Join our community of SUBSCRIBERS and be part of the conversation.
To subscribe, simply enter your email address on our website or click the subscribe button below. Don't worry, we respect your privacy and won't spam your inbox. Your information is safe with us.
नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में युवाओं को योग्यता के आधार पर पारदर्शी व निष्पक्ष रूप से मिल रही सरकारी नौकरियाँ
कुरुक्षेत्र । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की एक बार फिर प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में युवाओं को योग्यता के आधार पर बिना खर्ची-पर्ची के पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियाँ प्रदान की जा रही हैं।
श्री अमित शाह ने इस पहल को एक सराहनीय कदम बताते हुए मुख्यमंत्री को प्रदेश की जनता की ओर से बधाई एवं साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की व्यवस्था प्रदेश के युवाओं में सरकारी तंत्र के प्रति विश्वास और पारदर्शिता की भावना को मजबूत कर रही है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह आज कुरुक्षेत्र में आयोजित एक कार्यक्रम में तीन नए आपराधिक कानूनों से संबंधित प्रदर्शनी के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने राज्य सरकार की पारदर्शी भर्ती प्रणाली की विशेष रूप से प्रशंसा की।
धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र से 825 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास
कुरुक्षेत्र। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज हरियाणा वासियों को विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात देते हुए धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र से 825 करोड़ रुपये की लागत की 19 परियोजानाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 262 करोड़ 51 लाख रुपए की लागत से तैयार पांच नर्सिंग कॉलेज, पुलिस लाइन जींद के 84 आवासों, नारनौल के पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह व ब्लॉक का उद्घाटन और 562 करोड़ 49 लाख की 11 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने शुक्रवार को जिला कुरुक्षेत्र में गृह विभाग की तरफ से आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी कार्यक्रम में बटन दबाकर एक साथ 19 परियोजनाओं का उदघाटन व शिलान्यास किया। इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे ।
केन्द्रीय गृह मंत्री द्वारा 44.40 करोड़ रुपए से कुरुक्षेत्र के गांव खेड़ी रामनगर में, 43.97 करोड़ रुपए से कैथल के गांव धेरडू में, 39.13 करोड़ रुपए से पंचकूला के गांव खेडावाली में, 45 करोड़ रुपए से फरीदाबाद के गांव दयालपुर में और 47.44 करोड़ रुपए से फरीदाबाद के गांव अरूआ में तैयार नर्सिंग कॉलेजों का उद्घाटन किया गया । 12.03 करोड़ रुपए से जेएलएन फिडर व बीएसबी नहर पर आरडी 69.3 पर दिल्ली-हिसार सडक़ पर तैयार दो लेन पुल का उद्घाटन किया। इसी तरह पुलिस लाइन जींद में बनाए गए टाइप-2 के 42, टाइप-3 के 36 और टाइप-2 के 6 मकान और महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह ब्लॉक नारनौल का उद्घाटन किया।
उन्होंने करनाल के असंध उपमंडल में 76.19 करोड़ रुपए से 100 बिस्तरों वाले अस्पताल, सोनीपत में 138.12 करोड़ रुपए से मातृ एवं शिशु ब्लॉक नागरिक अस्पताल, 33 करोड़ रुपए से नूंह में मातृ एवं शिशु ब्लॉक अस्पताल का शिलान्यास किया । इसी प्रकार , करनाल में 20.74 करोड़ रुपए से क्रिटिकल केयर ब्लॉक अस्पताल, सोनीपत में 22.53 करोड़ रुपए से खानपुर कलां में क्रिटिकल केयर ब्लॉक अस्पताल, नूंह में 22.58 करोड़ रुपए से क्रिटिकल केयर ब्लॉक अस्पताल का शिलान्यास किया।
इसके अलावा, केन्द्रीय गृह मंत्री ने 25.04 करोड़ रुपए से रोहतक खरखौदा- दिल्ली बॉर्डर सडक़ के सुदृढ़ीकरण, रोहतक के कंहेली रोड पर 13.88 करोड़ रुपए से डेयरी काम्पलेक्स, 97.73 करोड़ रुपए से चरखी दादरी में जिला जेल भवन और 86.17 करोड़ रुपए से पंचकूला में जिला जेल भवन के निर्माण का भी शिलान्यास किया।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज, विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा, सहकारिता मंत्री डॉ अरविन्द शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, लोकनिर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा, सेवा मंत्री श्री कृष्ण बेदी, स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम, सांसद श्री नवीन जिंदल और श्री कार्तिकेय शर्मा, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे
श्री सिद्धदाता आश्रम में शानदार ढंग से मनाया दशहरा, हजारों भक्तों ने हवन में डाली आहुतियां
फरीदाबाद। सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम श्री लक्ष्मी नारायण दिव्य धाम में दशहरा का पर्व शानदार ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर हजारों की संख्या में जुटे भक्तों ने आयोजित हवन में आहुति डाली वहीं अधिष्ठाता जगदगुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने कहा कि भगवान ने मानव का जन्म दिया है इसलिए उसका धन्यवाद करो।
उन्होंने कहा कि इस जन्म का सदुपयोग करें और ऐसा कर्म करें जो भगवान को प्रिय है। अप्रिय वस्तुओं को तो भगवान स्वयं नष्ट कर देते हैं। ऐसे में अप्रिय कार्य करने वाला भी नष्ट हो जाता है जैसे रावण हो गया।
उन्होंने कहा कि इतना बेसकीमती जीवन मिलने के बाद भी हम हाय पैसा हाय पैसा करते हैं और करने योग्य कर्म नहीं करते हैं। जबकि आदमी को बहुत ज्यादा लिप्सा में नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव गलतियां खुद करता है और उसके लिए जिम्मेदार दूसरे को ठहराता है, जबकि हम हमारे कर्मों के लिए खुद जिम्मेदार हैं।
स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य ने कहा कि वास्तव में कर्म वही है जो भगवान के लिए किया जाए। जिसमें जप तप योग आदि साधनों के नाम लिए गए हैं लेकिन यदि आपसे यह भी नहीं हो सकते हैं तो केवल कीर्तन करिए। कलयुग में भगवान के नाम का जाप भी बहुत महत्वपूर्ण है। कहा तो यहां तक भी गया है कि कलयुग में केवल नाम का ही सहारा है। लेकिन सामने भगवान होकर भी इंसान अहम में डूबकर उसे पहचान नहीं पाता है और रावण की तरह गलतियां करते हुए जीवन को गंवा देता है।
इस अवसर पर 9 दिन से अनुष्ठान करने वाले भक्तों ने अपने जप को संपूर्ण करते हुए हवन में पूर्ण आहुतियां डाली। वहीं अन्य सभी भक्तों ने भी हवन में आहुतियां डाली। आश्रम में पहुंचे मंत्री अरविंद शर्मा और राजेश नागर ने भी माथा नवाया। उन्होंने कहा कि श्री सिद्धदाता आश्रम धर्म की भूमि है, यहां आने पर मन बरबस ही भगवान में लग जाता है। जयपुर से आए भजन गायकों संजय पारीक और लोकेश शर्मा ने सभी को जमकर झुमाया वहीं बड़ी संख्या में लगी छबीलों पर भक्तों ने प्रसाद प्राप्त किया।
मंत्री राजेश नागर ने शहर में कई स्थानों पर दशहरा दहन कार्यक्रमों में की भागीदारी
फरीदाबाद। मंत्री राजेश नागर ने आज शहर के कई स्थानों पर रावण दहन के कार्यक्रम में भागीदारी की और लोगों को असत्य पर सत्य की जीत के पर्व की बधाई दी। उन्होंने सेक्टर 37, सेक्टर 16 और प्राणायाम सोसाइटी में आयोजित दशहरा उत्सव में भागीदारी की।
उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें धर्म की अखंड ज्योत जलाने के लिए प्रेरित करता है। मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान श्री राम हम सभी के जीवन से असत्य के अंधेरे का नाश करें और सज्जनता का शंखनाद हमारे जीवन में स्थाई रूप से हो। उन्होंने कहा कि दुष्ट व्यक्तियों का साया भी देश, समाज और परिवारों से नष्ट हो ऐसी प्रार्थना भगवान से करता हूं।
उन्होंने कहा कि आज का यह दिन करुणा और सत्य की ऐसी जुगलबंदी प्रस्तुत करे कि जिससे हम सुखमय और शांतिमय जीवन जी सकें। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि आप सभी के जीवन में सत्य, सदाचार और ज्ञान का स्थाई वास हो जिससे देश फिर सोने की चिड़िया बने और ज्ञान का शिखर छू सके। इन अवसरों पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
सीएम नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद के सूरजकुंड में किया दिवाली मेला का शुभारंभ
फरीदाबाद । हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा है। विकसित भारत का मार्ग वोकल फॉर लोकल, आत्मनिर्भरता और स्वदेशी से होकर जाता है। उन्होंने यह बात वीरवार को फरीदाबाद के सूरजकुंड में दिवाली मेला का शुभारंभ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कही।
श्री नायब सिंह सैनी ने विजय दशमी की बधाई देते हुए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन भी अर्पित किए। उन्होंने कहा कि इस बार दिवाली मेला का थीम आत्मनिर्भर भारत-स्वदेशी मेला और वी यूनाइट फैमिलीज है। जिस प्रकार स्वतंत्रता आंदोलन को स्वदेशी के मंत्र से ताकत मिली, वैसे ही देश की समृद्धि को भी स्वदेशी के मंत्र से शक्ति मिलेगी। हमें वो सामान खरीदने चाहिए जोकि मेड इन इंडिया हो, जिसमें देश के नौजवानों की मेहनत लगी हो। इतिहास से पता चलता है कि जब भारत को सोने की चिडिय़ा कहा जाता था, उस काल की समृद्धि में स्वदेशी का बड़ा योगदान था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर तक चलने वाला यह मेला उत्सव एवं मनोरंजन के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, संस्कृति और कला को बढ़ावा देने का एक सशक्त मंच है। स्वदेशी का उत्सव दिवाली मेला देश के शिल्पकारों का मनोबल भी बढ़ाता है। उन्होंने मेला में पहले ही दिन पहुंचे लोगों से कहा कि आप यहां से सामान खरीदेंगे तो न केवल शिल्पकारों को प्रोत्साहन मिलेगा बल्कि देश आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ेगा। स्वदेशी के संकल्प को जन आंदोलन बनाने के लिए देश भर में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान चलाया जा रहा है जोकि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती 25 दिसंबर तक चलेगा।
उन्होंने कहा कि दिवाली मेला में प्रदर्शित की गई कलाकृतियां, उत्पाद, गीत व संगीत लघु भारत की तस्वीर प्रस्तुत करते हैं। साथ ही कल्चर जोन में एक भारत-श्रेष्ठ भारत की झलक देखने को मिलती है। यह मेला ग्रामीण उत्पादकों को शहरी उपभोक्ताओं की पसंद को जानने का भी अवसर प्रदान करता है। उन्होंने मेला के आयोजन के लिए पर्यटन विभाग, शिल्पकारों, गीत-संगीत के दलों की प्रशंसा भी की। इससे पहले उन्होंने मेला परिसर का भ्रमण भी किया और मेला के प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन भी किया। मुख्य चौपाल में कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर नमन किया।
स्वदेशी अपनाएंगे, देश को आत्मनिर्भर बनाएंगे : डॉ. अरविंद शर्मा
सहकारिता, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने दिवाली मेला के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज देश स्वदेशी उत्पादों को लेकर आगे बढ़ रहा है। देश को आत्मनिर्भर बनाने में स्वदेशी उत्पादों की बड़ी महत्वपूर्ण भूमिका है। हरियाणा में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रधानमंत्री के संकल्प पर आगे बढ़ते हुए अपने बजट अभिभाषण में प्रदेश में स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने के लिए मेलों के आयोजन की घोषणा की थी। पर्यटन विभाग ने इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए पहले मैंगो मेला फिर राखीगढ़ी मेला और अब सूरजकुंड में दिवाली मेला का आयोजन किया है। आज से आरंभ होकर 7 अक्टूबर तक चलने वाले इस मेले में करीब 450 स्थलों पर स्वदेशी उत्पाद प्रदर्शित किए गए है।
उन्होंने शुभारंभ समारोह में पहुंचे लोगों से अपील करते हुए कहा कि स्वदेशी अपनाकर, देश को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लेना चाहिए। प्रधानमंत्री ने जीएसटी की दरों के सरलीकरण से देशवासियों को त्योहारों का उपहार भी दिया है।
इस अवसर पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर, पूर्व मंत्री एवं बल्लभगढ़ के विधायक श्री मूलचंद शर्मा, पर्यटन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव श्रीमती कला रामचंद्रन, हरियाणा पर्यटन निगम के एमडी डॉ. शालीन, उपायुक्त श्री विक्रम सिंह यादव सहित गणमान्य उपस्थित रहे।
वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान को लेकर कांग्रेस उतरी सडक़ों पर फरीदाबाद, 2 अक्टूबर। वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान को लेकर आज कांग्रेस सडक़ों पर उतर गई। फरीदाबाद जिला कांग्रेस के अध्यक्ष बलजीत कौशिक की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम ओल्ड फरीदाबाद स्थित अग्रसेन भवन सैक्टर-19 में आयोजित किया गया। जिसमें जिले के सभी कांग्रेस जनों ने शिरकत कर एक स्वर में भाजपा को उखाड़ फैंकने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सचिव व प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी जितेन्द्र बघेल ने शिरकत की। वहीं विशेष अतिथि के तौर पर पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना मौजूद रहे। समस्त कांग्रेस जनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की। कांग्रेसियों ने वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान को लेकर आज कांग्रेस द्वारा चलाए गए हस्ताक्षर अभियान का भी शुभारंभ किया। यह अभियान फरीदाबाद जिले के गांव-गांव व गली-गली चलाया जाएगा और अभियान के दौरान लोगों को कांग्रेस की नीतियों व कांग्रेस द्वारा किए गए विकास कार्यों तथा भाजपा की भ्रष्ट नीतियों को भी जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। इस अवसर पर आए हुए सभी अतिथियों का जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने बुक्के देकर, शॉल भेंटकर स्वागत किया।
इस मौके पर फरीदाबाद के उन वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया जिन्होंने अपना पूरा जीवन कांग्रेस पार्टी की सेवा में समर्पित कर दिया। जिनमें क्रमश: सरदार हरजीत सिंह सेवक, डा. एस.एल. शर्मा, प्रो. डा. एम.पी. सिंह, सेवाराम वर्मा, शगुन चंद जैन, राजेन्द्र चपराना, डा. एच.पी. माहौर, डा. आर.के. गोयल, डिप्टी पाराशर, सुरेन्द्र शर्मा, सरला भमोत्रा, स. गुरदेव सिंह शामिल रहे।
राष्ट्रीय सचिव जितेन्द्र बघेल ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा जात-पात व धर्म की राजनीति कर लोगों को भडक़ा कर भाईचारे को खराब करने का काम करती है और अपनी ताकत का दुरूपयोग कर वोट चोरी करके सरकार बनाती है। अब भाजपा की पोल खुल चुकी है लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा का कच्चा चि_ा खोलकर रख दिया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र व मध्य प्रदेश में भाजपा ने वोट चोरी का काम किया और हरियाणा में भी वोट चोरी करके सत्ता हथिया ली। जल्द ही हरियाणा चोरी की रिपोर्ट भी जनता के सामने खोल दी जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस जनों से आह्वान किया कि आपसी मतभेदों को भुलाकर कांग्रेस को मजबूत करने में जुटे अगर कांग्रेस मजबूत होगी तभी सरकार आएगी और सभी को सम्मान मिलेगा। वहीं उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि संगठन बनना शुरू हो गया है जिलाध्यक्षों सहित प्रदेश अध्यक्ष व सीएलपी नेता की नियुक्ति भी हो चुकी है और अब जल्द प्रदेश, जिला व ब्लॉक स्तर की कमेटियां भी जल्द बनाई जाएगी और उन्हीं लोगों को पद की जिम्मेदारी दी जाएगी जो कांगे्रस की बैठकों व कार्यक्रमों में भाग लेगें।
अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं करेगें। पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना ने भी कहा कि अब वक्त मन मुटाव का नहीं काम करने का है। सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करना चाहिए। इसको लेकर उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा से भी बातचीत कर संगठन को एकजुट करने व मजबूत करने पर जोर दिया। कांग्रेसियों ने एकजुट होकर वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे लगाते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने श्री बघेल व कांग्रेस हाईकमान को विश्वास दिलाया कि फरीदाबाद जिला कांग्रेस के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभायेगा और हर जन विरोधी नीतियों को उठाने का काम करेगा।
इस अवसर पर फरीदाबाद जिले के जिला सह प्रभारी रोहताश बेदी, पूर्व पार्षद योगेश ढींगड़ा, मनोज अग्रवाल, प्रियंका अग्रवाल,अनिल शर्मा, राजेन्द्र चपराना, वरिष्ठ नेता जगत सिंह नागर, पूर्व लोकसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष रिन्कू चंदीला, विनोद कौशिक,जवाहर ठाकुर, वेदप्रकाश यादव, सुरेश बेनीवाल, महिला अध्यक्ष सुनीता फागना, सुन्दरलाल नेता जी, प्रेम यादव, शाहबुद्दीन खान, सीमा सितोरिया,अशोक रावल, डा. बाबू लाल रवि, संजय सोलंकी, सुमित भाटिया, योगेश तंवर, मेहरचंद, एनके शर्मा, डा. सौरभ शर्मा, अनुज शर्मा एडवोकेट, सुशांत गुप्ता, सरला भमोत्रा, शालिनी चोपड़ा, बेदी प्रधान, पम्मी मान, प्रताप शर्मा, विकास फागना बल्लभगढ़ वाले, ब्रह्म प्रकाश गोयल, राजेन्द्र चौहान, सोनू अहलावत, सागर कौशिक, रामप्रवेश, जुल्फीकार, महेश बैंसला सहित सैकड़ो कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
मार्केट कमेटी अध्यक्ष बने राजेश सोलंकी समर्थकों ने मंत्री राजेश नागर का जताया धन्यवाद
फरीदाबाद। तिगांव मार्केट कमेटी अध्यक्ष बने राजेश सोलंकी के समर्थकों एवं क्षेत्र की तमाम सरदारी, खासकर क्षत्रिय समाज के लोगों ने मंत्री राजेश नागर से मुलाकात की। उन्होंने मंत्री को गुलदस्ता भेंट किया और मिठाई खिलाकर धन्यवाद किया।
इस अवसर पर मंत्री राजेश नागर ने कहा कि वास्तव में यह भाजपा सरकार की सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की नीति का ही परिणाम है, जिसमें सर्व समाज को नेतृत्व का अवसर प्राप्त हो रहा है। हम सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सबका साथ सबका विकास के आदर्श वाक्य को पूरा करने में लगे हुए हैं।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि मार्केट कमेटियों में बेहतर लोगों को अवसर प्रदान किए गए हैं जिसके लाभ लोगों को जल्द मिलेंगे। कमेटियों में उपलब्ध व्यवस्थाओं में पहले से भी अधिक सुधार और जनता को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी इसके प्रति हम आशान्वित हैं। उन्होंने राजेश सोलंकी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और अपना सहयोग देने की भी बात कही। इस अवसर पर तिगांव मार्केट कमेटी अध्यक्ष राजेश सोलंकी ने कहा कि वह मंत्री राजेश नागर के कुशल नेतृत्व में अपना हर संभव प्रयास कर लोगों तक सुशासन पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर राजेश रावत पूर्व अध्यक्ष क्षत्रिय सभा बल्लबगढ, प्रताप सिंह अध्यक्ष क्षत्रिय सभा बल्लभगढ़, मनवीर सिंह भाटी, नेपाल सिंह भाटी भाजपा महामंत्री मंडल तिगांव, सूरज पाल भूरा सरपंच चांदपुर, नेत्रपाल चेयरमैन छांयसा, बृजभान पूर्व सरपंच फज्जुपुर, कमल सरपंच फज्जुपुर, तारा सरपंच शाहपुरा, सुभाष पूर्व सरपंच अरूआ, अजीत सिंह योगाचार्य, अशोक सरपंच कौराली,किशन ठाकुर, देवी सिंह मेंबर, जगपाल सिंह, मलुआ सिंह, राजेंद्र सिंह सोलंकी, नरेंद्र सिंह राकेश भाटी, तेजवीर सिंह, दलपत सिंह, राजा बाबू, रोहतान सिंह पूर्व सरपंच कौराली, महेंद्र सिंह, गोपाल मेंबर, ललित एडवोकेट, प्रदीप भाटी, देवी राम एडवोकेट, देवकरण एडवोकेट, विनय भाटी, राजेश भाटी सहित अनेक व्यक्ति मौजूद रहे।
फरीदाबाद में ‘नमो वन’ हरित जैव-विविधता कॉरिडोर के अंतर्गत होगा अब तक का सबसे बड़ा पौधारोपण अभियान
फरीदाबाद। दिवाली पर्व के उपलक्ष्य में सूरजकुंड में आयोजित “आत्मनिर्भर भारत स्वदेशी मेला (द्वितीय दिवाली मेला)” का शुभारंभ आगामी 2 अक्टूबर को हरियाणा के माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर वे बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर प्रदेशवासियों को स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त करने का संदेश देंगे। यह जानकारी उपायुक्त विक्रम सिंह ने आज आयोजित तैयारियों की समीक्षा बैठक में दी।
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 2 अक्टूबर को जिला फरीदाबाद के दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे का शुभारंभ प्रातः 9 बजे “नमो वन” हरित जैव-विविधता कॉरिडोर के अंतर्गत सेक्टर-9, बाईपास रोड स्थित ग्रीनबेल्ट में पौधारोपण महाअभियान से होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वयं पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। यह अभियान फरीदाबाद ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में हरित भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के रूप में स्थापित होगा।
उन्होंने बताया कि पौधारोपण कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री सेक्टर-15 में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और तत्पश्चात सूरजकुंड में दिवाली की उपलक्ष्य में आयोजित आत्मनिर्भर भारत स्वदेशी मेला का शुभारंभ करेंगे। यह मेला स्थानीय कारीगरों, उद्यमियों और महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करेगा, साथ ही स्वदेशी उद्योगों को बढ़ावा देने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
बैठक के दौरान डीसी विक्रम सिंह ने सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रम स्थलों पर की जाने वाली व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि साफ-सफाई, बिजली-पानी की उपलब्धता, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने यह भी कहा कि विभागीय स्टाल सीधे-सीधे जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े हों, ताकि आगंतुकों को सरकार की योजनाओं की सटीक जानकारी मिल सके और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ प्राप्त हो।
डीसी विक्रम सिंह ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में आमजन की अधिकतम सहभागिता हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा फरीदाबाद जिले के लिए गौरव का अवसर है और इसे सफल बनाने में सभी विभाग सक्रिय भूमिका निभाएं।
समीक्षा बैठक में एडमिन एचएसवीपी अनुपमा अंजलि, सीईओ जिला परिषद शिखा, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, एसीपी राजीव कुमार, सीटीएम मयंक भारद्वाज सहित अन्य सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
हरियाणा में आंगनवाड़ी ढांचे को मिली नई मजबूती, मुख्यमंत्री ने 24 करोड़ रुपये की लागत से 500 नवीनीकृत व 64 नए आंगनवाड़ी भवनों का किया लोकार्पण
कुरुक्षेत्र । हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आंगनवाड़ी ढांचे को नई मजबूती प्रदान करते हुए आज 15 करोड़ रुपये की लागत से 500 नवीनीकृत आंगनवाड़ी भवनों का लोकार्पण तथा 9 करोड़ रुपये की लागत से बने 64 नए आंगनवाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बच्चों और महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य तथा प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री मंगलवार को कुरुक्षेत्र में पोषण माह की 8वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पोषण कैलेंडर का भी अनावरण किया और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया। इसके अलावा, मुख्यमंत्री व अन्य अतिथियों ने कार्यक्रम स्थल पर पोषण माह, स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार व महिलाओं के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर आधारित लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने दुर्गा अष्टमी की बधाई देते हुए कि आज दुर्गा अष्टमी के अवसर पर महिलाओं के लिए धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर पोषण माह की 8वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय समारोह के आयोजन का अत्यंत महत्व है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए पूरे देश में पोषण माह का आयोजन वर्ष 2018 से किया जा रहा है। परिवार के प्रति समर्पण भाव में महिलाएं इतना व्यस्त हो जाती हैं कि वे अपनी सेहत का ख्याल नहीं रख पाती। इसी समर्पण भाव को देखते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने महसूस किया कि महिलाओं की सेहत और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी सरकार की भी है। उन्होंने 8 मार्च, 2018 को राजस्थान के झुंझुनू जिले से देशव्यापी पोषण अभियान की शुरुआत की थी। इस अभियान के 8 साल हो गए हैं। यह पोषण माह महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा और बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इस पोषण अभियान का उद्देश्य 6 वर्ष तक की आयु के बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं तथा स्तनपान कराने वाली माताओं के पोषण स्तर में सुधार करना है।
उन्होंने कहा कि इस साल पोषण माह की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा गत 17 सितम्बर को उनके 75वें जन्मदिन पर मध्य प्रदेश से की गई थी। उसी दिन उन्होंने राष्ट्रव्यापी ‘स्वस्थ नारी—सशक्त परिवार’ अभियान का शुभारंभ भी किया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम न रहकर एक जन आंदोलन बन चुका है। गांव-गांव में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने, स्वयंसेवी संस्थाओं ने, पंचायतों और युवाओं ने मिलकर इस मिशन को आगे बढ़ाया है। इस मिशन को एक दिन अथवा एक मास तक ही नहीं, बल्कि पूरे साल चलाए रखना है। इसीलिए आज, पोषण कैलेंडर भी लॉन्च किया गया है।
उन्होंने कहा कि 8वें पोषण माह का थीम व्यापक है। इसमें ‘मोटापे पर नियंत्रण, नन्हें बच्चों की देखभाल, एक पेड़ मां के नाम, बच्चों और महिलाओं की देखभाल में पुरुष सहभागिता और स्थानीय खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देना’ शामिल है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास केवल पोषण की जानकारी देना भर नहीं है, हम चाहते हैं कि लोगों को जागरूक कर जीवनशैली में स्थायी बदलाव लाया जाए।
उन्होंने कहा कि पोषण माह केवल विभागीय योजना नहीं, बल्कि शिक्षा, कृषि, पंचायत, महिला एवं बाल विकास और ग्राम विकास विभागों के संयुक्त प्रयास से एक बहुआयामी आंदोलन है। इसके तहत समेकित बाल विकास सेवा योजना के अंतर्गत 6 साल तक के बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण स्तर, मनोवैज्ञानिक तथा सामाजिक विकास की देखरेख की जा रही है। इसी उद्देश्य से राज्य में 4 हजार प्ले-वे स्कूल खोले गए हैं। इनमें 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों को प्री-स्कूल शिक्षा प्रदान की जा रही है। इस वित्त वर्ष के बजट में 2 हजार और प्ले-वे स्कूल खोलने की घोषणा की गई। ये स्कूल आंगनवाड़ी केंद्रों में ही संचालित किए जाएंगे। इनकी पहचान कर ली गई है।
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार का आधार और सशक्त परिवार ही सशक्त भारत का आधार
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नारी का स्वास्थ्य, परिवार की सबसे बड़ी संपत्ति है। स्वस्थ नारी ही सशक्त परिवार का आधार है और सशक्त परिवार ही सशक्त भारत का आधार है। नारी के सशक्त होने से समाज मजबूत होता है, इसलिए महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना आवश्यक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर देशभर में लाखों स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं, जिनमें लाखों बहनों का स्वास्थ्य परीक्षण प्रतिदिन हो रहा है। उन्होंने माताओं और बहनों से अपील की कि वे अवश्य समय निकालकर इन शिविरों में जाकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराएं।
कामकाजी महिलाओं के छोटे बच्चों की देखभाल के लिए प्रदेश में चल रहे 500 क्रेच
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कामकाजी महिलाओं के छोटे बच्चों की देखभाल के लिए ‘विस्तृत क्रेच नीति’ लागू करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य है। भारत सरकार ने हरियाणा के सभी जिलों में 628 आंगनवाड़ी केंद्रों को आंगनवाड़ी-सह-क्रेच में बदलने की स्वीकृति दी है। इस समय प्रदेश में 500 क्रेच चल रहे हैं। इनमें से 303 क्रेच आंगनवाड़ी केंद्रों को अपग्रेड करके बनाए गए हैं। शेष 197 स्टैण्डलोन क्रेच चल रहे हैं। इन क्रेच सेवाओं का लाभ 3,670 से अधिक कामकाजी महिलाओं को हो रहा है।
उन्होंने कहा कि कुपोषण को दूर करने के लिए प्रदेश में पूरक पोषण कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत 6 महीने से 6 वर्ष की आयु के 10 लाख 47 हजार बच्चों और 2 लाख 67 हजार गर्भवती व स्तनपान कराने वाली माताओं को पोषाहार दिया जा रहा है। आंगनवाड़ी में आने वाले बच्चों, गर्भवती महिलाओं व दूध पिलाने वाली माताओं के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार करने के लिए ‘मुख्यमंत्री दूध उपहार’ योजना चलाई जा रही है। इस योजना में 6 वर्ष तक के लगभग 8 लाख 28 हजार बच्चों तथा लगभग 3 लाख गर्भवती व दूध पिलाने वाली माताओं को फोर्टिफाइड दूध दिया जा रहा है।
फरीदाबाद । डीटीपी इंफोर्समेंट विभाग द्वारा अवैध कॉलोनियों पर लगातार सख्त कदम उठाते हुए एक के बाद एक बड़ी कार्रवाईयों को अंजाम दिया जा रहा है। जब से डीटीपी इंफोर्समेंट अधिकारी यजन चौधरी ने अपना कार्यभार संभाला है, तभी से उन्होंने जिले में चल रही अवैध कॉलोनी और निर्माण गतिविधियों पर पैनी नजर बनाई हुई है। इसी क्रम में, सोमवार को फतेहपुर तगा और मडालपुर में तीन अवैध कॉलोनियों (5 एकड़, 1.5 एकड़ और 0.5 एकड़) पर तोड़फोड़ अभियान चलाया गया। इस दौरान 6 अधनिर्मित ढांचे, 1 पक्का निर्माण (आंशिक रूप से), 4 बाउंड्री वॉल, 6 डीपीसी और कच्चे रास्तों का नेटवर्क ध्वस्त किया गया।
वहीं, आज एक और बड़ी कार्रवाई में गांव कबूलपुर बंगर की तीन अवैध कॉलोनियों (10 एकड़, 4 एकड़ और 2 एकड़) को ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई में 3 अधनिर्मित ढांचे, 4 बाउंड्री वॉल, 19 डीपीसी और कच्चे रास्तों का नेटवर्क हटाया गया। इन कार्रवाइयों को डीटीपी इंफोर्समेंट अधिकारी यजन चौधरी के नेतृत्व और ड्यूटी मजिस्ट्रेट एटीपी सचिन चौधरी की निगरानी में सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। मौके पर जेई निरंजन, जेई रहमान, मोहम्मद सलीम, लोकेश, देविंदर और कपिल सहित पूरी टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई और अभियान को सफलता तक पहुंचाया।
इन लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि विभाग किसी भी हाल में अवैध कॉलोनियों को विकसित नहीं होने देगा। यह सरकार की उस स्पष्ट मंशा को दर्शाता है, जिसके तहत न तो कृषि योग्य भूमि बर्बाद होने दी जाएगी और न ही लोगों को गुमराह कर अवैध कॉलोनियों में निवेश करने दिया जाएगा।
डीटीपी इंफोर्समेंट अधिकारी यजन चौधरी ने जनता से अपील की है कि लोग सतर्क रहें और ऐसी अवैध कॉलोनियों में निवेश से बचें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग का उद्देश्य कृषि भूमि की रक्षा करना और शहर के सुव्यवस्थित विकास को सुनिश्चित करना है।