DEKHO NCR
-गर्मी से मिली निजात तो जलभराव ने बढ़ाई मुसीबत
–जलभराव के चलते जगह जगह लगा लंबा जाम
फरीदाबाद, 02 मई (रूपेश कुमार )। फरीदाबाद में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे बादलों की तेज गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश हुई। बादलों की तेज गर्जना और आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश ने कुछ ही घंटों में फरीदाबाद की सड़कों को तालाब में तब्दील कर दिया। कॉलोनियाँ हो, सेक्टर हो या गाँव हर जगह-जगह जलभराव हो गया। जिसके चलते शहर का यातायात पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। ट्रैफिक पुलिस को कई प्रमुख मार्गों को डायवर्ट करना पड़ा। जिससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
ग्रीनफील्ड अंडरपास में डूबी कार :-
बारिश के चलते फरीदाबाद के ग्रीनफील्ड कॉलोनी अंडरपास में पानी भरने से स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि प्रशासन को इसके गेट बंद करने पड़े।
सुबह के समय इस अंडरपास में एक कार पानी की चपेट में आकर फंस गई। कार पूरी तरह पानी में डूब गई। लेकिन कार चालक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्रेन के द्वारा कार को बाहर निकाला गया।
गर्मी से राहत, लेकिन जलभराव ने बढ़ाई परेशानी :-
कई दिनों से पद तेज गर्मी से परेशान लोगों को राहत तो मिली परंतु बरसात से हुए जलभराव ने लोगों की खुशी को परेशानी में बदल दिया। शहर के हर इलाकों और प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से लोग घंटों जाम में फंसे रहे। लोगों को नौकरी पर जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ा तो बच्चों को स्कूल जाने में खासी मसकक्त करनी पड़ी।
लोगों को अपने गंतव्य पर आना जाना मुश्किल हो गया। शहर हो या गाँव कोई भी ऐसी जगह नहीं थी जहां जलभराव न हुआ हो। एसजीएम नगर,आदर्श कॉलोनी,सैनिक कॉलोनी,जवाहर कॉलोनी,ड़बुआ कॉलोनी,पर्वतिया कॉलोनी,एनआईटी 1,2,3,4,5 दयाल बाग,इरोज गार्डन,ग्रीनफील्ड,सेक्टर 3,4,12,14,15,16,17,18,19,21, ओल्ड फरीदाबाद हर जगह भारी जलभराव रहा।
नगर निगम की तैयारियों की खुली पोल :-
फरीदाबाद नगर निगम हर साल दावा करता है कि शहर में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लेकिन इस बार की पहली बारिश ने इन दावों की पोल खोल दी। सड़कों पर पानी भरा रहा और नालों की सफाई ना होने के कारण पानी का निकास नहीं हो सका। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की।
प्रशासन ने जलभराव की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कुछ क्षेत्रों में पंप लगाए और नालों की सफाई शुरू करवाई, लेकिन यह कदम बारिश के बाद उठाए गए, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर समय रहते नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था की जाए, तो भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सकता है।
ग्रीनफील्ड इलाके में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की शटरिंग गिर गई । जिसके चलते उसके नीचे खड़ी पांच गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई कार में सवार नहीं था, या कोई आसपास से गुजर नहीं रहा था जिसके चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इस मामले में जानकारी देते हुए स्थानीय निवासियों ने बताया कि, आज सुबह हुई बरसात और तेज आंधी के चलते शटरिंग गिर गई और नीचे खड़ी पांच गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।





