मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे से बेहतर कनेक्टिविटी, शहर को मिलेंगे 9 नए फ्लाईओवर
हरियाणा विधानसभा में बजट पेश, फरीदाबाद के इंफ्रास्ट्रक्चर को मिली 1550 करोड़ की सौगात
फरीदाबाद, रूपेश देव। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बतौर वित्त मंत्री वर्ष 2026-27 का राज्य बजट प्रस्तुत करते हुए फरीदाबाद के लिए दो महत्वपूर्ण एलिवेटेड संपर्क मार्ग परियोजनाओं की घोषणा की।

मुख्यमंत्री श्री सैनी ने बताया कि पूर्वी फरीदाबाद से पश्चिमी फरीदाबाद (बड़खल मार्ग) तक मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे से सैनिक कॉलोनी मोड़ को जोड़ते हुए लगभग 850 करोड़ रुपये की लागत से करीब 8 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड मार्ग विकसित किया जाएगा। इस परियोजना में 5 फ्लाईओवर भी शामिल होंगे, जिससे शहर में यातायात दबाव कम होगा और आवागमन सुगम बनेगा।

इसके अतिरिक्त पूर्वी फरीदाबाद से पश्चिमी फरीदाबाद (बाटा मार्ग) तक सैनिक कॉलोनी मोड़ से बीपीटीपी चौक तक लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से 9 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड, निर्बाध संपर्क मार्ग विकसित किया जाएगा। इस मार्ग में 4 फ्लाईओवर भी प्रस्तावित हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इन परियोजनाओं से फरीदाबाद में ट्रैफिक जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी, औद्योगिक एवं आवासीय क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी तथा दिल्ली-एनसीआर से जुड़ाव और अधिक सुदृढ़ होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बुनियादी ढांचे के सशक्तिकरण के माध्यम से प्रदेश के संतुलित एवं तीव्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि वर्ष 2026-27 का बजट ‘विकास, पारदर्शिता और जनकल्याण’ की भावना पर आधारित है, जिसमें प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र को समान प्राथमिकता दी गई है। फरीदाबाद में प्रस्तावित ये एलिवेटेड मार्ग राज्य सरकार की दूरदर्शी योजना और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर विजन का प्रमाण हैं।
मुख्यमंत्री श्री सैनी ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल स्थानीय नागरिकों को लाभ मिलेगा, बल्कि निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे हरियाणा की आर्थिक प्रगति को और गति मिलेगी।

