back to top
Thursday, February 26, 2026
Home Blog Page 37

गुरु को संपूर्ण रूप में स्वीकार करें – स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य

0
DEKHO NCR
– वैकुंठवासी स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज की पुण्यतिथि पर चिकित्सा जांच शिविर आयोजित

फरीदाबाद, 22 मई (रूपेश कुमार )। सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम के संस्थापक वैकुंठवासी स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर विशाल चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मोतियाबिंद की जांच और निशुल्क ऑपरेशन के लिए भी लोगों का चयन हुआ।

fbd%207

इस अवसर पर वर्तमान आचार्य जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने कहा कि गुरु को अपने जीवन में संपूर्ण रूप में स्वीकार करें। उनकी शिक्षाओं को आधी अधूरी ग्रहण न करें क्योंकि आदि अधूरी शिक्षाएं नुकसान ही करती हैं। उन्होंने कहा कि सदगुरु वह नौका है जिसमें बैठकर हम वैतरणी पार कर सकते हैं साथ ही संसार के सभी संकटों से भी बच सकते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु का सानिध्य हमें बल बुद्धि संबल प्रदान करता है जिससे हमारे जीवन में सकारात्मकता और स्थायित्व आता है लेकिन इसके लिए हमें गुरु के प्रति अपने भाव को अटूट बनाना चाहिए।
इस अवसर पर फरीदाबाद की मेयर प्रवीण जोशी ने कहा कि उनका आश्रम और गुरु महाराज से जुड़ाव 30 साल पुराना है जब वह अपने ससुर जी के साथ यहां आया करती थी और अब फरीदाबाद आने के बाद उनका यहां निरंतर आना रहता है। यहां सब की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। वहीं एनआईटी से विधायक सतीश फ़ागना ने कहा कि वह और उनका पूरा परिवार आश्रम का सेवक है। वह यहां के दीक्षित शिष्य हैं। उनके जीवन में जो कुछ भी पाया है वह श्री गुरु महाराज के आशीर्वाद से ही पाया है। आज के शिविर में पार्क अस्पताल, भाटिया सेवक समाज चैरिटेबल अस्पताल, मानव रचना डेंटल कॉलेज और यूनिपैथ लैब डायग्नोस्टिक के साथ-साथ आश्रम के सेवाभावी चिकित्सकों ने भी सेवा की।
fbd%208

इस अवसर पर युवराज स्वामी अनिरुद्धाचार्य महाराज ने सभी सेवा करने वाले चिकित्सकों एवं सहयोगियों को सम्मानित किया और भविष्य में भी सेवा करने के लिए प्रोत्साहित किया।
शिविर में कुल 867 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई वहीं 33 लोगों में जांच के दौरान मोतियाबिंद पाया गया जिनका निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा।

फैक्ट्री प्लांट हेड का तोड़ा था पैर, थाना मुजेसर की टीम ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

0
DEKHO NCR

फरीदाबाद, 22 मई (रूपेश कुमार )। पुलिस थाना मुजेसर में महेश चंद वासी गाजीपुर, नंगला रोड, फरीदाबाद ने दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वह एक फैक्ट्री में प्लांट हेड के तौर पर काम करता है तथा उसी फैक्ट्री में आकाश नाम का ड्राइवर भी काम करता था, जो शराब पीकर गाड़ी चलाता था और फैक्ट्री के अन्य कर्मचारियों के साथ लड़ाई झगड़ा भी करता था। जिसके कारण उसे नौकरी से निकाल दिया था। 16 मई की रात को जब शिकायतकर्ता घर जा रहा था तभी आकाश और उसके तीन साथियों ने उसको रास्ते में रोक कर मार पिटाई की, जिसमें उसका पैर टूट गया तथा वह घायल हो गया। । जिस संबंध में पुलिस थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

fbd%206

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस थाना मुजेसर की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आकाश, प्रदीप व विकास वासी गाँव नवादा, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आकाश ने अपनी गाड़ी अनुबंधन पर फैक्ट्री में लगा रखी थी। उसके गलत व्यवहार और काम के समय शराब पीने की आदत को देखते हुए फैक्ट्री के प्लांट हेड ने उसकी गाड़ी का अनुबंध खत्म कर दिया। जिसकी रंजिश रखते हुए आरोपी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर फैक्ट्री के प्लांट हेड को पिटने की योजना बनाई और 16 मई को अपने साथियों के साथ मिलकर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की व उसका पैर तोड़ दिया।
आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर नियमानुसार कार्रवाई की गई

साइबर थाना एनआईटी की टीम ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार

0
DEKHO NCR
– डिजिटल अरेस्ट कर 77 लाख की ठगी

फरीदाबाद, 22 मई (रूपेश कुमार ) साइबर थाना NIT में सेक्टर 21C निवासी एक व्यक्ति ने दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पास एक अंजान नम्बर से व्हाट्सप कॉल आया। जिन्होंने अपने आप को मुंबई क्राईम ब्रांच से बताया और कहा कि आपके आधार कार्ड का प्रयोग करके आपके नाम से केनरा बैंक में अकाउंट खुलवा कर उस अकाउंट में जेट एयरवेज के मालिक के साथ धोखाधड़ी का पैसा डलवाया है। इस धोखाधड़ी में आपका नाम केस में आया हुआ है और यदि तुम इस केस में से अपना नाम कटवाकर, केस का निपटारा करना चाहते हो तो हमारे बताये अनुसार बैंक खाता में पैसा डाल दिजिए। जिसके बाद ठगों ने उसे गिरफ्तारी का डर दिखा कर 77,00,000  रूपये ऐंठ लिये। जिस शिकायत पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

fbd%205

पुलिस प्रवक्ता ने मामले में जानकारी देते हुए बताया कि साइबर थाना NIT ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी विशाल, अंकित, प्रेमपाल, दुष्यंत व प्रशांत वासी मेरठ को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी ठगों के लिए खाता उपलब्ध करवाते थे। अंकित व प्रशांत स्पोर्ट्स का सामान बेचने का काम करते है वही प्रेमपाल दवा सप्लाई का काम करता है तथा विशाल व दुष्यंत बेरोजगार है।
आगामी पूछताछ के लिए आरोपियों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

फरीदाबाद में फिर चला डीटीपी का “पीला पंजा” अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी

0
DEKHO NCR

फरीदाबाद, 22 मई (रूपेश कुमार ) फरीदाबाद में डीटीपी ( एनफोर्समेंट ) विभाग ने आज लगातार दूसरे दिन भी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अपनी अथक कार्रवाई जारी रखी। फरीदपुर क्षेत्र में एक बड़े अभियान को अंजाम दिया गया, जो पूरे शहर में अनाधिकृत विकास के खिलाफ विभाग के कड़े रुख को दर्शाता है। 

fbd%204

व्यापक तोडफ़ोड़ अभियान ने 4 एकड़ कृषि भूमि पर विकसित की जा रही एक अवैध फार्महाउस कॉलोनी को निशाना बनाया विभाग को सूचना मिली थी कि फरीदपुर में अवैध तरीके से छोटे छोटे हिस्सों मे फार्म हाउस की प्लॉटिंग की जा रही है। जिसपर डीटीपी एनफ़ोर्समेंट विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से निर्मित 6 फार्महाउस, चारदीवारी, सडक़ नेटवर्क और बिजली के खंभों को सफलतापूर्वक ध्वस्त कर दिया।यह कार्रवाई डीटीपी एनफोर्समेंट अधिकारी राहुल सिंगला के सीधे मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के लिए एटीपी सचिन चौधरी, जेई नसीम अहमद, जेई अमित कुमार, जेई रहमान, जेई सचिन, सलीम, कपिल, देवेंद्र, लोकेश और संदीप सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।यह नवीनतम कार्रवाई कल भूपानी में एक समान बड़े पैमाने पर विध्वंस के बाद हुई है, जहां एक अनाधिकृत कॉलोनी के 25 एकड़ में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया था। लगातार दो दिनों की ये कार्रवाइयां अवैध विकास को रोकने के लिए डीटीपी एनफ़ोर्समेंट विभाग की अटूट प्रतिबद्धता और किसी भी रिपोर्ट किए गए उल्लंघन पर उसकी त्वरित प्रतिक्रिया को रेखांकित करती हैं।डीटीपी अधिकारी राहुल सिंगला ने जनता को कड़ी चेतावनी दोहराई है, जिसमें उन्होंने अनाधिकृत क्षेत्रों में सस्ती जमीन के वादों से भोले-भाले खरीदारों को लुभाने वाले डीलरों से सावधान रहने की सलाह दी है। राहुल सिंगला ने समझाया, “ये बेईमान डीलर कम कीमतों पर प्लॉट बेचते हैं, और जब विभाग कार्रवाई करता है, तभी निर्दोष लोगों को पता चलता है कि उन्होंने एक अवैध कॉलोनी के भीतर जमीन खरीदी है या उस पर निर्माण किया है।” उन्होंने 7ए एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) के महत्व पर भी जोर दिया, जिसे सरकार ने ऐसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए अनिवार्य कर दिया है। यह एनओसी कृषि भूमि के टुकड़ों के पंजीकरण को रोकता है, जिससे ऐसी अनाधिकृत कॉलोनियों के निर्माण पर रोक लगती है।सिंगला ने पुष्टि की कि अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों और उनमें बन रहे निर्माण के खिलाफ विभाग की कार्रवाई फरीदाबाद में आने वाले दिनों मे लगातार जारी रहेगी।

जिला में अवैध खनन करने वालो पर करें सख्त कार्यवाही: एडीसी साहिल गुप्ता

0
DEKHO NCR
– बैठक में एडीसी ने दिए निर्देश, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें निरन्तर पेट्रोलिंग कर पुख्ता निगरानी करें

फरीदाबाद, 22 मई (रूपेश कुमार )। हरियाणा सरकार अवैध खनन के खिलाफ कड़े कदम उठा रही है। प्रदेश सरकार का मुख्य लक्ष्य खनन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाना और अवैध खनन को जड़ से खत्म करना है। एडीसी साहिल गुप्ता ने वीरवार को जिला स्तरीय खनन टास्क फ़ोर्स की बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित अधिकारियों को यह दिशा-निर्देश दिए।

fbd%203

एडीसी साहिल गुप्ता ने जिला में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई करने बारे अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर सीसीटीवी कैमरा के माध्यम से भी निगरानी करें और अवैध खनन करने वालों की शिकायतों और सूचनाओं पर त्वरित कार्यवाही अमल में लाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही अवैध रूप से ओवरलोडिंग को लेकर भी सख्ती से पेश आकर चालान करना सुनिश्चित करें। जिला में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सम्बंधित क्षेत्र के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सख्ती से पेश आकर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्यवाही अमल में लाना सुनिश्चित करें।

एडीसी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने अपने इलाकों में अरावली, यमुना नदी तटीय और मैदानी क्षेत्रों में अवैध खनन गतिविधियों को लेकर पूर्णतः सतर्कता बरते। बैठक में जिला खनन अधिकारी कमलेश बिधलान, आरटीओ सचिव मुनीश सहगल, एसीपी क्राइम अमन यादव, प्रदूषण नियंत्रण व वन विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान हमारी प्राथमिकता : डीसी विक्रम सिंह

0
DEKHO NCR
– समाधान शिविर में डीसी विक्रम सिंह ने सुनी जनता की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

फरीदाबाद, 22 मई (रूपेश कुमार )। हरियाणा सरकार की पहल पर प्रदेशभर में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर अभियान के तहत वीरवार को फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर की अध्यक्षता उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने की। सप्ताह में दो दिन लगने वाले समाधान शिविर में हर वर्ग के व्यक्ति अपनी अपनी समस्याओं को लेकर आ रहे हैं जिनका समय से निदान भी कर दिया जाता है।

fbd%202

जिला प्रशासन द्वारा आयोजित समाधान शिविर में डीसी विक्रम सिंह ने जनता से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। यह शिविर मुख्यमंत्री की “जन-सेवा, समर्पण और समाधान” की सोच को जमीन पर उतारने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे है। शिविर में जिले के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और अपने-अपने मुद्दों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। डीसी विक्रम सिंह ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में एक-एक नागरिक की बात गंभीरता से सुनी और मौके पर ही कई मामलों में समाधान की दिशा में कदम उठाए। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों से कहा कि वे प्रत्येक समस्या का गंभीरता से संज्ञान लें और त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

डीसी ने कहा कि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। समाधान शिविर का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच प्रत्यक्ष संवाद को सशक्त बनाना है, ताकि शिकायतों का निस्तारण तेज़ी से किया जा सके। शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, और सामाजिक कल्याण से संबंधित मुद्दों पर चर्चा की गई। समाधान शिविर में प्रमुख तौर से प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, जमीन का पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड आदि शिकायतें शामिल हैं। इसके निवारण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारी व टीम शिविर में तुरंत समाधान करने का प्रयास कर रही हैं।

समाधान शिविर में सीटीएम अंकित कुमार, एसीपी विनोद कुमार सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

बरसात से पहले हो सभी नालों, ड्रेनों, सीवरेज की सफाई, प्रशासन की सक्रिय तैयारी शुरू : डीसी विक्रम सिंह

0
DEKHO NCR
– स्थानीय नालों की सफाई के समय जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद, देंगे काम का फीडबैक
– बरसात में डिस्पोजल पर नजर रखेंगे एमसीएफ अधिकारी
– पार्षदों के साथ साझा होगा नालों की सफाई का एक्शन प्लान

फरीदाबाद, 22 मई (रूपेश कुमार )। फरीदाबाद में मानसून से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक कर जरुरी दिशा-निर्देश दिए। पार्षद सरपंच और निगम मेयर ने जरुरी सुझाव व समस्याओं पर चर्चा की। उपायुक्त विक्रम सिंह ने कहा कि सभी संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करने में लगे हैं कि किसी भी राष्ट्रीय राजमार्ग समेत शहर के बाकी हिस्सों में बरसाती पानी जमा न हो। यह जानकारी देते हुए उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने आज वीरवार को नगर निगम, एफएमडीए, एनएचएआई, पीडब्ल्यूडी, पार्षदों और सरपंचों के साथ एक संयुक्त बैठक की अध्यक्षता कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर मेयर प्रवीण जोशी भी उपस्थित रही।

fbd%201

पार्षदों के साथ साझा होगा नालों की सफाई का एक्शन प्लान
मेयर प्रवीण जोशी ने सभी पार्षदों और सरपंचो से कहा कि आपके क्षेत्रों में जहां भी नालों पर अतिक्रमण है प्रशासन के साथ मिलकर उसको हटवाएं और किसी भी जगह नया अतिक्रमण न होने दे। शहर को स्वच्छ बनाने में सभी अपना योगदान दे। इसके लिए एफएमडीए और नगर निगम की ओर से तैयार किया गया एक्शन प्लान जगह वार पहले ही पार्षदों के साथ साझा कर दिया जायेगा। पार्षद प्लान के मुताबिक अपनी मोजुदगी व जरुरी सुझाव विभाग को मुहैया करा सकते है।

उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बरसात के पहले सभी नालों, ड्रेनों एवं सीवरेज की सफाई पूरी कर ली जाए। उन्होंने सभी नगर निकाय, जल आपूर्ति, शहरी विकास और लोक निर्माण विभाग आपसी समन्वय से काम करें और सभी नालों और सीवरेज लाइनों की सफाई का कार्य समय रहते पूरा कर लें। उन्होंने सभी मुख्य नालों की डी-सिल्टिंग (गाद निकालने) का कार्य की मौजूदा स्थिति का आकलन किया। इसमें अब तक हुए कार्य व टेंडरिंग प्रक्रिया के साथ साथ डिस्पोजल क्षमता बढ़ाने के साथ साथ पर बैकअप के लिए पावर सप्लाई की हॉट लाइन व जेनसेट संबंधी कार्यो का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जहां भी नालों की सफाई का कार्य चल रहा है, वहां पूरी सतर्कता बरती जाए और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने कहा कि नालों के दोनों किनारों पर बैरीगेटिंग करना सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके। नालों की गहराई और चौड़ाई को देखते हुए बैरीगेटिंग की मजबूती और ऊंचाई तय की जाए, जिससे वहां से गुजरने वाले राहगीरों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बरसात में डिस्पोजल पर नजर रखेंगे एमसीएफ अधिकारी
उपायुक्त विक्रम सिंह ने कहा कि बरसात के समय सभी डिस्पोजल पर एमसीएफ के अधिकारी नजर रखेंगे। इसमें जेनसेट व मोटर की सुचारू व्यवस्था के अलावा पावर सप्लाई की स्थिति की जानकारी सुनिश्चित करें। इससे समय रहते व्यवस्था में सुधार हो सकेगा। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपने स्तर पर व्यवस्था पर नजर रखेंगे तो कार्य में कोताही व परेशानी की संभावनाओं को कम करने में मदद मिलेगी। इस तरह जन हित को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा सकेगा।

बैठक के दौरान सम्बंधित विभागीय अधिकारियों ने बताया कि नालों की मरम्मत और ड्रेनों को सुचारू रूप से चालू कराने का कार्य शुरू कर दिया गया है। कई जगहों पर पोकलेन, जेसीबी और सक्शन मशीनों की सहायता से सफाई कार्य जारी है।

स्थानीय नालों की सफाई के समय जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद, देंगे काम का फीडबैक
उपायुक्त विक्रम सिंह ने कहा कि शहर में चल रहे नाले एवं ड्रेनों की सफाई कार्य के दौरान संबंधित क्षेत्र के पार्षद अनिवार्य रूप से मौके पर उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि सफाई कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जनप्रतिनिधियों की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। सफाई के दौरान उपस्थित रहकर पार्षद न केवल कार्य की निगरानी करें, बल्कि यदि कोई समस्या या अव्यवस्था हो तो उसकी जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें, ताकि त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जहां भी नालों पर अतिक्रमण पाया जाए, उसे तत्काल प्रभाव से हटवाया जाए। यह जिम्मेदारी संबंधित क्षेत्र के पार्षदों व पंचायत प्रतिनिधियों की भी है कि वे ऐसे मामलों में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटवाने के साथ-साथ ग्रामीणों को जागरूक भी किया जाए कि वे दोबारा नालों पर कोई निर्माण कार्य न करें।

मेयर व उपायुक्त ने की संयुक्त अपील स्वच्छ फरीदाबाद मुहिम में करे सहयोग
मेयर प्रवीण जोशी व उपायुक्त विक्रम सिंह ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे नालियों में पॉलीथिन में भरकर कूड़ा-कचरा न डालें और अपने आसपास सफाई बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जब तक जन भागीदारी नहीं होगी, तब तक यह प्रयास अधूरा रहेगा। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों नगर निगम को निर्देश दिया है कि वह पॉलीथिन के खिलाफ आमजन को जागरूक करे।

बैठक में एडिशनल नगर निगम कमिश्नर सलोनी शर्मा, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद शिखा, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, नवनिर्वाचित पार्षदगण, सरपंच सहित अन्य कई संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

पश्चिमी कमान के सेना कमांडर ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से की मुलाकात

0
DEKHO NCR
मुख्यमंत्री ने “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान  भारतीय सेना के प्रदर्शन की करी सराहना, सेना कमांडर ने ऑपरेशन के दौरान नागरिक-सैन्य सहयोग के लिए प्रदेश सरकार का जताया आभार
पुलिस विभाग में कांस्टेबल के 20 प्रतिशत पद अग्निवीरों के लिए आरक्षित –  नायब सैनी

चंडीगढ़, 20 मई (रूपेश कुमार )। पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ लेफ्टिनेंट जनरल मनोज कुमार कटियार ने मंगलवार को यहां हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की।

 

main%203


इस दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्र की अखंडता की रक्षा में “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान भारतीय सेना, विशेष रूप से पश्चिमी कमान के अनुकरणीय प्रदर्शन की सराहना की। सेना कमांडर ने भी ऑपरेशन सिंदूर के दौरान नागरिक-सैन्य सहयोग के सभी पहलुओं में प्रदेश सरकार द्वारा अटूट समर्थन के लिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी और राज्य प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
 
बैठक में सेना कमांडर ने अग्निवीरों के सेवा-पश्चात रोजगार का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने उन्हें अवगत कराया कि हरियाणा राज्य मंत्रिमंडल ने पुलिस विभाग में पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती में अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण के प्रावधान को स्वीकृति प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जिसने सैन्य सेवा के बाद अग्निवीरों के लिए नौकरी के अवसर सुनिश्चित करके उनके भविष्य को सुरक्षित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अग्निवीरों की सहायता और उनके कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा कई अन्य महत्वपूर्ण निर्णय भी लिए गए हैं।
 
बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री ने उन चुनिंदा क्षेत्रों में सेना कैंटीन खोलने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला, जो आवश्यक मानदंडों और नियमों को पूरा करते हैं। सेना कमांडर ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस मामले पर जल्द ही विचार कर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
बैठक में सेना कमांडर ने सेना कर्मियों की महत्वपूर्ण आवास आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए सेना कल्याण आवास संगठन को भूमि आवंटित करने का भी आग्रह किया।
 
बैठक के दौरान कई अन्य मामलों पर भी चर्चा की गई, जिनमें भूतपूर्व सैनिकों का कल्याण, शहीदों के लिए अनुग्रह राशि का प्रावधान, भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए नौकरी में आरक्षण कोटे का सख्त क्रियान्वयन आदि शामिल हैं।  साथ ही सैनिक और अर्ध सैनिक कल्याण विभाग में कर्मचारियों की कमी को दूर करने की आवश्यकता पर भी चर्चा की गई ताकि इसका कुशल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

सिख उद्योगपतियों के प्रतिनिधिमंडल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से की मुलाकात, विभिन्न मुद्दों पर हुई सार्थक चर्चा

0
DEKHO NCR

चंडीगढ़ , 20 मई (रूपेश कुमार ) हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से सिख उद्योगपतियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। यह भेंट संत कबीर कुटीर आवास पर हुई, जिसमें राज्य में औद्योगिक विकास, निवेश संभावनाएं और सामाजिक सहयोग जैसे अनेक पहलुओं पर विस्तृत बातचीत की गई। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण गुप्ता,  ओएसडी डॉ प्रभलीन सिंह, विदेश सहयोग विभाग के एडवाइजर श्री पवन चौधरी भी उपस्थित थे

main%202

प्रतिनिधिमंडल में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित सिख उद्योगपति शामिल थे, जिनमें ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, कृषि, आईटी और फूड प्रोसेसिंग उद्योगों के प्रमुख नाम थे। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रतिनिधिमंडल के साथ संवाद करते हुए प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही स्कीमों के बारे में भी चर्चा की। उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों और योजनाओं के बारे में जानकारी दी, जिनका उद्देश्य उद्यमिता को बढ़ावा देना और रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

सिख उद्यमियों के प्रतिनिधिमंडल ने चर्चा के दौरान राज्य सरकार द्वारा व्यापारी वर्ग के लिए बनाई की स्कीमों की तारीफ की। उनका कहना था कि प्रदेश में सरकार ने व्यापारी वर्ग को साकारात्मक माहौल दिया है। साथ ही निवेश में बढ़ौतरी की रूचि भी जताई और सुझाव दिया कि उद्योगों की स्थापना के लिए कुछ प्रक्रियाओं को सरल बनाया जाए, जिससे छोटे और मध्यम वर्ग के उद्यमियों को भी लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इन सुझावों को गंभीरता से लिया और कहा कि राज्य सरकार “ईज ऑफ डूइंग बिजनेस” को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

इस दौरान सामाजिक कल्याण, कौशल विकास और युवाओं के लिए रोजगार उन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार के विकास के दृष्टिकोण की सराहना की और भरोसा जताया कि हरियाणा उद्योग और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में आगे बढ़ता रहेगा।

मुख्यमंत्री से मुलाकात करने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में सिगमा ग्रुप के चेयरमैन डॉ जगदीप सिंह चड्ढा, सरदार कबीर सिंह, कंधारी ग्रुप के चेयरमैन वरिंद्र सिंह कंधारी, जमना आटो इंड्रस्ट्री के चेयरमैन रणदीप सिंह जौहर, विकटोरा ग्रुप के चेयरमैन सतिंद्र सिंह बांगा, बेलामोंडे ग्रुप के चेयरमैन डॉ गुरमीत सिंह, सुपर ग्रुप आफॅ कंपनी के सीईओ बलबीर सिंह, गाबा अस्पताल के डॉयरेक्टर डॉ बीएस गाबा, मदान प्लास्टिक इंड्रस्ट्री के चेयरमैन बलदेव सिंह मदान, गुरजीत सिंह, आदेश ग्रुप के चेयरमैन डॉ हरिंद्र सिंह गिल, अर्थेक्स कंपनी के चेयरमैन अमनदीप सिंह विर्क, मौजूद थे।

हरियाणा को “शून्य अपराध” वाला राज्य बनाना हमारा लक्ष्य: सीएम नायब सैनी

0
DEKHO NCR
राज्य सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है: नायब सैनी
राज्य में गैंगस्टरों के लिए कोई जगह नहीं: सीएम सैनी
यूट्यूब चैनलों पर आपत्तिजनक सामग्री की जांच होगी, सख्त कार्रवाई की जाएगी
चंडीगढ़, 20 मई (रूपेश कुमार )। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने पुलिस और सिविल प्रशासन को निर्देश दिए कि वे जमीनी स्तर पर एक टीम के रूप में कार्य करें ताकि अपराध और अपराधियों का प्रभावी तरीके से खात्मा किया जा सके। उन्होंने कहा, “मेरा लक्ष्य हरियाणा को एक ‘शून्य अपराध राज्य’ बनाना है।”
 

main%201

मुख्यमंत्री आज सिविल सचिवालय में अपराध और कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
 
इस बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, पुलिस महानिदेशक श्री शत्रुजीत कपूर, जेल महानिदेशक श्री मोहम्मद अकील, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक श्री ओ.पी. सिंह, एडीजीपी सीआईडी श्री सौरभ सिंह सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
 
हरियाणा में अपराध दर में आई उल्लेखनीय कमी
 
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में हरियाणा में अपराध दर में उल्लेखनीय गिरावट आई है, लेकिन इसे पूरी तरह खत्म करने के लिए निरंतर और लक्षित प्रयास जारी रखने होंगे। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया कि थाने में आने वाले हर व्यक्ति की बात ध्यान से सुनी जाएं, शिकायतों की तुरंत एफआईआर दर्ज की जाएं और उस पर त्वरित कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि इससे पीड़ितों को समय पर न्याय मिलेगा और पुलिस के प्रति जनता का विश्वास भी मजबूत होगा।
 
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी शिकायतकर्ता को एफआईआर दर्ज करवाने के लिए बार-बार थाने के चक्कर न लगाने पड़ें। यदि किसी कारणवश एफआईआर दर्ज नहीं की जा सकती, तो पुलिस को उसे स्पष्ट कारणों की जानकारी देनी होगी ताकि शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके।
 
ड्रग्स के खिलाफ राज्य सरकार के अभियान दें रहे सकारात्मक परिणाम
 
मुख्यमंत्री ने नशे के खिलाफ राज्य सरकार द्वारा चलाए गए अभियानों जैसे ‘साइक्लोथॉन’ और जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए बताया कि इन पहलों से युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर सकारात्मक जागरूकता फैली है। उन्होंने कहा कि सिर्फ युवां ही नहीं, समाज के सभी वर्गों ने इन अभियानों में उत्साहपूर्वक भाग लिया है, जिससे नई पीढ़ी को नशे से दूर रखने में मदद मिली है।
 
सीमावर्ती जिलों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी बढ़ेगी, नशे की सप्लाई चेन पर चोट
 
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने बैठक के दौरान पुलिस को निर्देश दिए कि ग्राम स्तर पर सरपंचों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों की भागीदारी सुनिश्चित कर नशे के खिलाफ अभियान को और मजबूत किया जाएं। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले से नशे की गिरफ्त में हैं, उन्हें तुरंत नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार की सुविधा मिलनी चाहिए। राज्य के सभी नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित जांच की जाए ताकि दवाइयों और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता बनी रहे। इसके साथ ही, सीमावर्ती जिलों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाकर नशे की सप्लाई और मांग के नेटवर्क को तोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
गंभीर अपराध और पोक्सो मामलों में शामिल अपराधियों व उनके परिवारों को नहीं मिलेगा सरकारी लाभ
 
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने चिंता जताते हुए कहा कि जो अपराधी बार-बार अपराध करते हैं, उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि एक कड़ा संदेश जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हत्या, दुष्कर्म, और पोक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त अपराधियों, गैंगस्टरों और दोहराव वाले अपराधियों के परिवारों को किसी भी प्रकार की सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने इस पर एक प्रस्ताव जल्द तैयार करने के निर्देश भी दिए।
 
साथ ही उन्होंने कहा कि पैरोल या फरलो पर छोड़े गए अपराधियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए ताकि वे इस दौरान कोई नया अपराध न करें।
 
विदेश में बैठे गैंगस्टरों के प्रत्यर्पण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
 
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि हरियाणा में गैंगस्टरों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिए कि विदेश मंत्रालय (MEA) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर विदेशों में छिपे गैंगस्टरों के प्रत्यर्पण या डिपोर्ट की प्रक्रिया को तेज किया जाए।
 
साइबर अपराध के खिलाफ उठाये सख्त कदम, धोखाधड़ी से बची जनता की पूंजी
 
साइबर अपराध के मामलों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा अपनाए गए कई उपायों के कारण साइबर ठगी के मामलों में कमीं आई है। इन प्रयासों का उद्देश्य नागरिकों की मेहनत की कमाई को साइबर अपराधियों से सुरक्षित रखना है। उन्होंने निर्देश दिए कि एक विशेष राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (SLBC) की बैठक बुलाई जाए ताकि इस दिशा में और अधिक प्रभावी रणनीति तैयार की जा सके।
 
महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
 
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शहरों और कस्बों में अपराधियों और असामाजिक तत्वों की निगरानी के लिए सीसीटीवी निगरानी प्रणाली को और मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जरूरत के अनुसार प्रमुख स्थानों पर नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और पहले से लगे कैमरों को पूरी तरह कार्यशील रखा जाए। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यूट्यूब चैनलों पर प्रसारित आपत्तिजनक सामग्री की जांच की जाए और आवश्यक कार्रवाई की जाए।


बॉक्स ;

 4,054 गांव और 859 वार्ड नशा मुक्त घोषित – डॉ. सुमिता मिश्रा
 
हरियाणा गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों को पूरी गंभीरता के साथ लागू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम अब जमीनी स्तर पर दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि समन्वित तरीके से काम करने से अपराध नियंत्रण में काफी मदद मिलेगी।
 
डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि 4,054 गांव और 859 वार्डों को नशा मुक्त घोषित किया गया है। इसके अलावा, 2,515 गांवों में खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें 1.96 लाख युवाओं ने भाग लिया। इसी प्रकार, राज्यभर में 2,482 जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें कुल 16.5 लाख लोगों की भागीदारी रही।