Join our community of SUBSCRIBERS and be part of the conversation.
To subscribe, simply enter your email address on our website or click the subscribe button below. Don't worry, we respect your privacy and won't spam your inbox. Your information is safe with us.
सुमित गौड़ व सुंदर सिंह बोले, अभियान चलाकर खोले भाजपा सरकार की पोल
फरीदाबाद। सुंदर सिंह नेताजी को कांग्रेस एससी विभाग का जिला फरीदाबाद चेयरमैन तथा कृपाल सिंह वाल्मीकि को प्रदेश सचिव एससी विभाग कांग्रेस बनाए जाने पर हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़ ने इन दोनों नेताओं का आज अपने सेक्टर-10 स्थित कार्यालय जिला कांग्रेस भवन पर फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़ ने सुंदर सिंह नेताजी व कृपाल सिंह की नियुक्ति पर अखिल भारतीय कांग्रेस एससी विभाग के चेयरमैन राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश चेयरमैन मनोज बागड़ी, पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष चौ. उदयभान, सांसद दीपेंद्र हुड्डा का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उनके साथ मुख्य रुप से प्रदेश प्रवक्ता नीरज गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता संजय सोलंकी, युवा समाजसेवी वरुण बंसल, सतपाल सिंह, धीरन निगम संजय निगम, राजू, दिनेश आदि मौजूद थे।
इस मौके पर सुमित गौड़ ने कहा कि सुंदर सिंह नेताजी को पुन: जिम्मेदारी उनके द्वारा कांग्रेस पार्टी के लिए किए गए बेहतर कार्याे के लिए दी गई है। सुंदर नेताजी ने अपने पिछले कार्यकाल में सभी वर्गाे को साथ लेकर कार्य किए और पार्टी को मजबूती प्रदान की और भविष्य मेें भी वह कांग्रेस को मजबूत करने का काम करेंगे। श्री गौड़ ने कहा कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार से जनता त्रस्त आ चुकी है इसलिए अब उनके द्वारा भाजपा सरकार का पोल खोल अभियान चलाया जाएगा और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। वहीं चाय पर चर्चा कार्यक्रम के तहत लोगों को पार्टी से जोडऩे का काम किया जाएगा।
सिरसा में दक्षिण बाइपास के जल्द निर्माण को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से किया अनुरोध
चंडीगढ़। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिच, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा निरंतर प्रयासों का बड़ा नतीजा सामने आया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय भारत सरकार ने पत्र के माध्यम से सूचित किया है कि हिसार से डबवाली तक राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-9) के नवीनीकरण का कार्य एक अक्टूबर से शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही सांसद ने मंत्री से अनुरोध किया है कि जालंधर-तारानगर नेशनल हाइवे 703 को जोड़ने वाले सिरसा दक्षिण बाइपास का निर्माण जल्द से जल्द करवाया जाए ताकि नगर को यातायात से मुक्ति मिल सके और वाहन चालकों को कोई परेशानी न हो।
मीडिया को जारी बयान में सांसद कुमारी सैलजा ने कहा है कि उन्हें मंत्रालय की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि हिसार-डबवाली नेशनल हाइवे के पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्य के लिए विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है और ठेकेदार को आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह काम परफॉर्मेंस बेस्ड मेंटेनेंस कॉंट्रेक्ट (पीबीएमसी) के तहत होगा। साथ ही, डिंग, साहुवाला प्रथम, ओढ़ा, चोरमार और सत्ताखेड़ा गांवों में ओवरब्रिज और अंडरब्रिज बनाए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को सडक़ पार करने में सुविधा होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। सरकार की ओर से यह भी बताया गया है कि हिसार-डबवाली मार्ग पर लाइटों को दुरुस्त कर दिया गया है तथा संकेतक बोर्ड लगा दिए गए हैं।
कुमारी सैलजा ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की जनता के लिए बड़ी राहत लेकर आएगी। अभी भी कुछ कार्य किए जाने बाकी हैं। विशेष रूप से सिरसा में फतेहाबाद एंट्री पॉइंट को सुधारने और वहां ऊंचे स्थान पर नई लाइट लगाने की आवश्यकता है। इन मुद्दों को जल्द ही मंत्रालय के समक्ष रखा जाएगा। इसके अतिरिक्त, सांसद कुमारी सैलजा द्वारा उठाई गई सिरसा के दक्षिणी बाइपास की मांग पर भी मंत्रालय ने सकारात्मक रुख अपनाया है और जालंधर-तारानगर रोड के दक्षिणी हिस्से में बाइपास की डीपीआर तैयार करने का आश्वासन दिया है। कुमारी सैलजा ने आग्रह किया है कि इस बाइपास का निर्माण शीघ्र किया जाए ताकि सिरसा शहर से गुजरने वाले भारी वाहनों का दबाव कम हो और शहर की जनता को राहत मिल सके।
सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि जालंधर-तारानगर नेशनल हाइवे 703 से पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के लोग सीधे जुड़ते हैं, सिरसा में दक्षिण बाइपास सिकंदपुर से सीधा भादरा रोड से जुड़ेगा, इससे पंजाब और राजस्थान की ओर से आने वाले वाहनों को सिरसा नगर के बीच से होकर आना जाना नहीं पडेगा साथ ही सिरसा नगर को यातायात जाम से मुक्ति भी मिल जाएगी। नेशनल हाइवे 703 जालंधर से मोगा, बरनाला, सरदूलगढ़,सिरसा, नोहर, तारानगर और चुरू को जोडेगा। सांसद ने कहा है कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय से सिरसा दक्षिण बाइपास निर्माण जल्द से जल्द शुरू करवाने को लेकर पत्र लिखा जाएगा।
चंडीगढ़। कांग्रेस महासचिव व सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बाढ़ राहत के नाम पर भाजपा व मोदी सरकार हरियाणा, पंजाब व हिमाचल का मज़ाक उड़ा रहे हैं। किसानों की मेहनत और लागत बाढ़ में डूब चुकी है। यहाँ तक कि घर-मकान-दुकान-उद्योग सब बाढ़ग्रस्त हैं और तीनों प्रांतों में 100 से अधिक लोग जान गंवा चुके।
अकेले हरियाणा में ₹20,000 करोड़ से अधिक का जान-माल-ट्यूबवेल-फसल-मवेशी-मकान-दुकान-उद्योग का नुकसान हुआ है। पंजाब में भी नुकसान का आकलन ₹20,000 करोड़ से अधिक है और हिमाचल में इंफ्रास्ट्रक्चर बहाली व आपदा राहत के लिए ₹20,000 से ₹25,000 करोड़ की जरूरत है।
परंतु प्रधानमंत्री, श्री नरेंद्र मोदी का 09 सितंबर का पंजाब व हिमाचल का दौरा राहत देने की बजाय तीनों प्रांतों के बाढ़-पीड़ितों के जख़्मों पर नमक छिड़क गया।
बाढ़ की बर्बादी की असलियत क्या है:-
हरियाणा को तो मोदी सरकार ने “राहत के नक्शे” से ही मिटा दिया।
? जब “चुटकले व हँसी-ठट्ठे” वाले श्रीमान नायब सैनी ही कहते हैं कि हरियाणा में केवल निचले इलाक़े में पानी आया है तो फिर PM मोदी जी ने भी न हरियाणा आने की ज़हमत की और न ही हरियाणा को एक फूटी कौड़ी दी।
? ये सब इसके बावजूद कि हरियाणा में 19 लाख एकड़ खड़ी फसल नष्ट हो गई, 5,728 गाँव बाढ़ ग्रस्त हैं, 11 शहर व 72 कस्बे बाढ़ प्रभावित हैं, हज़ारों मवेशी बह गये, लाखों घर व ट्यूबवेल ख़राब हो गए, 40 से अधिक लोगों की जान चली गई, तीन हज़ार एकड़ से अधिक खेती की ज़मीन बाढ़ के कटाव में बह गई, एक हज़ार से अधिक उद्योगों में पाँच फुट से अधिक पानी भर गया, पर मोदी जी व श्रीमान नायब सैनी को लगता है कि ‘कुछ हुआ ही नहीं’।
? देश के PM व हरियाणा के CM, दोनों ही हरियाणा की बेकद्री और बेहाली के लिए जिम्मेवार हैं।
? वोट लिया और हरियाणा से मुँह फेर लिया।
? जान लें, अकेले हरियाणा में ₹20,000 करोड़ से अधिक का जान-माल-ट्यूबवेल-फसल-मवेशी-मकान-दुकान-उद्योग का नुक़सान हुआ है, उसकी भरपाई कौन करेगा?
पंजाब में भी कॉमेडी शो चलाने वाले दूसरे CM ग़ायब हैं और मोदी सरकार हमेशा की तरह पंजाबियों द्वारा भाजपा को नकारने की सजा दे रही है। ये तो पंजाब के बहादुर लोगों का जज़्बा और सेवा भाव था कि उन्होंने डट कर बाढ़ का सामना किया और आज भी कर रहे हैं।
? पंजाब में भी नुकसान का आकलन ₹20,000 करोड़ से अधिक है। इसके मुकाबले बाढ़-राहत के नाम पर “नाम मात्र” की ₹1,600 करोड़ की राशि की घोषणा “पंजाबियों” का घोर अपमान है। यह भाजपा के पंजाब-विरोधी रवैये का जीता-जागता सबूत है।
नदियों-नालों के उफनते वेग व बर्बादी, बादल फटने, भूस्खलन, बाढ़ की आफत व बारिश से सबसे ज़्यादा तबाही का असर “देवभूमि” हिमाचल में पड़ा।
? किसान की फसल की भयंकर तबाही हो या भूमि-कटाव से पूरी-पूरी सड़कें बहकर गांवों व इलाकों का लिंक टूट जाने की भयावह पीड़ा हो, मुसीबतों की मार हिमाचल के भोले-भाले लोगों पर पड़ी है।
? हिमाचल में अकेले इंफ्रास्ट्रक्चर बहाली के लिए ₹15,000 से अधिक की जरूरत है और आपदा राहत के लिए अतिरिक्त ₹10,000 करोड़ की। ऐसे में मोदी सरकार द्वारा राहत के नाम पर हिमाचल को सिर्फ ₹1,500 करोड़ थमाकर अपना पल्ला झाड़ लेना एक “क्रूर मजाक” है।
क्या भाजपा भूल गई कि हरियाणा-हिमाचल से लोगों ने उन्हें 14 में से 9 MP चुन कर दिए हैं? अगर ये 9 MP न होते, तो दिल्ली में भाजपा की सरकार नहीं होती।
तो फिर हरियाणा और हिमाचल के साथ यह सौतेला व्यवहार क्यों?
सूरजकुंड में लगेगा भव्य दिवाली मेला, 2 से 7 अक्टूबर तक रहेगा आकर्षण का केंद्र
फरीदाबाद। जिला फरीदाबाद में दीपावली पर्व के अवसर पर वर्ष 2025-26 के लिए सूरजकुंड में भव्य दीवाली मेला ‘हम परिवारों को जोड़ते है’ (we unite families) थीम पर आयोजित किया जाएगा। यह मेला न केवल लोगों के लिए उत्सव और मनोरंजन का अवसर बनेगा, बल्कि स्थानीय व्यापार, संस्कृति और कला को बढ़ावा देने का एक सशक्त मंच भी साबित होगा। इस बारे में जानकारी देते हुए पर्यटन विभाग के निदेशक डॉ. शालिन ने बताया कि दिवाली मेला 02 से 07 अक्टूबर 2025 तक छह दिन चलेगा। उन्होंने कहा कि मेला आयोजन में सुरक्षा, सुविधा और समृद्ध सांस्कृतिक अनुभव को प्राथमिकता दी जाएगी।
सजावटी सामान और गिफ्ट आइटम्स होंगे मेले के खास आकर्षण पर्यटन विभाग के निदेशक डॉ. शालिन ने बताया कि सूरजकुंड में आयोजित होने वाले दिवाली मेले में लगभग 500 स्टॉल स्थापित किए जाएंगे। इन स्टॉलों पर आभूषण, परिधान, फैशन एक्सेसरीज़, बुक्स, स्टेशनरी, बीमा सेवाएँ, प्राकृतिक पौधे, गिफ्ट आइटम्स, घरेलू सजावटी सामग्री, खिलौने, ब्यूटी प्रोडक्ट्स और आर्ट एंड कल्चर से जुड़ी वस्तुएँ उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रकार के खाद्य उत्पाद भी आगंतुकों को आकर्षित करेंगे।
मेले में कलर कोडेड ज़ोन से खरीदारी होगी आसान डॉ. शालिन ने बताया कि प्रत्येक ज़ोन को अलग-अलग रंगों के आधार पर कलर कोड किया जाएगा, जिससे आगंतुकों को अपनी पसंद के स्टॉल तक पहुँचने में आसानी होगी। उदाहरण स्वरूप, पीले रंग का ज़ोन खाद्य वस्तुओं के लिए, बैंगनी रंग का ज़ोन परिधानों के लिए और अन्य रंग विभिन्न श्रेणियों के लिए निर्धारित किए जाएंगे।
म्यूजिकल शो, नृत्य और फैशन शो होंगे मेले का खास आकर्षण डॉ. शालिन ने बताया कि सूरजकुंड में आयोजित होने वाले भव्य दिवाली मेले में आगंतुकों के मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि मेले में प्रतिदिन शाम 6 बजे से आकर्षक म्यूजिकल शो, नृत्य प्रस्तुतियाँ, गायन और फैशन शो आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी प्रतिभा को बड़े पैमाने पर प्रदर्शित कर सकें। साथ ही, दर्शकों को विविधता से भरपूर सांस्कृतिक अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा।
डिजिटल टिकटिंग से होगी प्रवेश प्रक्रिया आसान और सुरक्षित, छात्रों के लिए विशेष रियायत: 50% छूट पर टिकट डॉ. शालिन ने बताया कि टिकटिंग प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल होगी। ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था की गई है, जिसमें प्रत्येक टिकट पर क्यूआर कोड आधारित स्कैनिंग प्रणाली लागू होगी। इससे न केवल पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि आगंतुकों को भी प्रवेश में आसानी होगी। मेले में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष रियायत योजना रखी गई है, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।
इच्छुक विक्रेता और उद्यमी 12 सितम्बर से करें स्टाल बुकिंग ऑनलाइन डॉ. शालिन ने जानकारी दी कि सूरजकुंड दिवाली मेले 2025-26 में स्टाल की बुकिंग 12 सितम्बर 2025 से शुरू होगी। इच्छुक विक्रेता और उद्यमी स्टाल बुक करने के लिए https://mela.haryanatourism.gov.in/e/diwali-mela पोर्टल पर जाकर प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि स्टाल “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह ऑनलाइन व्यवस्था पारदर्शी और सरल होगी, जिससे सभी प्रतिभागियों को अपने स्थान की आसानी से पुष्टि करने की सुविधा मिलेगी
सीसीटीवी, कंट्रोल रूम और एम्बुलेंस सेवाओं के साथ सुरक्षित मेला डॉ. शालिन ने कहा कि प्रशासन द्वारा सुरक्षा और सुविधाओं की विशेष व्यवस्था की गई है। उपायुक्त ने बताया कि मेले में आने वाले आगंतुकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इसके लिए पूरे मेले क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम और नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया जाएगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डिस्पेंसरी और एम्बुलेंस सेवाएँ भी उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही सुरक्षा और सेफ्टी के साथ-साथ स्वच्छता और सैनिटेशन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। मेले क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे ताकि आगंतुकों को सुविधा हो और यातायात में किसी प्रकार की बाधा न आए। मीडिया प्रतिनिधियों के लिए अलग से मीडिया पास और एंट्री गेट की व्यवस्था की जाएगी।
ग्रामीण विकास संगठनों और रोटरी क्लब का मेले में सक्रिय सहयोग डॉ. शालिन ने बताया कि इस मेले के सफल आयोजन में ग्रामीण विकास संगठनों, रेजिडेंट वेलफेयर सोसाइटीज़, और रोटरी क्लब जैसी सामाजिक संस्थाओं का भी सक्रिय सहयोग लिया जाएगा। इन संस्थाओं की भागीदारी से मेला अधिक संगठित और सुरक्षित रूप से संपन्न होगा।
बैठक में एडीसी सतबीर मान, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद सहित अन्य सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में चलाई जा रही कई परियोजनाओं के पूरा होने में हो रहे विलम्ब को गम्भीरता से लेते हुए निर्देश दिए हैं कि ऐसी सभी परियोजनाओं की प्रशासनिक सचिवों के स्तर पर गहन समीक्षा की जाए।
मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, जिनके पास वित्त विभाग का दायित्व भी है, ने इस सम्बन्ध में सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्डों व निगमों के प्रबंध निदेशकों, मंडलायुक्तों तथा उपायुक्तों को एक पत्र जारी किया है।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने विभागों या संस्थाओं की ’चल रही परियोजनाओं एवं मध्यस्थता मामलों’ की व्यापक समीक्षा करें। साथ ही, विभागों को अधूरी अथवा लंबित परियोजनाओं का विवरण निर्धारित प्रपत्र में भेजने को कहा गया है, जिसमें ’वित्तीय प्रभाव, विलंब के कारण, जवाबदेही तथा शीघ्र पूर्णता के लिए उपाय’ स्पष्ट रूप से दर्शाए जाएँ। ’लंबित बजट घोषणाओं’ और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा गया है।
एक अन्य पत्र में विभागों से कहा गया है कि वे ’निर्माण कार्यों से संबंधित सभी लंबित मध्यस्थता मामलों’ का ब्यौरा भी प्रस्तुत करें। इसमें परियोजना का विवरण, ठेकेदार या एजेंसी का नाम, वित्तीय दायित्व, गत तीन वर्षों में हुए मध्यस्थता निर्णय एवं उनका राज्य पर वित्तीय प्रभाव सम्मिलित होगा। प्रत्येक विभाग को प्रशासनिक सचिव द्वारा अनुमोदित एक ’संक्षिप्त टिप्पणी’ भी संलग्न करनी होगी, जिसमें विषय की गंभीरता, संभावित त्रुटियाँ, मुख्य चिंताएँ एवं ’आगे की कार्ययोजना’ का स्पष्ट रूप से उल्लेख होना चाहिए।
इस उद्देश्य के लिए इंजीनियर-इन-चीफ की एक समिति भी गठित की गई है, जो इन मामलों की समीक्षा कर उचित सिफारिशें देगी ताकि राज्य को अनावश्यक विलंब और वित्तीय दायित्वों से बचाया जा सके।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की निरंतर निगरानी
फरीदाबाद । उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने बताया कि जिले में पिछले 24 घंटों में कोई नई वर्षा दर्ज नहीं हुई है, जिससे हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। प्रशासन द्वारा किए गए त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों से 27 प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित गांवों में स्थिति पर नियंत्रण बनाया गया है। पशुधन एवं पोल्ट्री की सुरक्षा भी सुनिश्चित की गयी है।
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य तेज़ी से और प्रभावी ढंग से संचालित किए जा रहे हैं। अब तक 705 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जा चुका है। जिले में स्थापित 4 सक्रिय राहत शिविरों में वर्तमान में लगभग 250 लोग सुरक्षित और आवश्यक सुविधाओं के साथ ठहरे हुए हैं। प्रभावित परिवारों को हर संभव राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, राज्य पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभाग लगातार फील्ड में सक्रिय हैं, जबकि आवश्यकतानुसार नौसेना, वायुसेना और अन्य केंद्रीय एजेंसियों से भी सहयोग प्राप्त किया जा रहा है। प्रशासन की तत्परता और समन्वित प्रयासों से सभी प्रभावितों को सुरक्षित और संरक्षित रखने में सफलता मिल रही है।
डीसी विक्रम सिंह ने बताया कि जल संसाधन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ताजेवाला बैराज से आज दिनांक 09 सितम्बर 2025 को शाम 05:00 बजे 33,201 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि नई दिल्ली स्थित ओखला बैराज पर जलस्तर (HFL) 202.17 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के स्तर से नियंत्रण में है। बैराज पर अपस्ट्रीम गेज 198.75 मीटर तथा डाउनस्ट्रीम गेज 198.70 मीटर दर्ज किया गया है। इस समय ओखला बैराज से 73,425 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है। साथ ही, गाजियाबाद स्थित हिंडन बैराज पर भी जलस्तर निगरानी में है और अपस्ट्रीम एवं डाउनस्ट्रीम गेज क्रमशः 199.90 मीटर दर्ज किए गए हैं। बैराज से 5,897 क्यूसेक पानी का नियमित डिस्चार्ज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि ओखला बैराज पर अब तक का अधिकतम बाढ़ प्रवाह 3,72,225 क्यूसेक दर्ज किया गया था, जो 15 जुलाई 2023 को रिकॉर्ड हुआ था। उस समय अपस्ट्रीम गेज 200.80 मीटर और डाउनस्ट्रीम गेज 200.75 मीटर था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकतानुसार सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पूर्व मंत्री के निवास पर हुआ जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक का जोरदार स्वागत
फरीदाबाद। हरियाणा के पूर्वमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता करण सिंह दलाल ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी देश-प्रदेश में मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाते हुए आमजन के हक-हकूक की आवाज को सडक़ से लेकर संसद तक बुलंद करने का काम कर रही है। अब समय आ गया है कि जब 12 सालों के लम्बे अंतराल के बाद हरियाणा के सभी जिलों में अध्यक्षों की नियुक्ति हुई है, ऐसे में हम सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का यह दायित्व बनता है कि सभी मिलकर जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते हुए कांग्रेस संगठन को और मजबूती प्रदान करे।
पूर्व मंत्री श्री दलाल आज अपने सेक्टर-10 स्थित निवास पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक के सम्मान में आयोजित स्वागत समारोह में कांग्रेसजनों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उनके साथ मुख्य रुप पूर्व पार्षद जगन डागर, अनिल शर्मा, मनोज अग्रवाल, योगेश ढींगड़ा, रोहित सिंगला, रिंकू चंदीला, रेनू चौहान, राजाराम ठाकुर, विनोद कौशिक, राजेश आर्य, उमेश कौशिक, डा. सौरभ शर्मा, संजय सोलंकी, विकास फागना, संचित कोहली, सुदेश डागर, बलवीर बघेल, राहुल नागर, यश तंवर, अशोक रावल, ललित बंसल, सुभाष कटारिया, विनय शर्मा, बलवंत सिंह, जोगेंद्र डागर, प्रदीप डागर, दयाचंद मास्टर, राजकुमार चौहान आदि मौजूद रहे।
इस मौके पर पूर्वमंत्री करण दलाल ने कहा कि आज देश-प्रदेश की जनता भाजपा के कुशासन से दुखी आ चुकी है, लोग मूलभूत सुविधाओं को त्रस्त हो रहे है, लेकिन भाजपाई केवल कागजों में विकास का राग अलाप कर लोगों को गुमराह कर रहे है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 सालों में फरीदाबाद में विकास के नाम पर कुछ नहीं हुआ, यहां तक की कांग्रेस सरकार में हुए विकास कार्याे की मरम्मत तक यह सरकार नहीं करवा पाई।
श्री दलाल ने बलजीत कौशिक को उनके जिलाध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी तत्परता से उनके साथ जुटे रहेंगे और पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने पूर्वमंत्री करण दलाल का स्वागत करने पर आभार जताते हुए कहा कि करण दलाल हमारे पार्टी के मजबूत स्तम्भ है और आज उन्होंने इतनी बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों के साथ उनका स्वागत कर जो मान सम्मान दिया है, उसके लिए वह उनके आभारी रहेंगे और सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आम जन की आवाज को बुलंद करने का काम करेंगे।
भूमि अधिग्रहण मामलों में एक समान नियम अपनाने के दिए निर्देश
फरीदाबाद । उपायुक्त विक्रम सिंह ने ग्रामीणों और बीपीसीएल के अधिकारियों की संयुक्त रूप से बैठक ली। बैठक में उन्होंने जेवर तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य सुचारू रूप से जारी रखने के निर्देश दिए, जिसमें ग्रामीणों से विशेष सहयोग की अपील की।
बैठक में जमीनों के उचित मुआवजे को लेकर ग्रामीणों ने डीसी विक्रम सिंह से कहा, जिसके तहत डीसी विक्रम सिंह ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में भूमि अधिग्रहण से संबंधित सभी मामलों में एक समान नियम अपनाए जाएं, ताकि किसानों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता किसानों को उचित और न्यायसंगत मुआवजा उपलब्ध कराना है।
डीसी विक्रम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करें और नियमों के अनुसार ही कार्यवाही करें। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें, ताकि आपसी सहमति से सभी मामलों का निस्तारण हो सके।
डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि पाइप लाइन बिछाने का कार्य सुचारू रूप से जारी रखने में ग्रामीण पूर्ण सहयोग दें।
बैठक में एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, डीआरओ विकास, एडीए रोहित देसवाल सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण एवं ग्रामीण मौजूद थे।
फरीदाबाद। अंकुश मिगलानी, उपाध्यक्ष वं महेश जोशी, महासचिव भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी हरियाणा राज्य शाखा चंडीगढ़ से प्राप्त निर्देशानुसार एवं विक्रम सिंह, उपायुक्त एवं प्रधान जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के कुशल मार्गदर्शन व एवं सचिव बिजेंद्र सौरोत के नेतृत्व में जिला स्तरीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण के पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन शिक्षा विभाग के सहयोग से दिनांक 09.09.25 से 13.09.25 तक के० एल० मेहता दयानंद महिला महाविद्यालय, एन० आई० टी० 3, फरीदाबाद के प्रांगण में किया जा रहा है।
शिविर का उद्घाटन मुख्यातिथि डॉ मीनू दुआ प्रधानाचार्य के० एल० मेहता दयानंद महिला महाविद्यालय, एन० आई० टी० 3, फरीदाबाद ने मां सरस्वती के दीप प्रज्वलित तथा रैडक्रॉस के संस्थापक सर जीन हेनरी ड्यूना के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए किया गया। उन्होंने बताया कि किसी भी देश का भविष्य युवाओं के हाथों में होता है जिस देश का युवा जागृत एवं शक्तिशाली होगा वह देश तरक्की करेगा। रेडक्रॉस सोसाइटी एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जो स्वास्थ्य सेवा मित्रता के साथ-साथ मानवता भेदभाव रहित स्वतंत्र निष्पक्षता तटस्थता एकता स्वैच्छिक सेवा भाव से तत्पर आमजन के भाव जागरूकता के भाव जगाती हैं। इस शिविर में 20 विश्वविद्यालय/ कॉलेज से 100 विद्यार्थी व 20 यूथ रेडक्रॉस काउंसलर द्वारा भाग लिया जा रहा है ।
इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव बिजेंद्र सौरोत ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। बिजेंद्र सौरोत के द्वारा रेडक्रॉस के इतिहास के बारे में विस्तार पूर्वक बताया गया उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है जिसकी स्थापना सन 1863 ईस्वी में सर जॉन हेनरी ड्यूनैंट द्वारा की गई जिसने 1901 में प्रथम नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इसके पश्चात पुरषोत्तम सैनी, उप अधीक्षक रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद के द्वारा बताया गया कि रेडक्रॉस के द्वारा अनेकों गतिविधियां चलाई जा रही हैं, उन्होंने बताया कि जिले के सामाजिक कार्यकर्ताओं को रेडक्रॉस का आजीवन सदस्य बनाया जा रहा है इसमें कोई भी व्यक्ति रेडक्रॉस का आजीवन सदस्य बन सकता है।
डॉ सुप्रिया ढांडा, सहायक प्रोफेसर अग्रवाल कॉलेज, बल्लबगढ़ ने सभी युवाओं को सम्बोधित करते हुए उन्हें हमेशा बुरी आदतों से दूर रहकर देश का सभ्य नागरिक बनना चाहिए तथा हमेशा अनुशासन में रहकर समाज की भलाई के कार्य करने चाहिए । एक अनुशासित व्यक्ति हमेशा जीवन मे सफलता की ओर अग्रसर रहता है ।
डॉ ऍम पी सिंह, आजीवन सदस्य रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के द्वारा बताया कि यूथ रेडक्रॉस एक ऐसा मंच है जहाँ युवाओं के कल्याण के लिए अपनी प्रतिभा, कौशल, ज्ञान, क्षमता का प्रदर्शन कर सकते है। इस शिविर का मुख्य उदेश्य स्वैच्छिकः रक्तदान को बढ़ाना, अंगदान के लिए लोगो को जागरूक करना, बच्चो को मोबाइल की गलत आदत छुड़वाने के लिए जागरूक करना, संक्रामक रोगो कि रोकथाम, प्राथमिक चिकित्सा, डिजास्टर मैनेजमेंट, टी बी रोग से बचाव, समय समय पर यातायात के नियमो के बारे में जागरूक करना है।
इसके अलावा इशांक कौशिक, जिला प्रशिक्षण अधिकारी एवं शिविर निदेशक ने सभी प्रतिभागियों को इस प्रशिक्षण शिविर की रूपरेखा से अवगत कराया तथा युवाओं से अपील करते हुए कहा कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान शिविर में दी गयी शिक्षा पर अमल करते हुए एक सभ्य नागरिक बनकर देश निर्माण में सहयोग करेंगे।
रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद के प्राथमिक चिकित्सा प्रवक्ता एम सी धीमान (पूर्व जिला प्रशिक्षण अधिकारी), दर्शन भाटिया, हिमांशु, अरविन्द के द्वारा रेडक्रॉस के द्वारा किये जा रहे मानवहित के कार्यों के बारे में बताया गया तथा उन्होंने सभी युवाओं को रैडक्रॉस साथ बतौर स्वयंसेवक जुड़ने का आह्वान किया ताकि जनकल्याण कार्यो मे उनकी भागीदारी हो सके तथा उपस्थित विभिन्न महाविद्यालयों से आये प्रतिभागियों और वाई आर सी काउंसलर को विभिन्न प्रकार के प्राथमिक चिकित्सा से गुर सिखाये गए।
इस मौके पर कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से श्वेता आर्य, वाई आर सी कोऑर्डिनेटर के एल मेहता, मनदीप, कंप्यूटर ऑपरेटर, सेवादार युवराज व अन्य रेडक्रॉस स्टाफ व कॉलेज स्टाफ का सहयोग सराहनीय रहा |
फरीदाबाद। मुख्यमंत्री उडन दस्ता फरीदाबाद को गुप्त सूचना प्राप्त हुई की जिला फरीदाबाद में बदरपुर बार्डर व बल्लबगढ़ बस अड्डा से काफी प्राइवेट बसें बिना किसी अनुमति के अवैध रूप से चल रही है, जिससे सरकार के राजस्व को हानि हो रही है। उपरोक्त सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उडन दस्ता फरीदाबाद द्वारा आरटीए फरीदाबाद स्टॉफ के साथ बदरपुर बॉर्डर व बल्लबगढ़ बस अड्डा से मथुरा आगरा की तरफ सवारी ढोने वाली प्राइवेट बसों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण पर मथुरा आगरा (उत्तर प्रदेश) की तरफ सवारी बैठा कर ले जाने वाली 3 गाड़ियों को चैक किया गया। जिनमे वाहन संख्या एचआर-55एबी- 0906, डीएल-1पीसी-6785 व एचआर-73बी-4511 के कंडक्टर और ड्राइवर को मथुरा आगरा की आवाज लगाते हुए सवारियां बिठाते हुए काबू किया गया। तीनो बस बिना वैध परमिट के चलनी पाई जाने के संबंध में आरटीए फरीदाबाद की टीम द्वारा ऑनलाइन चालान करते हुए तीनो गाड़ियों पर कुल 92000 हजार रुपए का चालान कराया गया है।