back to top
Thursday, March 19, 2026

हरियाणा कैबिनेट की बैठक में लिए बड़े फैसले अग्निवीरों के परिवार को 1 करोड़ देंगे, कलाकारों को 7 से 10 हजार पेंशन मिलेगी : नायब सैनी

Share

DEKHO NCR

चंडीगढ़, 05 मई (रूपेश कुमार )। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट मीटिंग हुई। इसमें कुल 24 एजेंडे रखे गए। इनमें से 22 एंजेडों को मंजूरी दी गई। मीटिंग में अग्नि वीरों को 1 करोड़ रुपए और कलाकारों को पेंशन देने का फैसला लिया गया।

main%201

इसके साथ नई आबकारी नीति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) विकास परियोजना को मंजूरी दी गई। नई आबकारी नीति के तहत हाईवे पर अब ठेके नहीं दिखाई देंगे। इसके साथ स्कूल-कॉलेजों और मंदिरों से 150 मीटर की दूरी पर ठेके खोले जाएंगे। मीटिंग में और भी फैसले लिए गए। अग्निवीरों को 1 करोड़ रुपए मिलेंगे सीएम सैनी ने कहा कि अब अग्नि वीरों को भी युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की तर्ज पर 1 करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। 2022-23 और 2023-24 में हरियाणा से कुल 5120 अग्निवीर भर्ती हुए। 2024-25 के दौरान लगभग 2000 अग्नि वीरों की भर्ती की गई है।
लोक कलाकारों को हर महीने पेंशन मिलेगी उन्होंने बताया कि सरकार ने प्रदेश में लोक कलाकारों को आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है। इसके लिए कैबिनेट मीटिंग में पंडित लख्मीचंद कलाकार सामाजिक सम्मान योजना को मंजूरी दी गई है। इस योजना के तहत 60 वर्ष की आयु और 20 वर्ष का अनुभव रखने वाले महान कलाकारों को मासिक सहायता दी जाएगी। परिवार पहचान पत्र में जिन कलाकारों की आय 1 लाख 80 रुपए तक है, उन कलाकारों को 10,000 रुपए का मासिक मानदेय मिलेगा। जिन कलाकारों की आय 1 लाख 80 हजार रुपए से 3 लाख रुपए के बीच है, उन कलाकारों को 7 हजार रुपए मासिक मानदेय मिलेगा।
बॉक्स :-
नई आबकारी नीति को मंजूरी दुकानों की संख्या में कोई बदलाव नहीं  
  मीटिंग में नई आबकारी नीति को मंजूरी दी गई। नीति के तहत दुकानों की संख्या में कोई बदलाव नहीं किया है। पहले की तरह 2400 दुकानें आवंटित की जाएंगी,1200 जोन ही होंगे। बस स्टैंड, स्कूल, कॉलेज, धार्मिक स्थान आदि से ठेकों की दूरी 150 मीटर करने का फैसला कैबिनेट मीटिंग में किया गया है। इससे पहले यह दूरी 75 मीटर हुआ करती थी। सीएम सैनी ने बताया कि इस नीति में यह भी प्रावधान किया गया है कि नेशनल हाईवे तथा स्टेट हाईवे से सीधे तौर पर कोई भी ठेका दिखना नहीं चाहिए। नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे से उचित दूरी पर स्थापित ठेकों को किसी भी प्रकार का विज्ञापन या साइन बोर्ड लगाने की अनुमति नहीं होगी। यदि ऐसी कोई विज्ञापन या साइन बोर्ड किसी भी जोन में पाया जाता है तो पहली बार 1 लाख रुपए, दूसरी बार 2 लाख रुपए तथा तीसरी बार 3 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा, उसके बाद उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। नई नीति में यह प्रावधान किया गया है कि 500 से कम आबादी वाले गांव में एक भी ठेका नहीं खोला जाएगा। इस प्रावधान से अब लगभग 700 से ज्यादा गांवों में 152 ठेके बंद हो जाएंगे। अहाता खोलने के लिए गुरुग्राम में लाइसेंस फीस की 4 प्रतिशत, फरीदाबाद, सोनीपत, पंचकूला में 3 प्रतिशत और बाकी जिलों में एक प्रतिशत राशि देनी होगी। पुरानी नीति में अहाता के लिए एरिया की कोई सीमा नहीं थी. जबकि इस नई नीति में अब अहाते के लिए 1000 स्क्वायर मीटर एरिया निर्धारित किया गया है।
गो सेवा आयोग का बजट बढ़ाया मीटिंग में नई गोशालाओं की भूमि की खरीद या बिक्री के लिए डीड दस्तावेजों पर लगने वाले स्टांप शुल्क से छूट देने का फैसला किया है। पंजीकृत गोशाला की भूमि का व्यक्तिगत कार्यों और व्यावसायिक उद्देश्य के लिए उपयोग नहीं किया जा सकेगा। पहले गो सेवा आयोग का बजट केवल 2 करोड़ रुपए होता था, जिसे बढ़ाकर 500 करोड़ रुपए किया गया है।
नगर निकायों में डबल एंट्री अकाउंटिंग सिस्टम लागू CM ने बताया कि मीटिंग में नगरपालिका लेखा संहिता, 1930 को खत्म करने को मंजूरी दी गई। पिछले लगभग 100 सालों से नगर निकायों में अकाउंटिंग सिस्टम की यह प्रथा चली आ रही थी, जिसमें सिंगल एंट्री अकाउंटिंग सिस्टम का प्रावधान था। नगर निकायों में सिंगल एंट्री को खत्म कर डबल एंट्री अकाउंटिंग सिस्टम लागू किया। पुराने नियमों में कई खामियां थी, जिसके चलते अकाउंटिंग का बेहतर प्रबंधन नहीं हो पा रहा था।
शहीद संदीप की पत्नी को प्लाट मिलेगा कैबिनेट की बैठक में शहीद नायक संदीप की पत्नी गीता को फरीदाबाद के गांव अटाली में 200 वर्ग गज का आवासीय प्लाट देने को मंजूरी दी गई। संदीप 19 फरवरी, 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में शहीद हो गए थे।
भूमि की बाजार दर निर्धारित करने की नीति में संशोधन CM ने कहा कि सभी विभागों, बोर्डों एवं निगमों, पंचायती राज संस्थाओं और शहरी स्थानीय निकायों के लिए भूमि की बाजार दर निर्धारित करने की नीति में संशोधन किया गया। इस संशोधन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों और उनकी संस्थाओं द्वारा अलग-अलग मानदंड अपनाने के कारण होने वाली कानूनी अड़चनों को दूर करना है। नए संशोधन के अनुसार अब भुगतान उस राशि के बराबर हो जाएगी जो केंद्रीय अधिनियम के तहत भूमि अधिग्रहण पर सरकारी संस्थाएं भूस्वामियों को देती हैं।
बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक के लिए भूमि हस्तांतरण यमुनानगर में बनने वाले बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक के लिए भूमि के हस्तांतरण को मंजूरी प्रदान की गई। स्मारक के लिए गांव भगवानपुर द्वारा 20 एकड़, 3 कनाल और 11 मरला भूमि उपलब्ध करवाई गई।
AI विकास परियोजना को मंजूरी मीटिंग में हरियाणा को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) हब बनाने के लिए एआई विकास परियोजना को मंजूरी दी गई। इसके लिए एक अलग से संस्था का गठन किया जाएगा, जो आगामी तीन वर्षों में इस परियोजना को मूर्त रूप देगी। AI परियोजना पर कुल 474.39 करोड़ रुपए खर्च होंगे, जिसमें से विश्व बैंक से तकनीकी और वित्तीय सहायता भी ली जाएगी। गुरुग्राम में ग्लोबल आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेंटर (GAIC) और पंचकूला में हरियाणा एडवांस्ड कंप्यूटिंग फैसिलिटी (HACF) सेंटर स्थापित किए जाएंगे।

Read more

Local News