Join our community of SUBSCRIBERS and be part of the conversation.
To subscribe, simply enter your email address on our website or click the subscribe button below. Don't worry, we respect your privacy and won't spam your inbox. Your information is safe with us.
परिवार जनों को बंधाया ढांढस, समाज के लिए अपूर्णीय क्षति बताया
फरीदाबाद । हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज फरीदाबाद पहुंचे और हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल के आवास पर जाकर उनकी भाभी श्रीमती रेनू गोयल के आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर स्व. रेनू गोयल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में परिवार को धैर्य बनाए रखना चाहिए और ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस गहन दु:ख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमती रेनू गुप्ता का अचानक इस दुनिया से चले जाना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उनका निधन न केवल परिवार के लिए बल्कि पूरे समाज के लिए अपूर्णीय क्षति है। स्वर्गीय रेनू गोयल स्नेही, सरल और सौम्य स्वभाव की महिला थीं, जिन्होंने अपने जीवन में सभी के साथ अपनत्व का व्यवहार किया। उनके व्यक्तित्व और कार्यों की स्मृति हमेशा लोगों के हृदय में बनी रहेगी। मुख्यमंत्री ने मंत्री विपुल गोयल व परिजनों को आश्वासन दिया कि इस दुख की घड़ी में पूरा समाज और वे स्वयं उनके साथ हैं।
बता दें कि मंत्री विपुल गोयल की भाभी 65 वर्षीय श्रीमती रेणु गोयल का गत 24 सितंबर को अचानक निधन हो गया था। वे स्व. विनोद गोयल की धर्मपत्नी थी, जिनके तीन बच्चे हैं।
इस अवसर पर फरीदाबाद मंडल के आयुक्त संजय जून, पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता, डीसी विक्रम सिंह, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव राजीव जेटली, एसडीएम फरीदाबाद अमित कुमार, मीडिया कॉर्डिनेटर मुकेश वशिष्ठ, फरीदाबाद भाजपा अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, बल्लभगढ़ भाजपा के अध्यक्ष सोहन पाल सिंह सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य व्यक्तियों ने मंत्री विपुल गोयल के आवास पर पहुंच कर शोक जताया और स्व. रेनू गोयल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर परिवार के सदस्य मंत्री विपुल गोयल के भाई अशोक गोयल, भतीजे अमन गोयल व हितेश गोयल व भतीजी एकता सिंघल आदि मौजूद थे।
फरीदाबाद। डीएवी शताब्दी कॉलेज, फरीदाबाद के उद्यमिता प्रकोष्ठ ने पीजी कॉमर्स विभाग के सहयोग से “स्लोगन लेखन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता” का आयोजन उद्यमिता पखवाड़ा के अंतर्गत किया। यह कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार के दूरदर्शी मार्गदर्शन में आयोजित हुआ और विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी प्राप्त हुई। प्रतियोगिता में कुल 70 प्रतिभागियों ने भाग लिया और अपनी रचनात्मकता एवं नवोन्मेषी विचारों को प्रदर्शित किया।
निर्णायक मंडल में स्लोगन लेखन प्रतियोगिता के लिए डॉ. नीरज सिंह और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के लिए सुश्री आरती कुमारी शामिल रहीं। उनके सारगर्भित मूल्यांकन एवं प्रेरणादायी प्रतिक्रिया ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।इस कार्यक्रम का संचालन डॉ. बिंदु रॉय ने किया, जबकि आयोजन सचिव के रूप में सुश्री शिखा राघव और श्री एन.पी. ने सफलतापूर्वक समन्वय किया। स्वयंसेवक स्नेहा, प्रियंका और विशाल भाटी ने प्रतियोगिता की सुचारू रूप से संपन्नता में महत्त्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और उत्साह को उजागर किया तथा सृजनात्मकता, नवाचार और उद्यमशील सोच को प्रोत्साहित किया। विजेताओं को उनकी उपलब्धियों के सम्मान स्वरूप प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान की गईं। स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में मनप्रीत कौर, दृष्टि अग्रवाल और खुशी ने क्रमशः प्रथम द्वितीय अथवा तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में आयुष त्रिवेदी, यति और भूमिका ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।अंत में डॉ. बिंदु रॉय ने प्राचार्य, निर्णायकों, संकाय सदस्यों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया, जिनके सामूहिक प्रयासों ने इस प्रतियोगिता को सफल बनाया।
स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत जिला के विभिन्न क्षेत्रों में चला सफाई अभियान, गलियों-नालियों की हुई विशेष सफाई
शिव कॉलोनी तिलपत, ओमेक्स वर्ल्ड स्ट्रीट सेक्टर- 79, सेक्टर- 19 कपूरी कॉलोनी, सेक्टर- 91 इस्माइलपुर रोड, 30 फुट रोड विनय नगर, भूदत्त कॉलोनी बल्लभगढ़ जैसे क्षेत्रों में विशेष सफाई कार्य किया गया
फरीदाबाद। उपायुक्त विक्रम सिंह के निर्देशानुसार स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा (17 सितंबर से 2 अक्टूबर) के अंतर्गत आज जिला में विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान का आयोजन किया गया। जिसमें शिव कॉलोनी तिलपत, ओमेक्स वर्ल्ड स्ट्रीट सेक्टर- 79, सेक्टर- 19 कपूरी कॉलोनी, सेक्टर- 91 इस्माइलपुर रोड, 30 फुट रोड विनय नगर, भूदत्त कॉलोनी बल्लभगढ़ में सफाई अभियान किया गया।
अभियान के दौरान ग्राम पंचायत की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई की गई। कूड़े-कचरे के उचित निस्तारण, गंदगी को हटाने तथा जलभराव रोकने के लिए ठोस कदम उठाए गए। सफाई कर्मचारियों की टीम गठित कर स्थानों के अलग-अलग हिस्सों में सफाई कार्य कराया गया। साथ ही, लोगों को भी अपने घर और आस-पड़ोस की साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
डीसी विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में सेवा पखवाड़ा के तहत फरीदाबाद में स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। अधिकारी और कर्मचारी न केवल सार्वजनिक स्थलों की सफाई कर रहे हैं, बल्कि नागरिकों को भी अपने घर और आसपास सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। इस अभियान में अतिक्रमण हटाना, शौचालयों का नवीनीकरण, सड़कों व डिवाइडरों की मरम्मत, पार्कों की देखभाल, पौधारोपण, जलभराव की समस्या का समाधान, स्ट्रीट लाइट सुधार और बाजारों व दीवारों की सफाई व सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।
डीसी विक्रम सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने घर और आसपास की साफ-सफाई में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कचरा सड़कों पर न फेंकें और सफाई के लिए प्रशासन द्वारा दी गई सुविधाओं का सही उपयोग करें। उन्होंने बताया कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक सतत प्रक्रिया है, जिसे जनता की भागीदारी से ही सफल बनाया जा सकता है। हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने घर और गली को साफ रखने में योगदान दे। प्रशासन सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी कर रहा है और संबंधित टीमें सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता के महत्व को अपने बच्चों और परिवार को भी समझाएं और कचरा प्रबंधन में सहयोग करें। डीसी ने विश्वास जताया कि जब हर नागरिक जिम्मेदारी से भाग लेगा, तभी फरीदाबाद को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकेगा।
फरीदाबाद । सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन एवं विषय विशेषज्ञ आपदा प्रबंधन डॉ एमपी सिंह ने पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय मोठूका में राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण दिवस मनाया जिसमें 520 विद्यार्थियों तथा 25 अध्यापकों ने भाग लिया। डॉ एमपी सिंह ने एनडीएमए से संबंधित जानकारी देते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री इसके अध्यक्ष होते हैं और यह गृह मंत्रालय के तहत कार्य करता है यह आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत स्थापित किया गया था इसकी मुख्य जिम्मेदारी आपदा प्रबंधन से संबंधित नीतियों, योजनाओं और दिशा निर्देशों को निर्धारित करना है और क्रियान्वित कराना है तथा पूरे देश में आपदा प्रबंधन की जानकारी देना एवं पूर्व की तैयारी कराना है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार या राज्य सरकार व राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति एवं जिला प्रशासन के द्वारा जारी निर्देशों की पालना करने से इनकार करने पर डीएम एक्ट की धारा 51 बी के तहत दंड देने का अधिकार है इसमें 1 वर्ष की कैद व जुर्माना हो सकता है अगर इनकार के कारण किसी की मौत हो जाती है तो दो साल की सजा एवं जुर्माना हो सकता है।
इस अवसर पर उन्होंने भूकंप आपदा एवं बाढ़ आपदा पर विस्तृत जानकारी देते हुए फर्स्ट एड टीम एवं सर्च एंड रेस्क्यू टीमों का गठन किया गया तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने के तरीकों का प्रशिक्षण दिया तथा विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार यादव ने कार्यक्रम की विधिवत शुरूआत की और उप प्राचार्य सतीश कुमार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए धन्यवाद पारित किया इस अवसर पर एनसीसी ऑफिसर उमेश राव के अलावा समस्त अध्यापक लोग उपस्थित रहे।
फरीदाबाद। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल की भाभी एवं स्वर्गीय विनोद गोयल जी की धर्मपत्नी रेनू गोयल का 24 सितंबर, बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से पूरे गोयल परिवार में गहरा शोक व्याप्त है। शुक्रवार को प्रदेश और क्षेत्र के कई वरिष्ठ नेताओं ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और श्रीमती रेनू गोयल को श्रद्धासुमन अर्पित कर अपनी संवेदनाएँ प्रकट कीं।
शोक व्यक्त करने के लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार, राज्य सरकार में मंत्री राजेश नागर, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं सांसद दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व मंत्री महेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक मूलचंद शर्मा, कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, कांग्रेस नेता विजय प्रताप,कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक, रोहित नागर,सुमित गौड, पराग शर्मा,अनिल नेता जी, जवाहर ठाकुर,हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रेसिडेंट जितेंद्र भारद्वाज, नगर निगम मेयर प्रवीण जोशी, इनेलो नेता आदित्य देवीलाल चौटाला सहित अन्य राजनेता भी उनके निवास पर पहुंचे।
सभी ने कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें और पूरे परिवार को ढांढस बंधाया। हरियाणा सरकार के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि रेनू गोयल जी के निधन से जो रिक्तता गोयल परिवार में आई है वो निश्चित पीड़ादायक है एवं वह दिवगंत आत्मा की सद्गति की कामना करते हैं।
तिगांव विधायक राजेश नागर ने कहा कि श्रीमती रेनू गोयल का जाना परिवार के साथ साथ समाज की भी क्षति है।
श्रद्धांजलि सभा में क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी वर्ग के सदस्य और परिजन भी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करने की कामना की।
मंत्री राजेश नागर ने तिगांव सीएचसी में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत स्वास्थ्य जांच शिविर का किया उद्घाटन
फरीदाबाद । स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत तिगांव सीएचसी में आज एक स्वास्थ्य जांच एवं वैक्सीनेशन शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंत्री राजेश नागर ने बताया कि यह शिविर 8वें राष्ट्रीय पोषण सप्ताह के अंतर्गत आयोजित किया गया है। इसमें बड़ी संख्या में महिला एवं बच्चों के लिए टीकाकरण की व्यवस्था की गई है। इन टीकों में काली खांसी, पोलियो, निमोनिया, टीबी, रेबीज, रुबेला आदि की रोकथाम करना संभव है।
उन्होंने लोगों से कहा कि वह अपने बच्चों के संपूर्ण टीकाकरण करवाएं जिससे कि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके। आज हमारे पास अधिकांश बीमारियों की रोकथाम के लिए टीका मौजूद है, जिसे सरकार अपने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क लगाती है। इन टीकों को लगवाने के लिए आप अपनी एएनएम, आशा वर्कर या आंगनबाड़ी सहायिका से भी संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी सरकारी अस्पताल में जाकर इन्हें निशुल्क लगवाया जा सकता है। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि स्वस्थ नारी सशक्त परिवार की थीम द्वारा यह टीकाकरण अभियान विशेष कर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है, जिसमें आप अब तक छूट गए टीकों को भी लगवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का सपना है कि भारत पूरी तरीके से महामारियों से मुक्त हो जाए और यहां सभी लोग स्वस्थ एवं खुशहाल हों, इसके लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में आमूल चूल परिवर्तन किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर अधाना पट्टी के सरपंच प्रतिनिधि वेद प्रकाश अधाना तिगांव के सरपंच विक्रम प्रताप नागर, डॉ श्वेता भड़ाना और डॉक्टर हितेश नागर प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
फरीदाबाद। डी.ए.वी. शताब्दी महाविद्यालय, फरीदाबाद में लाइब्रेरी नॉलेज क्लब के तत्वावधान में बुकमार्क मेकिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में बुकमार्क निर्माण की जानकारी एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना रहा।इस प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विभिन्न विभागों से लगभग 70 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।परिणामस्वरूप इशिता शुक्ला ने प्रथम स्थान, भूमिका गुप्ता ने द्वितीय स्थान, मनीषा ने तृतीय स्थान तथा गौरव सिंह तंवर ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की सृजनात्मक अभिरुचियों को प्रोत्साहन देने में सहायक होती हैं।
सम्पूर्ण कार्यक्रम का सफल आयोजन लाइब्रेरी कन्वीनर डॉ. जितेंद्र ढुल के निर्देशन तथा को-कन्वीनर डॉ. अंजू गुप्ता, लाइब्रेरियन रितु की देखरेख में संपन्न हुआ।प्रतियोगिता का निर्णय नेत्रपाल सैन द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन एवं मंच का संचालन डॉ. मीनाक्षी कौशिक ने किया। आयोजन में लाइब्रेरी स्टाफ सदस्यों रेनू, मोहिनी बिष्ट और सिया ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने हरियाणा युवा काँग्रेस के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कैंप में युवा कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
फरीदाबाद, रूपेश देव। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा आज हरियाणा युवा काँग्रेस के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कैंप में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने युवा कांग्रेस पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में बीजेपी को काम करने के आधार पर वोट नहीं मिले, बल्कि बीजेपी ने साम-दाम-दंड-भेद के आधार पर जनादेश लूटकर सरकार बनाई है। प्रदेश की जनता बीजेपी सरकार से दुखी है। उन्होंने हरियाणा के नौजवानों से अपील करी कि वे देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए आगे आएं। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि देश में बीजेपी की गलत नीतियों ने बेरोजगारों की फौज खड़ी कर दी है। पढ़ा-लिखा योग्य युवक रोजगार न मिलने से हताश व निराश है इसी का परिणाम है कि देश भर में युवा आंदोलन के रास्ते पर चल पड़ा है। पकौड़े तलने को रोजगार बताने वाली बीजेपी बताए कि सारे बेरोजगार पकौड़े तलेंगे तो खरीदेगा कौन? उन्होंने कहा कि 2014 में बीजेपी ने प्रतिवर्ष 2 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, 12 साल हो गए इस हिसाब से 24 करोड़ रोजगार मिलने चाहिए थे। देश में इतने ही घर हैं क्या हर घर में रोजगार आया? दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि युवा अब जुमलेबाजी से तंग आ गए हैं अब बीजेपी के बहकावे में नहीं आने वाले।
उन्होंने कहा कि पूरे देश ने देखा कि भाजपा ने चुनाव और चुनाव की प्रक्रिया को प्रभावित करके हरियाणा, महाराष्ट्र में विधान सभा चुनाव और लोकसभा चुनाव जीता है। हरियाणा में पिछले 15 विधानसभा चुनाव में काँग्रेस को सबसे ज्यादा मत प्रतिशत 2024 में मिला। कांग्रेस पार्टी ने पिछले साल लोकसभा में 1984 के बाद दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा मत प्रतिशत अर्जित किया। जनभावना हरियाणा में बदलाव करने की थी, लेकिन भाजपा ने चुनाव आयोग से मिलीभगत करके जनभावना को चुराने का काम किया है। वोट चोरी से बनाई गई बीजेपी सरकार ने हरियाणा के विकास को ही नहीं प्रदेश की राजनीति को भी पटरी से उतार दिया।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि फरीदाबाद में आम लोग बिजली, पानी, सड़क, साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे हैं। जहां-तहां कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, सड़कों पर सीवर का पानी बह रहा है, लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। बीजेपी ने फरीदाबाद को फकीराबाद बनाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि चौ. भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के समय फरीदाबाद में 700 करोड़ रुपए की लागत से ईएसआई मेडिकल कॉलेज बनाया गया। कांग्रेस सरकार के समय ही बदरपुर फ्लाईओवर का निर्माण हुआ, मेट्रो आई, फोरलेन सड़क बनी, आईएमटी पृथला की स्थापना की गई। वार्ड, मोहल्ले, गलियों को सीमेन्टेड सड़कों से पाट दिया गया था और पीने के पर्याप्त पानी की व्यवस्था व सीवरेज व्यवस्था को दुरूस्त किया गया था। लेकिन आज खारे पानी की समस्या पूरे फरीदाबाद में है लोगों को पीने का साफ पानी तक मिलना दुश्वार हो रहा है। लोग पानी भी खरीद कर पीने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हरियाणा के नौजवान का भविष्य अंधकारमय बना दिया है। बीजेपी ने प्रदेश की राजनीति नकारात्मक मुद्दों पर केंद्रित कर दिया, भाई को भाई से लड़वाने का काम किया। 2014 से पहले हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, निवेश और रोजगार देने में नंबर 1 माना जाता था। प्रदेश के विकास की चमक पूरे देश में दिखती थी। बीजेपी ने प्रदेश के नौजवान के भविष्य को तबाह कर दिया। हरियाणा प्रदेश जहां दूध-दही का खाना था उसे बीजेपी-जेजेपी सरकार ने शराब, चिट्टा, हीरोइन, स्मैक और सिंथेटिक नशे का अड्डा बना दिया। हरियाणा का नौजवान आज देश में सबसे ज्यादा बेरोजगारी, सबसे ज्यादा नशाखोरी, पलायन का सामना कर रहा है।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज नांगल चौधरी से विधायक मंजू चौधरी के समधी व कांग्रेस के पूर्व पार्षद महेश मणि के निधन पर उनके आवास पहुँचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और प्रदेश सरकार के मंत्री विपुल गोयल की भाभी श्रीमती रेनू गोयल जी के निधन पर उनके आवास पर पहुँचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए व परिवार से मिलकर शोक व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से साथ AICC सचिव एवं हरियाणा कांग्रेस सह-प्रभारी प्रफुल्ल गुडधे, विधायक रघुबीर तेवतिया, विधायक मंजू चौधरी, पूर्व विधायक नीरज शर्मा, बड़खल विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी विजय प्रताप, बल्लभगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी पराग शर्मा, तिगांव विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी रोहित नागर, हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशीत कटारिया, सीताराम लांबा, शिवि चौहान, रिंकू चंदेला, गुलशन बग्गा, तरुण तेवतिया, ठाकुर राजाराम, जगन डागर, सुमित गौड़, अनिल नेताजी, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, वेदपाल दायमा, संजय सोलंकी, सुरेंद्र नेताजी, पोषवाल जी, कृष्ण अत्री, फरीदाबाद युवा कांग्रेस के ग्रामीण जिलाध्यक्ष हरीश तंवर, फरीदाबाद युवा कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष विकास दायमा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्यातिथि के रूप में हुए शामिल
फरीदाबाद । भारत सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य और सशक्तिकरण हमारे परिवारों, समुदायों और समग्र राष्ट्र की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है ताकि विकसित भारत@2047 के विजन को साकार किया जा सके। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने आज एनआईटी-3 स्तिथ ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रांगण में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक जिले में ‘स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
नमो ड्रोन दीदी योजना’ से महिलाओं को मिला आधुनिक तकनीक में प्रशिक्षण केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सदैव ‘नारी शक्ति’ के रूप में प्राथमिकता दी गई है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 70 प्रतिशत से अधिक ऋण, स्टैंड-अप इंडिया योजना में 75 प्रतिशत ऋण और जन-धन खातों में 55 प्रतिशत हिस्सेदारी महिलाओं की है। लगभग 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर ग्रामीण भारत में बदलाव ला रही हैं, जिनमें से एक करोड़ से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ पहल के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त बनी हैं। उन्होंने बताया कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के अंतर्गत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर नीति निर्धारण में उनकी भागीदारी को नई पहचान दी गई है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी में भी महिलाएं अग्रणी हैं—चंद्रयान-3 की सफलता में 50 से अधिक महिला वैज्ञानिकों और इंजीनियरों का योगदान इसका उदाहरण है। ‘नमो ड्रोन दीदी योजना’ के माध्यम से महिलाओं को आधुनिक ड्रोन तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
स्वस्थ नारी–सशक्त परिवार अभियान में महिलाओं के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत माताओं को पहले बच्चे पर 5,000 रुपये और दूसरे बच्चे के रूप में कन्या संतान पर 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। अब तक 4 करोड़ से अधिक माताओं को DBT के माध्यम से 19,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत 6 करोड़ से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग, 2.7 करोड़ से ज्यादा जेनेटिक कार्ड वितरण और नवजात शिशुओं व किशोरों का उपचार किया गया है। “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान” के तहत देशभर में महिलाओं के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित हो रहे हैं, जिनमें एनीमिया, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कैंसर जांच, मातृ एवं शिशु देखभाल, पोषण परामर्श और “निक्षय मित्र अभियान” जैसी सेवाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान “पोषण माह” के साथ मिलकर मातृ, किशोर एवं बाल पोषण को मजबूत करने और समाज को सशक्त बनाने का एक अनूठा अवसर है। स्वस्थ महिला ही सशक्त परिवार, सक्षम समाज और मजबूत राष्ट्र की आधारशिला है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार सेवा और संवेदनशीलता के रूप में हर नागरिक के साथ खड़ी है। चाहे बहनों और बेटियों की सुरक्षा का प्रश्न हो, बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का कार्य हो, लाडो लक्ष्मी योजना जैसी महिला सशक्तिकरण पहल हो, पेंशन योजनाओं का समय पर लाभ पहुँचाना हो या फिर प्रसव के समय माताओं को सहायता प्रदान करने की व्यवस्था—हर क्षेत्र में सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुविधा पहुँचाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि देश का कोई भी नागरिक उपेक्षित न रहे। यही कारण है कि केंद्र सरकार महिलाओं, किसानों, श्रमिकों, युवाओं, वरिष्ठजनों और दिव्यांगजनों सहित समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज का आयोजन न केवल स्वास्थ्य और स्वच्छता के महत्व को रेखांकित करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सरकार “सेवा ही संगठन” के भाव को लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचने का सतत प्रयास कर रही है।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को टीबी मुक्त भारत और रक्तदान करने की शपथ दिलाई गई साथ ही ईएसआई डॉक्टर द्वारा 3 टीबी मरीजों को गोद लेकर पोषण किट दी गई।
कार्यक्रम में पार्षद गायत्री देवी, ईएसआई मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ चवन कालिदास दत्तात्रेय, मेडिकल सर्जन डॉ संदीप कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्तिगण मौजूद रहे।
फरीदाबाद। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-cum-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद, श्रीमती रीतू यादव ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस को रचनात्मक और सहभागी प्रारूप के माध्यम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार “कानूनी सहायता के माध्यम से न्याय” विषय पर राष्ट्रीय फोटोग्राफी एवं कला प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है। श्रीमती रितु यादव ने जानकारी दी कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य है कि नागरिक, कलाकार, फोटोग्राफर, छात्र, स्वयंसेवक तथा विधिक सेवा से जुड़ी बिरादरी दृश्य कला के माध्यम से यह प्रदर्शित करें कि कानूनी सहायता सेवाओं की पहुँच और प्रभाव किस प्रकार समाज में लोगों तक न्याय पहुँचा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए प्रतिभागी अपनी फोटोग्राफ, पेंटिंग, रेखाचित्र अथवा अधिकतम 1 मिनट की वीडियो 5 अक्टूबर तक निर्धारित ईमेल आईडी पर भेज सकते हैं। सभी प्रविष्टियाँ न्याय विषय पर आधारित होना अनिवार्य है। सीजीएम रीतू यादव ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शनी हेतु प्रस्तुत सभी प्रविष्टियाँ राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की संपत्ति मानी जाएँगी। NALSA को यह अधिकार होगा कि वह इनका उपयोग जागरूकता, प्रचार अथवा अभिलेख उद्देश्यों के लिए बिना किसी अतिरिक्त अनुमति या भुगतान के पुनःप्रकाशित अथवा पुनरुत्पादित कर सके।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे इस प्रदर्शनी में बढ़-चढ़कर भाग लें और कला व फोटोग्राफी के माध्यम से “न्याय सबके लिए” के संदेश को व्यापक रूप से पहुँचाए