हरियाणा में ‘जंगलराज’ और ‘गैंगस्टरों का राज’: भाजपा सरकार की नाक के नीचे लहूलुहान हो रहा है प्रदेश
चंडीगढ़। हरियाणा प्रदेश में आए दिन हो रही आपराधिक वारदातों को लेकर कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सुरजेवाला ने नायब सैनी सरकार तीखा हमला बोला है। सुरजेवाला ने कहा है कि
हरियाणा में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है। नायब सिंह सैनी सरकार के संरक्षण में अपराधियों, गैंगस्टरों और रंगदारी मांगने वालों का खुला तांडव चल रहा है। आज प्रदेश का कोई भी कोना सुरक्षित नहीं बचा है। दिनदहाड़े थानों के सामने गोलियां चल रही हैं, धार्मिक यात्राओं पर फायरिंग हो रही है, और व्यापारियों से करोड़ों की रंगदारी मांगी जा रही है। मनोहर लाल खट्टर से लेकर नायब सैनी तक, भाजपा के राज में हरियाणा ‘अपराध का हब’ बन चुका है। हरियाणा में अब सरकार का नहीं, बल्कि गैंगस्टरों का सिक्का चल रहा है। नायब सैनी की भाजपा सरकार के राज में हरियाणा अपराधियों का अड्डा बन चुका है। दिन-दहाड़े हत्या, रात में फायरिंग, कांवड़ यात्रा पर हमला, व्यापारियों से करोड़ों की रंगदारी – और सरकार आंकड़े छिपाने में लगी है। ये कोई एक-दो घटनाएं नहीं हैं। ये भाजपा सरकार की नाकामी का सबूत हैं। बदमाशों के हौसले आसमान पर हैं और मुख्यमंत्री नायब सैनी कुर्सी बचाने में व्यस्त हैं।

सांसद रणदीप सुरजेवाला ने प्रदेश में हो रही आपराधिक वारदातों का जिक्र करते हुए कहा कि
दादरी में सिटी थाने के ठीक सामने ताबड़तोड़ 30 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जब थाने के सामने ही लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो पूरे प्रदेश की सुरक्षा भगवान भरोसे है।उन्होंने कहा कि हिसार में सावन के पवित्र महीने में कांवड़ियों की भीड़ पर बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। विधायक सावित्री जिंदल के अस्पताल के पास हुई इस खूनी वारदात में एक पति-पत्नी और उनकी 12 साल की मासूम बच्ची को गोली लगी। हरियाणा में अब धार्मिक आस्था रखना, त्योहार मनाना और पूजा करना भी जानलेवा हो गया है! सुरजेवाला ने एक और वारदात का जिक्र करते हुए कहा कि करनाल में भगवाड़िया गैस एजेंसी के पास सरेआम स्कूटी सवार युवक की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसकी कुछ समय पहले ही शादी हुई थी। यमुनानगर के संतपुरा गुरुद्वारा के पास दोपहर के तीन बजे प्रॉपर्टी डीलर शिव कुमार की ईंट मार-मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। अपराधियों में पुलिस और कानून का रत्ती भर भी डर नहीं बचा है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि नायब सैनी सरकार में प्रदेश में रंगदारी उद्योग बन चुका है। हरियाणा भाजपा सरकार ने गैंगस्टरों को खुली छूट दे रखी है, जिससे प्रदेश का हर छोटा-बड़ा व्यापारी खौफ के साए में है। रंगदारी और फिरौती की घटनाओं का जिक्र करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि यमुनानगर में प्रॉपर्टी डीलर से गोल्डी बराड़ के नाम पर 3 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई।सिरसा में कपड़ा व्यापारी से लॉरेंस गैंग के नाम पर 1 करोड़ रुपये की मांग और जान से मारने की धमकी मिली।हिसार में विहिप जिलाध्यक्ष और रियल एस्टेट कारोबारी सुरेंद्र जांगड़ा को पुर्तगाल और विदेशी नंबरों से 2 करोड़ रुपये की रंगदारी के लिए दोबारा धमकी दी गई। इससे पहले हिसार के ही क्लॉथ मार्केट में कपड़ा व्यापारी सुभाष से 5 करोड़ मांगे गए थे।सफ़ीदों (जींद) में दो व्यापारियों (मुर्गी फीड फैक्ट्री संचालक और प्रॉपर्टी डीलर) से गैंगस्टर गिल्ली राणा और रोहित गोदारा के नाम पर 6 करोड़ रुपये (5 करोड़ और 1 करोड़) की भारी-भरकम रंगदारी मांगी गई। सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में हर रोज हत्याएं, लूट और फिरौती हो रही है। व्यापारी और उद्योगपति आज पलायन करने को मजबूर हैं। जेलों में बैठे अपराधी सरेआम विदेशी नंबरों और वॉट्सऐप कॉल के जरिए रंगदारी मांग रहे हैं, और गृह विभाग पूरी तरह सोया हुआ है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कानून-व्यवस्था को संभाल पाने में अपनी नाकामी स्वीकार करें और तुरंत इस्तीफा दें।रंगदारी और फिरौती के मामलों की जांच के लिए तुरंत एक हाई-लेवल स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का गठन हो, जो विदेशी नंबरों के नेटवर्क को क्रैक करे।पीड़ित व्यापारियों और आम जनता को तुरंत सुरक्षा मुहैया कराई जाए।
प्रदेश में हो रही आपराधिक वारदातों पर मुख्यमंत्री नायब सैनी जी,जो गृह मंत्री भी हैं, केवल चुप्पी साधे हुए हैं। प्रदेश के गुंडाराज के लिए मुख्यमंत्री सीधे जवाबदेह भी है और जिम्मेदार भी।
हरियाणा की जनता पूछ रही है – क्या यही है भाजपा का “सुरक्षित हरियाणा”? जहां सड़कें अपराधियों के कब्जे में हैं और सरकार गद्दी बचाने में लगी है?
क्या यही है भाजपा की “कानून के राज” की गारंटी? जहां थाने के सामने गैंगवार हो और सरकार सोई रहे?
मुख्यमंत्री नायब सैनी से 3 सवाल:-
- जब प्रदेश की सड़कें अपराधियों के कब्जे में हैं, तो आप गृह मंत्री की कुर्सी पर क्यों बैठे हैं?
- कांवड़ियों, महिलाओं, बच्चों की सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा?
- “सुरक्षित हरियाणा” का नारा कब तक झूठ बोलकर जनता को धोखा दोगे?
प्रदेश की जनता की सुरक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी की ओर से हमारी कुछ मांगें:-
- मुख्यमंत्री नायब सैनी तुरंत गृह विभाग से इस्तीफा दें। नैतिक जिम्मेदारी लें।
- 7 दिन में SIT बनाकर मामले में अपराधियों को गिरफ्तार किया जाए।
- प्रदेश में अवैध हथियार और गैंगस्टरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए।
- व्यापारियों, दुकानदार और कारोबारियों को सुरक्षा दी जाए। रंगदारी मांगने वालों के खिलाफ MISA/NSA के तहत कार्रवाई हो।
- कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल तैनात हो।

