back to top
Wednesday, February 25, 2026

स्थिति पर प्रशासन का पूर्ण नियंत्रण : डीसी विक्रम सिंह

Share

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की निरंतर निगरानी

फरीदाबाद । उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने बताया कि जिले में पिछले 24 घंटों में कोई नई वर्षा दर्ज नहीं हुई है, जिससे हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। प्रशासन द्वारा किए गए त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों से 27 प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित गांवों में स्थिति पर नियंत्रण बनाया गया है। पशुधन एवं पोल्ट्री की सुरक्षा भी सुनिश्चित की गयी है।

img 20250905 wa02222073130459595598355

डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य तेज़ी से और प्रभावी ढंग से संचालित किए जा रहे हैं। अब तक 705 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जा चुका है। जिले में स्थापित 4 सक्रिय राहत शिविरों में वर्तमान में लगभग 250 लोग सुरक्षित और आवश्यक सुविधाओं के साथ ठहरे हुए हैं। प्रभावित परिवारों को हर संभव राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, राज्य पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभाग लगातार फील्ड में सक्रिय हैं, जबकि आवश्यकतानुसार नौसेना, वायुसेना और अन्य केंद्रीय एजेंसियों से भी सहयोग प्राप्त किया जा रहा है। प्रशासन की तत्परता और समन्वित प्रयासों से सभी प्रभावितों को सुरक्षित और संरक्षित रखने में सफलता मिल रही है।

डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ताजेवाला बैराज से आज दिनांक 09 सितम्बर 2025 को शाम 05:00 बजे 33,201 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली स्थित ओखला बैराज पर जलस्तर (HFL) 202.17 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के स्तर से नियंत्रण में है।
बैराज पर अपस्ट्रीम गेज 198.75 मीटर तथा डाउनस्ट्रीम गेज 198.70 मीटर दर्ज किया गया है। इस समय ओखला बैराज से 73,425 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है। साथ ही, गाजियाबाद स्थित हिंडन बैराज पर भी जलस्तर निगरानी में है और अपस्ट्रीम एवं डाउनस्ट्रीम गेज क्रमशः 199.90 मीटर दर्ज किए गए हैं। बैराज से 5,897 क्यूसेक पानी का नियमित डिस्चार्ज किया जा रहा है।

गौरतलब है कि ओखला बैराज पर अब तक का अधिकतम बाढ़ प्रवाह 3,72,225 क्यूसेक दर्ज किया गया था, जो 15 जुलाई 2023 को रिकॉर्ड हुआ था। उस समय अपस्ट्रीम गेज 200.80 मीटर और डाउनस्ट्रीम गेज 200.75 मीटर था।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Read more

Local News