back to top
Wednesday, February 25, 2026

अंबाला शहर में 40 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होगा 9 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट : नायब सैनी

Share

मुख्यमंत्री ने अंबालावासियों को दी विकास परियोजनाओं की सौगात

 

अम्बाला,28 जुलाई, रूपेश देव। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने जलापूर्ति योजनाओं को सुदृढ़ करने के लिए आज अंबाला शहर में जल वितरण योजना के विस्तारीकरण के लिए 145 करोड़ रुपये की घोषणा की। साथ ही, सेक्टर 24 अंबाला शहर में 9 एमएलडी क्षमता का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने के लिए 40 करोड़ रुपये तथा एसवाईएल के दोनों ओर क्षतिग्रस्त पैच की मरम्मत के लिए 60 करोड़ रुपये की घोषणा की।

 

1001228353

मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं सोमवार को अंबाला शहर में तीज उत्सव पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए की। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अंबालावासियों को विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए आज 73 करोड़ रुपए की लागत की 9 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इनमें 26 करोड़ 49 लाख रुपए लागत की 4 परियोजनाओं का उद्घाटन और 46 करोड़ 34 लाख रुपए लागत की 5 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल हैं।
 

1001228188

मुख्यमंत्री ने सेक्टर—10 में स्पोर्टस स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक बनवाने की घोषणा की। साथ ही, नग्गल पीएचसी में 4 करोड़ रुपये की लागत से एक अतिरिक्त ब्लॉक बनाने तथा भूमि उपलब्धता के आधार पर शहर की मोटर मार्केट को स्थानांतरित करने की भी घोषणा की।
 

1001228203

मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि सेक्टर 23, अंबाला शहर में नया फायर स्टेशन बनाया जाएगा। साथ ही, शहर में डॉक्टरों के रिहायशी सुविधाओं के लिए 20 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा, भूमि उपलब्धता के आधार पर धूलकोट परिसर में कर्मचारियों के लिए केंद्रीयकृत कार्यालय—अवासीय सुविधाओं युक्त बनाया जाएगा।
 

1001228212

मुख्यमंत्री ने नन्यौला माइनर के सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा बारिश के सीज़न में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए अंबाला ड्रेन के मनमोहन नगर भाग को 10 करोड़ रुपये की लागत से पक्का करवाने की घोषणा की। इसके अलावा, मॉडल टाउन ड्रेन के मथुरा नगरी, पुलिस लाइन, प्रेम नगर, विकास विहार, पटेल नगर, लक्ष्मी नगर, जंडली, सेक्टर 9,10 और जलबेड़ा भागों को पक्का करने के लिए 35 करोड़ रुपये की घोषणा की। गांव कामला में 2 एमएलडी एसटीपी के लिए 1.60 करोड़ रुपये तथा उपायुक्त कार्यालय कैंपस अंबाला में जलभराव की समस्या से स्टॉर्म वॉटर डिस्पोजल के निर्माण के लिए 1.50 करोड़ रुपये की घोषणा की।
 
श्री नायब सिंह सैनी ने पुराना दिल्ली रोड नाले को बरसाती पानी की निकासी के लिए पक्का करवाने के लिए 12 करोड़ रुपये की घोषणा की। उन्होंने अंबाला विधानसभा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी की 91.45 किलोमीटर की 56 सड़के, डीएलपी अवधि में है, उन्हें ठीक करवाया जाएगा। 81.86 किलोमीटर की 53 सड़कों की 45.25 करोड़ रुपये की लागत से विशेष मरम्मत करवाई जाएगी। इसके अलावा, 25.61 किलोमीटर की 6 सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए 11 करोड़ 1 लाख रुपये की घोषणा की। मटेडी शेखां- नन्यौला सड़क को चौड़ा करने के लिए 42 करोड़ रुपये और अंबाला में ओल्ड एनएच—65 के सड़क (अंबाला के भाग) के सुदृढ़ीकरण के लिए 8 करोड़ रुपये की घोषणा की।
 
मुख्यमंत्री ने अंबाला विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये की घोषणा की।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने बजट में घोषणा की है कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए हर जिला स्तर पर एक अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त जिला अस्पताल होगा, जहाँ हर व्यक्ति को बेहतर इलाज की सुविधाएं मिलेंगी।

Read more

Local News