासचिव एवं जिला प्रवक्ता नियुक्ति किया। नियुक्ति पर कुलदीप मुदगल ने कांग्रेस हाईकमान, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं कर्नाटक व मध्यप्रदेश के प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, प्रदेश प्रवक्ता मास्टर ऋषिपाल का आभार व्यक्त किया है।
इस मौके पर पं. किशनलाल शर्मा, तेजपाल मुदगल, महेश चंद शर्मा, हजारी लाल बघेल, संजय बाल्मीकि, पं. कृपा शंकर, किसान कांग्रेस के यूथ जिलाध्यक्ष विवेक कुमार सराव, पं. महेन्द्र शर्मा, राजकुमार हरिजन, मनोहरलाल शर्मा सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।