back to top
Wednesday, August 5, 2026

बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करें नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष: दीपेंद्र हुड्डा

Share

फरीदाबाद के 6 नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने दिल्ली में सांसद दीपेंद्र हुड्डा से की मुलाकात, संगठन को मजबूती देने का लिया संकल्प

फरीदाबाद। प्रदेश कांग्रेस द्वारा फरीदाबाद जिला कांग्रेस के छह नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने बुधवार को कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया। इस दौरान सभी नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प दोहराया। पूर्व विधायक नीरज शर्मा, बल्लभगढ़ से कांग्रेस की पूर्व प्रत्याशी पराग शर्मा, तिगांव से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रोहित नागर तथा प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता तरुण तेवतिया के नेतृत्व में पहुंचे ब्लॉक अध्यक्षों में पृथला के नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण तंवर, मोहना के ब्लॉक अध्यक्ष बंटी हुड्डा, तिगांव के ब्लॉक अध्यक्ष हातम अधाना, एनआईटी के ब्लॉक अध्यक्ष अरुण सिंह, बढ़खल एमसी-1 के ब्लॉक अध्यक्ष राकेश तथा बल्लभगढ़ एमसी-1 की ब्लॉक अध्यक्ष रितु कुंडू शामिल रहे।

whatsapp image 2026 08 05 at 51179659294683215015


इस अवसर पर सभी ब्लॉक अध्यक्षों ने सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का मिठाई खिलाकर स्वागत किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि वे ब्लॉक स्तर से लेकर बूथ स्तर तक कांग्रेस संगठन को मजबूत करने में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को प्रत्येक घर तक पहुंचाएंगे।

इस अवसर पर सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठा सकता है। उन्होंने कहा कि हर ब्लॉक अध्यक्ष की जिम्मेदारी है कि वह अपने क्षेत्र के प्रत्येक बूथ तक संगठन को सक्रिय करे और आमजन की समस्याओं को पार्टी मंच तक पहुंचाए।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस हमेशा जनहित, सामाजिक न्याय और विकास की राजनीति करती आई है। आज जरूरत है कि कार्यकर्ता गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचकर लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनें। जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर कांग्रेस हरियाणा में और अधिक मजबूत होकर उभरेगी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल चुनाव जीतना ही नहीं, बल्कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना और उनके अधिकारों की मजबूती से आवाज उठाना है।”

दीपेंद्र हुड्डा ने नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन में नई जिम्मेदारी के साथ उनका दायित्व भी बढ़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदाधिकारी पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को मजबूत करेंगे और कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में फरीदाबाद में कांग्रेस संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा आगामी समय में पार्टी को नई मजबूती मिलेगी।

Read more

Local News