back to top
Tuesday, February 24, 2026

संविधान की शक्ति और सफाई मित्रों की निष्ठा से बनता है सशक्त भारत – मंत्री विपुल गोयल

Share

पंचकूला । पंचकूला में आयोजित सफाई मित्र सम्मान एवं संविधान दिवस समारोह में मंत्री विपुल गोयल ने कहा सफाई मित्र स्वच्छ भारत अभियान की रीढ़ और संविधान देश की आत्मा है हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि भारत का संविधान मात्र एक विधिक दस्तावेज नहीं बल्कि देश की लोकतांत्रिक संरचना नागरिक अधिकारों कर्तव्यों और राष्ट्रीय एकता का प्राण-तत्व है।

img 20251126 wa02293673779456658856915

उन्होंने कहा कि भारत का मजबूत संविधान ही हमें विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक राष्ट्र बनाता है। प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्य हमारे राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं।

img 20251126 wa0227788337266452666792

मंत्री गोयल पंचकूला नगर निगम द्वारा आयोजित सफाई मित्र सम्मान एवं संविधान दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित हुए और सफाई मित्रों को सम्मानित किया। अपने संबोधन में मंत्री गोयल ने कहा सफाई मित्र हमारे समाज की रीढ़ हैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान की सफलता में उनकी भूमिका अतुलनीय है।
उन्होंने आगे कहा कि आज हरियाणा के शहर जिस स्वच्छता मॉडल की मिसाल बन रहे हैं, उसके पीछे सफाई मित्रों की निरंतर परिश्रम और जन जागरूकता प्रमुख तत्व हैं।

img 20251126 wa02241416896504482736240


मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में हरियाणा के शहरों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विशेष रूप से करनाल ने 50 हजार से 3 लाख जनसंख्या श्रेणी में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया जिसका पुरस्कार राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया।

मंत्री विपुल गोयल ने संविधान दिवस के महत्व का स्मरण कराते हुए कहा कि संविधान हमें जहां मौलिक अधिकार देता है वहीं राष्ट्र के प्रति कर्तव्य पालन का मार्ग भी दिखाता है स्वच्छता अनुशासन और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने का संकल्प हर नागरिक को अपनाना चाहिए।
उन्होंने उपस्थित नागरिकों को संविधान प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान भी किया।

मंत्री गोयल ने कहा कि सरकार सफाई मित्रों की सुरक्षा सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जा रहा है।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा तथा हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचकूला के महापौर श्री कुलभूषण गोयल और नगर परिषद कालका के अध्यक्ष श्री कृष्ण लाल लांबा ने की नगर निगम पंचकूला के अधिकारी, सफाई मित्र तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के साथ हुआ जहां स्वच्छ, सशक्त और संविधान समर्पित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया गया।

Read more

Local News