Join our community of SUBSCRIBERS and be part of the conversation.
To subscribe, simply enter your email address on our website or click the subscribe button below. Don't worry, we respect your privacy and won't spam your inbox. Your information is safe with us.
हरियाणा में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली की प्रगति की समीक्षा, विपुल गोयल ने दिए दिशा-निर्देश
फरीदाबाद। हरियाणा में पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली की प्रगति की समीक्षा हेतु कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आज राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा के साथ चंडीगढ़ में आयोजित की गई। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने प्रणाली के कार्यान्वयन की वर्तमान स्थिति, नागरिक सेवाओं में आई सुगमता तथा तकनीकी सुदृढ़ता पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इस दौरान पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली को और अधिक कुशल, पारदर्शी एवं नागरिक हितैषी बनाने के लिए विभिन्न नवाचारों एवं सुधारात्मक उपायों पर गंभीरता से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान डिजिटलाइजेशन को और अधिक सशक्त करने पारदर्शिता बढ़ाने तथा नागरिकों को त्वरित और सुगम सेवाएं प्रदान करने के लिए कई सुझाव प्रस्तुत किए गए साथ ही कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आधुनिक तकनीक डेटा सुरक्षा और प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली हरियाणा सरकार की एक ऐसी दूरदर्शी पहल है जो समय और संसाधनों की बचत करते हुए रजिस्ट्री प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल सुरक्षित और पारदर्शी बनाती है। यह कदम हरियाणा को एक डिजिटल और विकसित राज्य बनाने की दिशा में एक और सशक्त प्रयास है। हरियाणा सरकार का उद्देश्य है कि हर सेवा डिजिटल माध्यम से लोगों तक पहुंचे यही आधुनिक आत्मनिर्भर और विकसित हरियाणा की परिकल्पना है।
मोबाइल एप्लीकेशन से सीधे दर्ज होंगे आंकड़े, बढ़ेगी सटीकता : ललित जैन
फरीदाबाद । भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन पंजीयक जनरल एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय द्वारा आगामी भारत की जनगणना 2027 की तैयारियों के तहत पूर्व परीक्षण (Pre-Test Census 2027) का कार्य 10 नवम्बर से 30 नवम्बर 2025 तक किया जा रहा है। जिसके तहत आज सेक्टर- 29 हाउसिंग बोर्ड में डिजिटल जनगणना को लेकर पूर्व-परीक्षण जनगणना की ट्रेनिंग कार्यक्रम में भारत सरकार में रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ जनगणना संचालन एवं नागरिक पंजीकरण हरियाणा के निदेशक ललित जैन और उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह भी मौजूद रहे।
जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत व्यापक और राष्ट्रहित से जुड़ा कार्य है। भारत जैसे विशाल देश में लगभग 140 करोड़ लोगों की गणना करना एक ऐतिहासिक एवं प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है। इस प्रक्रिया की सटीकता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए पूर्व परीक्षण किया जा रहा है। यह ‘रिहर्सल’ हमारी प्रणालियों की कमजोरियों को पहचानने और उन्हें सुधारने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी, जिसमें मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से आंकड़े सीधे दर्ज किए जाएंगे। इससे आंकड़ों की गुणवत्ता में सुधार होगा, त्रुटियाँ न्यूनतम होंगी और डेटा प्रोसेसिंग में काफी समय की बचत होगी। यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना होगी। पहले जहां पेपर शेड्यूल के माध्यम से सूचनाएं एकत्रित की जाती थीं, वहीं अब डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के उपयोग से यह प्रक्रिया और अधिक सटीक, तेज़ तथा पारदर्शी बनेगी।
उन्होंने आगे बताया कि जनगणना दो चरणों में संपन्न होगी — पहला हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन, जो अप्रैल 2026 से प्रारंभ होगा, और दूसरा जनसंख्या गणना (Population Enumeration), जो फरवरी 2027 में आयोजित की जाएगी।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े न केवल सरकारी नीतियों की दिशा तय करते हैं, बल्कि यह भी दर्शाते हैं कि योजनाएं कितनी प्रभावशाली रूप से लागू हुई हैं और किन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। अतः हर व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है, क्योंकि जनगणना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक भी व्यक्ति छूटे नहीं।
जनगणना संचालन एवं नागरिक पंजीकरण हरियाणा के निदेशक ललित जैन ने बताया कि बताया कि हरियाणा राज्य के तीन जिलों — फरीदाबाद, हिसार और पंचकूला — में इस समय पूर्व परीक्षण कार्य संचालित किया जा रहा है। यह प्री-टेस्ट आगामी जनगणना की तैयारी के रूप में एक ड्रेस रिहर्सल है, जिसका उद्देश्य वास्तविक जनगणना से पूर्व समस्त व्यवस्थाओं और प्रणालियों का परीक्षण करना है। उन्होंने बताया कि पहली बार डिजिटल जनगणना प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है। अब जनगणना पूरी तरह पेपरलेस होगी, जिसमें मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया के नेतृत्व में विकसित इन एप्लीकेशनों की फील्ड टेस्टिंग हरियाणा के फरीदाबाद, हिसार और पंचकूला जिलों में 30 नवम्बर 2025 तक जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में जिला प्रशासन, नगर निगम फरीदाबाद, अतिरिक्त आयुक्त, एसडीएम और शिक्षा विभाग का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है। स्कूलों से चयनित प्रगणक (Enumerators) और पर्यवेक्षक (Supervisors) इस कार्य में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। वर्तमान में हरियाणा के 124 एन्यूमरेशन ब्लॉक्स में पूर्व परीक्षण चल रहा है, जिनमें 21 सुपरवाइजर्स और 124 एन्यूमरेटर्स नियुक्त हैं, साथ ही 10 आरक्षित कर्मचारी और 4 अतिरिक्त सुपरवाइजर्स भी तैनात किए गए हैं। सभी एन्यूमरेशन ब्लॉक्स की सीमाओं का चिह्नीकरण पूरा कर लिया गया है तथा 15 नवम्बर तक जियो-टैगिंग का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके बाद हाउस लिस्टिंग प्रश्नावली का फील्ड ऑपरेशन प्रारंभ किया जाएगा।
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में पूरे प्री-टेस्ट कार्य को अत्यंत व्यवस्थित और कुशलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक स्तर पर प्राप्त मार्गदर्शन और समस्याओं के त्वरित समाधान से कार्य सुचारू रूप से प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि जैसे पिछले वर्षों में फरीदाबाद जिले ने सभी लोकसभा, विधानसभा और नगर निगम चुनावों को सुचारू रूप से संपन्न कराया, उसी निष्ठा और दक्षता के साथ जनगणना का यह प्री-टेस्ट भी संचालित किया जा रहा है।अब तक प्राप्त फीडबैक अत्यंत सकारात्मक रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी सभी चरणों — चाहे प्रशिक्षण, घर-घर सर्वेक्षण (हाउस लिस्टिंग) या आगे चलकर जनसंख्या गणना (एन्यूमरेशन) — प्रत्येक स्तर पर सभी विभागों का पूर्ण सहयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में भारत सरकार में रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण, जनगणना संचालन एवं नागरिक पंजीकरण हरियाणा के निदेशक ललित जैन और उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने स्वयं सेक्टर – 29 में स्थित घरों में जाकर मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से प्री-टेस्ट जनगणना की ड्रेस रिहर्सल की।
इस अवसर पर नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त डॉ. विजयपाल यादव, एसडीएम फरीदाबाद अमित कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला, ए.डी.सी.ओ कृष्ण कुमार, आर.डब्ल्यू.ए. अध्यक्ष निशा खान सहित अन्य कई अधिकारीगण मौजूद रहे।
फरीदाबाद में विस्फोटक सामग्री पकड़ कर हरियाणा पुलिस ने हासिल की बड़ी सफलता
नई दिल्ली । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आगामी 25 नवंबर को भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी हरियाणा आएंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी कुरुक्षेत्र में आयोजित श्री गुरू तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस और गीता जयंती महोत्सव में शामिल होंगे। इसके साथ-साथ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी करोड़ों रूपये के विकास कार्यों के उद्घाटन भी करेंगे। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यह जानकारी सोमवार को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी से मुलाकात के बाद दिल्ली हरियाणा भवन में मीडिया को दी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री गुरू तेग बहादुर जी का संदेश जन-जन तक पहुंचे, इसके लिए हरियाणा प्रदेश में चार पवित्र यात्राएं चलेंगी। पहली यात्रा सिरसा जिला से शुरू हो चुकी है,दूसरी यात्रा पिंजौर,तीसरी यात्रा यमुनानगर और चौथी यात्रा फरीदाबाद से शुरू होगी। श्री गुरु तेग बहादुर जी के त्याग और बलिदान के इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह पवित्र यात्राएं निकाली जा रही हैं। 24 नवंबर को यह सभी यात्राएं कुरूक्षेत्र पहुचेंगी और 25 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे।
अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में भी प्रधानमंत्री करेंगे शिरकत
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गीता को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया था। आज हमें बेहद खुशी है कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के कार्यक्रम विदेशों में भी बड़े स्तर पर हो रहे हैं। इस महोत्सव में कोई देश और कोई न कोई राज्य पार्टनर के रूप में शामिल होता है और उनके द्वारा अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कांग्रेस के पास कोई विजन नहीं एक सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी के पास कोई विजन नहीं है। कांग्रेस अपने कार्यकाल में किए गए कामों की तुलना करें और बताएं उनके राज में किए गए कामों में कितना अंतर है। ईवीएम और चुनाव आयोग पर आरोप लगाना बेहद गलत है। चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है। उनके पास तथ्य नहीं है, सिर्फ झूठ बोलकर मुद्दों को खड़े करने का काम कर रहे हैं।
फरीदाबाद में हरियाणा पुलिस ने हासिल की बड़ी सफलता
एक सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि फरीदाबाद में हरियाणा पुलिस ने आप्रेशन चलाकर एक बड़ी सफलता हासिल की है। फ़रीदाबाद पुलिस और केंद्र की टीमों को उनकी सतर्कता, समन्वय और त्वरित कार्रवाई के लिए बहुत-बहुत बधाई देता हूँ। उनकी मेहनत, सूझबूझ और सजगता से भारी मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री और हथियार बरामद किए गए हैं, जिससे एक संभावित बड़ी घटना को समय रहते टाल दिया गया। यह सफलता हमारे सुरक्षा तंत्र की मजबूती और पुलिस बल की समर्पित भावना का प्रमाण है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री श्री अमित शाह के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार आतंकवाद, अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस की नीति पर पूरी दृढ़ता से काम कर रही है।
बिहार में एनडीए दोबारा सरकार बनाएगी
एक सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बिहार के लोगों ने एनडीए को मजबूत करने का मन बना लिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में काम किए हैं। आज बिहार में कॉलेज बन रहे हैं, यूनिवर्सिटी बन रही हैं, मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं, अस्पताल बन रहे हैं। बिहार गति से आगे बढ़ रहा है। बिहार के लोग चाहते हैं कि हमें विकास चाहिए। विकास का विजन और नीति सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास है। बिहार के लोगों ने मन बना लिया है कि जब नतीजे आएंगे तो बड़े मैनडेट के साथ एनडीए दोबारा बिहार में सरकार बनाएगी।
फरीदाबाद । मेट्रो हॉस्पिटल, फरीदाबाद ने चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने म्यांमार (बर्मा) के एक वरिष्ठ बौद्ध भिक्षु का संयुक्त यकृत-गुर्दा प्रत्यारोपण (Simultaneous Liver–Kidney Transplant – SLKT) सफलतापूर्वक संपन्न किया। यह जटिल सर्जरी मेट्रो हॉस्पिटल की उन्नत बहु-विषयक देखभाल और अंग प्रत्यारोपण विशेषज्ञता का एक और उदाहरण है।
रोगी हेपेटाइटिस बी के कारण होने वाले क्रॉनिक लिवर डिज़ीज़ और क्रॉनिक किडनी डिज़ीज़ से पीड़ित थे, जो आगे चलकर एंड-स्टेज रीनल फेल्योर में बदल चुकी थी। वे लंबे समय से डायलिसिस पर थे और जब अस्पताल पहुंचे तो अत्यंत गंभीर स्थिति में थे — व्हीलचेयर पर निर्भर, पीलिया, पेट में पानी (Ascites) और थकान जैसी गंभीर समस्याओं से ग्रस्त। विस्तृत मूल्यांकन के बाद विशेषज्ञ टीम ने निष्कर्ष निकाला कि संयुक्त यकृत और गुर्दा प्रत्यारोपण ही उनके जीवन और अंगों की कार्यक्षमता को बहाल करने का एकमात्र उपाय है।
यह जटिल सर्जरी डॉ. शैलेन्द्र लालवानी, डायरेक्टर एवं एचओडी – लिवर ट्रांसप्लांट, एचपीबी एवं जीआई सर्जरी, और डॉ. रितेश मोंघा, डायरेक्टर एवं सीनियर कंसल्टेंट – यूरोलॉजी, किडनी ट्रांसप्लांट एवं रोबोटिक सर्जरी के नेतृत्व में की गई, जबकि एनेस्थीसिया और आईसीयू की देखरेख डॉ. ललित सेहगल, डायरेक्टर एवं एचओडी – जनरल एवं लिवर ट्रांसप्लांट एनेस्थीसिया, लिवर एवं ऑन्कोलॉजी आईसीयू द्वारा की गई।
सटीक योजना, निष्पादन और टीमवर्क लिवर और किडनी टीमों द्वारा संयुक्त रूप से सर्जिकल योजना बनाई गई ताकि सर्वोत्तम परिणाम प्राप्त हो सकें, क्योंकि संयुक्त लिवर-किडनी प्रत्यारोपण एक अत्यंत जटिल प्रक्रिया है। लिवर ट्रांसप्लांट को पहले चरण में किया गया, क्योंकि सर्जरी के दौरान प्रमुख रक्त वाहिकाओं की जटिलता और डिसेक्शन के कारण हेमोडायनामिक अस्थिरता का खतरा अधिक रहता है। इसके बाद उसी सत्र में किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। सर्जरी के दौरान फ्लुइड मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया गया ताकि रोगी को शॉक या फ्लुइड ओवरलोड जैसी किसी भी जटिलता से बचाया जा सके। लिवर, किडनी, एनेस्थीसिया और क्रिटिकल केयर टीमों के बीच बेहतरीन समन्वय ने पूरी प्रक्रिया को सुरक्षित, सटीक और सफल बनाया।
ऑपरेशन के बाद रोगी में दोनों अंगों की तुरंत कार्यक्षमता देखी गई। उन्हें शीघ्र गतिशील किया गया, दो सप्ताह में आईसीयू से बाहर स्थानांतरित किया गया और सर्जरी के 14वें दिन स्वस्थ अवस्था में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई — जो संयुक्त अंग प्रत्यारोपण के मामलों में अत्यंत उल्लेखनीय रिकवरी मानी जाती है।
मेट्रो हॉस्पिटल, फरीदाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस इस उपलब्धि की घोषणा के लिए मेट्रो हॉस्पिटल फरीदाबाद में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ प्रबंधन और विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहे:
डॉ. सना तारिक, वाइस प्रेसिडेंट – मेट्रो हॉस्पिटल फरीदाबाद
डॉ. मंजिंदर भट्टी, डिप्टी मेडिकल डायरेक्टर एवं क्वालिटी हेड
डॉ. शैलेन्द्र लालवानी, डायरेक्टर एवं एचओडी – लिवर ट्रांसप्लांट, एचपीबी एवं जीआई सर्जरी
डॉ. रितेश मोंघा, डायरेक्टर एवं सीनियर कंसल्टेंट – यूरोलॉजी, किडनी ट्रांसप्लांट एवं रोबोटिक सर्जरी
डॉ. ललित सेहगल, डायरेक्टर एवं एचओडी – जनरल एवं लिवर ट्रांसप्लांट एनेस्थीसिया, लिवर एवं ऑन्कोलॉजी आईसीयू
विशेषज्ञों के विचार डॉ. सना तारिक ने कहा, “यह सफल संयुक्त यकृत और गुर्दा प्रत्यारोपण मेट्रो हॉस्पिटल की जटिल सर्जरी करने की बढ़ती क्षमता, सटीकता और करुणा का उदाहरण है। यह हमारी एकीकृत चिकित्सा प्रणाली और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”
डॉ. शैलेन्द्र लालवानी ने बताया, “रोगी गंभीर लिवर और किडनी फेल्योर के साथ हमारे पास आए थे। बहु-विषयक टीम दृष्टिकोण, सटीक सर्जिकल योजना और लिवर-किडनी, एनेस्थीसिया एवं क्रिटिकल केयर टीमों के तालमेल से दोनों प्रत्यारोपण एक ही सत्र में सफलतापूर्वक किए गए।”
डॉ. रितेश मोंघा ने कहा, “एक साथ दो प्रमुख अंगों का प्रत्यारोपण अत्यधिक समन्वय और सर्जिकल सटीकता की मांग करता है। रोगी अत्यंत गंभीर अवस्था में भर्ती हुए थे, लेकिन सर्जरी के बाद उनकी किडनी तुरंत कार्य करने लगी और वे तेजी से स्वस्थ हुए। ऐसे परिणाम बताते हैं कि मेट्रो हॉस्पिटल उन चुनिंदा केंद्रों में से एक है जो इस प्रकार के जटिल संयुक्त अंग प्रत्यारोपण को सफलतापूर्वक कर सकता है।”
डॉ. ललित सेहगल ने कहा कि, “एनेस्थीसिया की सटीकता और पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल ने अंगों की स्थिरता और रोगी की तीव्र रिकवरी में अहम भूमिका निभाई।” यह उपलब्धि मेट्रो हॉस्पिटल, फरीदाबाद की उत्कृष्ट सर्जिकल विशेषज्ञता, उन्नत तकनीक और समर्पित टीमवर्क का प्रमाण है। यह अस्पताल के मिशन को और सशक्त बनाती है — “करुणा, विशेषज्ञता और नवाचार के साथ स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना।”
डीसी विक्रम सिंह ने ‘हिंद की चादर’ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की
फरीदाबाद । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के ओएसडी प्रभलीन सिंह ने आज गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी दिवस पर ‘हिंद की चादर यात्रा को लेकर जिला के गुरुद्वारा प्रबंधक समितियों के साथ यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उनके साथ उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह भी मौजूद रहे।
ओएसडी प्रभलीन सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर 25 नवंबर 2025 को जिला कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लाखों की संख्या में संगत भाग लेगी। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि फरीदाबाद से प्रारंभ होने वाली ‘हिंद की चादर’ तीसरी यात्रा दिनांक 14 नवंबर को सेक्टर-15 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से रवाना होगी। यह यात्रा जिले के विभिन्न गुरुद्वारों से होते हुए गुरुग्राम, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल से गुजरकर कुरुक्षेत्र पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि शोभा यात्रा के साथ-साथ जिलाभर में एक माह तक श्री गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित विविध आयोजन हो रहे है, जिनमें स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों के लिए सेमिनार, क्विज प्रतियोगिताएं, चित्रकला प्रतियोगिताएं, निबंध लेखन, संगोष्ठियों के साथ – साथ रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
डीसी विक्रम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में निकाली जाने वाली यात्रा के दौरान सफाई व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का समुचित प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। यात्रा के दौरान सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा एवं यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में एडीसी सतबीर मान, सीईओ जिला परिषद शिखा, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद सेक्टर-14 मुख्य द्वार का किया उद्घाटन, ₹1.56 करोड़ की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास
फरीदाबाद । फरीदाबाद के सर्वांगीण विकास यात्रा को निरंतर गति देते हुए हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने आज सेक्टर-14 स्थित मुख्य द्वार का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने सेक्टर-86, साईं कॉम्प्लेक्स, ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र में सीवर, टाइल्स एवं सड़क निर्माण से संबंधित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन कार्यों पर कुल ₹1 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत आएगी।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इन विकास कार्यों से स्थानीय निवासियों को बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार प्राप्त होगा और क्षेत्र में आवागमन तथा स्वच्छता व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से विकास को आगे बढ़ाना है, ताकि हर नागरिक को बेहतर बुनियादी सुविधाएं प्राप्त हों।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि फरीदाबाद को आधुनिक, स्वच्छ और सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं। उन्होंने जानकारी दी कि नागरिक सुरक्षा और निगरानी प्रणाली को सुदृढ़ करने के लिए सेक्टर-17 में 92 हाई डेफिनिशन कैमरे स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों से न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी बल्कि यातायात प्रबंधन एवं अपराध नियंत्रण में भी सहायता प्राप्त होगी। उन्होंने कहा, “विकास हमारा संकल्प है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार एक जनकल्याणकारी, पारदर्शी और उत्तरदायी शासन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस जनता की आवश्यकताओं को समझते हुए योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने पर है, ताकि विकास का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचे। श्री गोयल ने बताया कि शहर में स्वच्छता, सीवर लाइनिंग, जल निकासी, सड़क चौड़ीकरण एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर अनेक परियोजनाएं प्रगति पर हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से संवाद करते हुए कहा कि फरीदाबाद का विकास सबके सहयोग से ही संभव है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की तरक्की के लिए जनता और प्रशासन दोनों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए वे व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं।
कार्यक्रम में सेक्टर 14 आरडब्ल्यूए प्रेसिडेंट दलीप वर्मा, चेयरमैन अशोक जतवानी, चीफ एडवाइजर वीरेंद्र चहल, शम्मी कपूर, साईं कॉम्प्लेक्स सोसाइटी आरडब्ल्यूए प्रेसिडेंट प्रवीन भाटी, वॉइस प्रेसिडेंट वेद राठी, जय भगवान भारद्वाज, राजेंद्र शर्मा, दिनेश शर्मा, सुमित चौधरी, आचार्य एल के मिश्रा तथा अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने नए लाईट पोल, नई टाईल्स व रैन वाटर डिस्पोजल पाईप लाईन का किया लोकार्पण
फरीदाबाद। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने रविवार को सेक्टर 11D छोटू राम पार्क, सैक्टर 1,9, 10, 11 और सैक्टर 4R में नए लाईट पोल, नई टाईल्स व रैन वाटर डिस्पोजल पाईप लाईन का लोकार्पण किया।
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह पहल फरीदाबाद को और अधिक सुरक्षित सुसज्जित एवं आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नवनिर्मित प्रकाश व्यवस्था से क्षेत्र के नागरिकों को न केवल बेहतर सुविधा प्राप्त होगी बल्कि यह पहल शहर में सुरक्षा, सुव्यवस्था और स्वच्छता को भी सुदृढ़ बनाएगी।
मंत्री श्री विपुल गोयल ने इस अवसर पर कहा कि, विकसित फरीदाबाद का संकल्प अब सिद्धि की ओर अग्रसर है विकसित फरीदाबाद का यह प्रकाश केवल मार्गों को नहीं, बल्कि जन जीवन को भी आलोकित करेगा। भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक विकास की किरण पहुँचाना है।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों मंदिर समिति तथा सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग से ही विकास की हर योजना सार्थक बनती है।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, मंदिर समिति के सदस्य स्थानीय प्रतिनिधि एवं जनता बड़ी संख्या में उपस्थित रही।सभी ने इस जनहितैषी पहल का स्वागत किया और मंत्री श्री विपुल गोयल के प्रति आभार व्यक्त किया। यह आयोजन फरीदाबाद की निरंतर प्रगति उजियारे और जनसेवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
फरीदाबाद। गुर्जर समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर तथा विविध परंपराओं को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने हेतु गुर्जर संगम मेला का आयोजन 25 से 28 दिसम्बर 2025 तक फरीदाबाद के सूरजकुंड मेला ग्राउंड में किया जाएगा तथा पहली बार गुर्जर संस्कृति को एक नए रूप और नई सोच के साथ प्रदर्शित किया जाएगा जो कभी पहले नही दिखाई गई।
यह चार दिवसीय आयोजन समाज के अतीत, वर्तमान और भावी सांस्कृतिक आयामों को अभिव्यक्त करने के साथ-साथ शैक्षिक, कला, क्रीड़ा तथा सामुदायिक उन्नयन से संबंधित विविध विषयों पर प्रकाश डालेगा ताकि हमारी युवा पीढ़ी प्रेरणा ले सके। देश-विदेश से गुर्जर समाज की प्रतिष्ठित हस्तियाँ इस आयोजन में सहभागिता करेंगी। गुर्जर संगम में हिंदू, मुस्लिम, सिख और जैन गुर्जर एकता को दर्शाते हुए उनकी संस्कृति और जीवन शैलियों को भी राष्ट्रीय पटल पर दर्शाया जाएगा।
इसी संदर्भ में 9 नवम्बर 2025 को गुर्जर भवन, फरीदाबाद में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें समाज के सम्मानित प्रतिनिधि मंडल तथा प्रबुद्ध एवं वरिष्ठ सदस्यों ने मेले की विस्तृत रूपरेखा, कार्यक्रम संरचना तथा प्रतिदिन आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी साझा की। ज्ञात हो की यह मेला किसी एक व्यक्ति के द्वारा आयोजित ना होकर गुर्जर समाज के विभिन्न संगठनों और गुर्जर बिरादरी के प्रभुद्द वर्ग के द्वारा आयोजित किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में प्रमुख वक्ताओं में गजेन्द्र , एडवोकेट सुनील बैसला, धर्मवीर भड़ाना, सुनीता खटाना, डॉ. विकास कुमार (दिल्ली विश्वविद्यालय), गौरव नागर, ओमप्रकाश भड़ाना, अमित बैसला (गुर्जर स्पोर्ट्स), अमन बिधूड़ी, एडवोकेट आनन्द गुर्जर, मनोज , एडवोकेट कन्हैया लाल, अमित आर्य, आजाद बैंसला सहित वीर गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग चौधरी उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने बताया कि गुर्जर संस्कृति भारत के लगभग 18 राज्यों में व्यापक रूप से विद्यमान है, साथ ही मध्य एशिया, पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान तक इसकी ऐतिहासिक उपस्थिति दर्ज की जाती है। समुदाय के लोग हिन्दू, मुस्लिम, सिख आदि विभिन्न आस्थाओं से जुड़े होने के बावजूद साझा सांस्कृतिक धारा का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसी बहुलतावादी एकता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह संगम न केवल समाज की आंतरिक एकजुटता को रेखांकित करेगा, बल्कि व्यापक राष्ट्रीय सद्भावना को भी सशक्त बनाएगा।
एनआईटी 86 विधानसभा में चहुँमुखी विकास कार्य हो रहे हैं – सतीश फागना
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने नंगला एन्क्लेव में 13 करोड़ 20 लाख की विकास परियोजना के निर्माण कार्य का किया उदघाटन
फरीदाबाद । भारत सरकार के केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने आज नगला एन्क्लेव पार्ट-2, वार्ड नंबर 7, NIT फरीदाबाद में 13 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से सीवर लाइन, पानी की लाइन, नाले और आरएमसी रोड निर्माण कार्य का उद्घाटन किया तथा 1.17 करोड़ का शिलान्यास किया। शिलान्यास विधिवत तरीके से बुजुर्गों द्वारा नारियल फोड़कर परंपरागत तरीके से किया गया। इस अवसर पर विधायक सतीश फागना भी मौजूद रहे।
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता जनता को बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराना है और नगला एन्क्लेव में यह कार्य उसी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के उद्देश्य से फरीदाबाद वासियों के लिए एक और बड़ी सौगात की घोषणा की गई है। केंद्रीय नेतृत्व के निर्णय के अनुसार दिल्ली एयरपोर्ट को गुड़गांव, फरीदाबाद और जेवर एयरपोर्ट से जोड़ने वाली नई रेपिड मेट्रो परियोजना को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना का कार्य वर्ष 2026 में प्रारंभ किया जाएगा। इस परियोजना के अंतर्गत मेट्रो लाइन फरीदाबाद होते हुए नोएडा तक और आगे सीधे जेवर एयरपोर्ट तक जाएगी, जबकि दूसरी दिशा में गुड़गांव से होते हुए दिल्ली एयरपोर्ट को जोड़ेगी। यह कनेक्टिविटी न केवल दिल्ली–एनसीआर क्षेत्र के नागरिकों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी, बल्कि फरीदाबाद को राष्ट्रीय परिवहन नेटवर्क में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करेगी। फरीदाबाद के लिए “बहुत बड़ी सौगात” है, क्योंकि इस परियोजना से शहर को हाईवे, रेलवे और मेट्रो — तीनों माध्यमों से सुदृढ़ परिवहन संपर्क प्राप्त होगा। इसके साथ ही, बल्लभगढ़ से पलवल तक नई मेट्रो विस्तार परियोजना भी तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे दक्षिण हरियाणा का विकास और तेज होगा।
राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व विकास गति प्राप्त की है और यह नई मेट्रो परियोजना उस निरंतर प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की सरकार के 10 वर्षों में मात्र 10 किलोमीटर मेट्रो का विस्तार हुआ था, जबकि भाजपा सरकार के नेतृत्व में अब सैकड़ों किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क का विस्तार किया जा रहा है, जो दिल्ली, गुड़गांव, फरीदाबाद और जेवर एयरपोर्ट तक विस्तृत होगा। उन्होंने कहा कि पासपोर्ट ऑफिस के लिए दिल्ली जाने की बजाय अब पासपोर्ट ऑफिस फरीदाबाद में ही उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि बिजली विभाग के कार्यकाल के दौरान फरीदाबाद के लिए 2800 करोड़ रुपये की स्वीकृति दिलाई गई थी, जिसके तहत आने वाले दो वर्षों में पूरे शहर की बिजली लाइनों को अंडरग्राउंड किया जाएगा। इससे आंधी-तूफान और बरसात के दौरान बिजली बाधित नहीं होगी और सड़कों से पोल भी हट जाएंगे।
विधायक सतीश फागना ने कहा कि एनआईटी 86 विधानसभा में चहुँमुखी विकास कार्य हो रहे हैं। सड़क, सीवर, जलापूर्ति, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन के क्षेत्र में जो कार्य बीते वर्षों में हुए हैं, वे क्षेत्र की दिशा और दशा बदलने वाले सिद्ध हुए हैं और आगे भी होते रहेंगे। उन्होंने क्षेत्र की जनता से उन्हें चुन कर विधायक बना कर भेजने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमने अपने क्षेत्र में बिना किसी भेद भाव के काम किये गए हैं।
इस अवसर पर पार्षद सविता सुरेंदर भड़ाना सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।
प्रदेश में कही आर्थोपेडिक सर्जन नहीं, कही बवासीर, हार्निया के आपेरशन की सुविधा भी नहीं
चंडीगढ़ । अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा सरकार की स्वास्थ्य नीतियों पर गंभीर प्रश्न उठाते हुए कहा है कि सरकार की उपेक्षा और अव्यवस्थित प्रणाली के कारण गरीब वर्ग विशेष रूप से ग्रीन कार्ड धारक तथा आयुष्मान भारत योजना से जुड़े मरीज भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण आमजन को घंटों कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है, जबकि उन्हें नि:शुल्क और सहज स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए थीं। सरकारी अस्पतालों में कही आर्थोपेडिक सर्जन नहीं है तो कही पर बबासीर, हार्निया और अपेंडिक्स के आपेरशन की सुविधा तक नहीं है।
मीडिया को जारी बयान में कुमारी सैलजा ने कहा कि सरकार ने खर्च घटाने और नीतिगत सुधार के नाम पर जो कदम उठाए हैं, वे वास्तव में गरीब और मध्यम वर्ग की पीड़ा बढ़ाने वाले साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिरसा सहित राज्य के अधिकांश जिला अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद खाली पड़े हैं, अनेक विभागों में तकनीशियन नहीं हैं, और आवश्यक उपकरण या तो अनुपलब्ध हैं या खराब अवस्था में पड़े हैं। स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती हैं, लेकिन मौजूदा सरकार ने इसे पूरी तरह उपेक्षित कर दिया है। गरीब मरीज अपने अधिकार के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं।
सांसद ने कहा कि आयुष्मान योजना का मूल उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को निशुल्क उपचार प्रदान करना था, लेकिन वर्तमान स्थिति में यह योजना अपने मकसद से भटक चुकी है। उन्होंने कहा कि कई अस्पताल इस योजना के तहत मरीजों का इलाज करने से कतराते हैं, जबकि सरकार की ओर से उनके बकाया भुगतान का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं किया गया।
सांसद कुमारी सैलजा ने सरकार से मांग की कि सभी सिविल अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति, आवश्यक मशीनों की उपलब्धता, और जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक तुरंत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि जिला अस्पतालों में एक अलग ग्रीन हेल्प डेस्क बनाई जाए, जहां आयुष्मान और ग्रीन कार्ड धारक मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर पर्ची, परामर्श और उपचार की सुविधा दी जा सके। कुमारी सैलजा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को विधानसभा से लेकर सड़को तक उठाएगी। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं बल्कि जनहित के लिए लड़ी जाएगी। जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस जनता के साथ खड़ी है और गरीबों को उनका हक दिलाकर रहेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर गरीब मरीजों से हो रहा है मजाक
सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश में एक करोड़ 30 लाख गरीब लोग आयुष्मान और चिरायु योजना के दायरे में आते हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार ने अनेक रोगों के उपचार को प्राइवेट अस्पतालों की सूची से हटाते हुए कहा है कि इन रोगों का उपचार और आपेरशन की सुविधा सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध करवाई जाएगी। सरकार को सबसे पहले सरकारी अस्पताल में सभी प्रबंंध करने के बाद ही प्राइवेट अस्पतालों की सूची से रोगों को हटाना चाहिए था पर एक ओर सूची से रोगों का उपचार और आपरेशन बंद कर दिए तो दूसरी ओर सरकारी अस्पतालों में सुविधा नहीं है। कूल्हें और घुटने बदलने की सुविधा बहुत कम अस्पतालों में है, कहा आर्थोपेडिक सर्जन है को ट्रांसप्लांट की सुविधा नहीं है, इतना ही नहीं अनेक सरकार अस्पताल तो ऐसे है जहां पर बबासीर, हार्नियां और अपेंडिक्स के आपरेशन तक की सुविधा नहीं है।