Join our community of SUBSCRIBERS and be part of the conversation.
To subscribe, simply enter your email address on our website or click the subscribe button below. Don't worry, we respect your privacy and won't spam your inbox. Your information is safe with us.
लायंस क्लब ऑफ फरीदाबाद सेंट्रल की चैरिटी की मंत्री राजेश नागर ने की प्रशंसा
फरीदाबाद। लायंस क्लब फरीदाबाद सेंट्रल द्वारा बसंतपुर में बाढ़ पीड़ितों के लिए खाद्य पदार्थ वितरण किए और बडौली गांव के सरकारी स्कूल के लिए दो वाटर कूलर दान दिए। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर विशेष रूप से मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि संस्थाओं को सामाजिक योगदान करना ही चाहिए क्योंकि यही उनका मूल चरित्र है। उन्होंने लायंस क्लब की उनके सामाजिक सरोकारों के लिए धन्यवाद किया।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि सरकार के निर्देश पर प्रशासन बाढ़ प्रभावितों में निरंतर कार्य कर रहे हैं। किसानों के नुकसान का निरंकार आंकलन किया जा रहा है। कैंपों में सभी प्रकार की दवाई और भोजन की निरन्तर व्यवस्था की जा रही है। लेकिन जनहित के कार्यों के लिए सामाजिक संस्थाओं का भी सहयोग आवश्यक है। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े में सहयोग करें। गौरतलब है कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिन और 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती होती है। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन ओंकार सिंह रेणु, लायन एनके गुप्ता, योगेश गुप्ता, राहुल सिंघल, सीएल जैन, अजय शर्मा, संदीप गोयल आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने माता मनसा देवी मंदिर में विशेष सफाई अभियान चलाने के दिए निर्देश
चंडीगढ़। हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने निर्देश दिए कि माता मनसा देवी मंदिर परिसर को और अधिक स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से एक विशेष सफाई अभियान चलाया जाए ताकि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को पवित्र व सुखद वातावरण का अनुभव हो।
श्री विपुल गोयल आज पंचकूला माता मनसा देवी मंदिर परिसर में स्थित कांफ्रेंस हाल में 22 सितंबर से शुरू हो रहे अश्विन नवरात्र मेले के आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा की माता मनसा मंदिर में देशभर से लाखों लोग माता के दर्शन के लिए आते है और मंदिर के श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने मंदिर परिसर में स्वच्छता के सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए ।
श्री विपुल गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी चाहते है कि पंचकूला स्लम मुक्त हो। इसके लिए सभी सम्बंधित विभाग सुनिश्चत करे के कही पर भी अवैध अतिक्रमण न हो। उन्होंने कहा की शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा प्रदेशभर में 24 अगस्त से 11 हफ्ते का स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत सड़कों, भवनों, पार्कों और अन्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता गतिविधि चलाई जा रही है। इसके अलावा आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा प्रदेशभर में आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत भी स्वच्छता की अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएगी।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि माता मनसा देवी मंदिर परिसर के चारों ओर साफ सफाई सुनिश्चित की जाए और मंदिर की ओर आने वाली सभी सड़कों की आवश्यकतानुसार मरम्मत की जाए, जिससे इस धार्मिक स्थल की सुंदरता और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि भंडारे की गुणवत्ता तय मानकों के अनुरूप हो इसके लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। इसके अलावा भंडारे में परोसे जाने वाले व्यंजनों का साप्ताहिक मैन्यू तैयार किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि श्रद्धालुओं को दिया जाने वाला प्रसाद उच्च गुणवत्ता वाला हो।
श्री विपुल गोयल ने कहा की बिजली पर निर्भरता कम करने के लिए मंदिर परिसर में स्थित वृद्धाश्रम और अन्य भवनों पर सोलर पैनल लगाए जाए। सभी धर्मशालाओं में साफ सफाई, पेंट व रोगन आदि के कार्य प्राथमिकता से पूरे किए जाए। धर्मशालाओं में बुकिंग की ऑनलाइन व्यवस्था शुरू की जाए ताकि श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार धर्मशालाओं का लाभ उठा सके। मंदिर परिसर में स्थित सभी शौचालयों की नियमित रूप से साफ सफाई की जाए। महिला और पुरुष शौचालयों के लिए अलग-अलग केयर टेकर नियुक्त किए जाए।
उन्होंने कहा कि माता मनसा देवी मंदिर को भव्य रूप से विकसित करने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया गया है, जिसके तहत मंदिर में अनेक विकास और सौंदर्यीकरण के कार्य किए जाने है। श्री विपुल गोयल ने कहा कि वे शीघ्र ही मास्टर प्लान की समीक्षा करेंगे ताकि मंदिर में किए जाने वाले कार्यों को जल्द से जल्द शुरू किया जा सके।
मंत्री राजेश नागर से मिले हरियाणा प्रदेश के राइस मिलर्स डीलर्स
चंडीगढ़। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने आज हरियाणा प्रदेश राइस मिलर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन के साथ बैठक में सदस्यों को आश्वासन दिया कि उन्हें पेश आ रही हर समस्या का हल जल्द किया जाएगा।
एसोसिएशन के सदस्यों ने आज अपनी समस्याओं को लेकर राज्य मंत्री से हरियाणा सिविल सचिवालय में मुलाकात की थी। इस अवसर पर एसोसिएशन के प्रधान अमरजीत छाबड़ा और महासचिव राजेंद्र सिंह ने बताया कि इस वर्ष अब तक कस्टम मिल्ड राइस का 95 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। इसलिए गत एके भांति महीनेवार चावल लगवाने का कोटा निर्धारित किया जाए। इस कोटा के बनने से ही राइस मिलर अपने राइस मिलिंग चार्जेस ले सकेंगे और उस पर पीनल इंट्रेस्ट नहीं लगेगा।
एसोसिएशन के सदस्यों ने मंत्री राजेश नागर को बताया कि कस्टम मिल्ड राइस पर बोनस राशि की लिस्ट अभी तक नहीं बनी है। उन्होंने धान सँभालने के लिए तिरपाल और कैरेट के किराए की भी मांग रखी। मंत्री नागर ने एसोसिएशन के सदस्यों को आश्वासन दिया कि वे इन सभी समस्याओं के जल्द से जल्द निवारण के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से चर्चा करेंगे।
पंकज सिंगला पुन: बने भाजपा के जिला उपाध्यक्ष फरीदाबाद। भाजपा के जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली से विचार विमर्श करने के उपरांत भाजपा नेता पंकज सिंगला को पुन: भारतीय जनता पार्टी फरीदाबाद का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पंकज सिंगला की नियुक्ति उनकी पार्टी के प्रति समर्पण भावना एवं मेहतनी कार्यशैली के चलते की गई है।
अपनी नियुक्ति पर नवनियुक्त भाजपा जिला उपाध्यक्ष पंकज सिंगला ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, त्रिपुरा के पूर्व सीएम एवं सांसद विप्लब देव, केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, भाजपा महानगर फरीदाबाद अध्यक्ष सोहन पाल सिंह सहित सभी शीर्ष भाजपा नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने पुन: जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वह पूरी तरह से खरा उतरेंगे और भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को और तेजी से जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे और फरीदाबाद में भाजपा संगठन को निरंतर मजबूत करने के लिए प्रयासरत रहेंगे।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सही मायनों में कार्यकर्ताओं की पार्टी है और मेहनती-कर्मठ कार्यकर्ताओं को पार्टी पूरा मान सम्मान मिलता है। गौरतलब है कि पंकज सिंगला इससे पूर्व भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रह चुके है और पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजकुमार वोहरा की टीम में भी वह जिला उपाध्यक्ष के पद पर आसीन थे और पार्टी हित में समर्पण भावना से किए गए कार्य के चलते उन्हें इस बार भी पार्टी ने जिला उपाध्यक्ष के पद से नवाजा है।
करनाल। हरियाणा पत्रकार संघ ने वृद्ध पत्रकार पेंशन योजना के नियमों में संशोधन कर राज्य के सभी वृद्ध पत्रकारों 20 हजार रुपए मासिक पेंशन देने की मांग की है।
यह मांग हरियाणा पत्रकार संघ के अध्यक्ष के.बी. पण्डित ने आज घरौंडा और असन्ध के पत्रकारों की बैठक में की। उन्होंने कहा कि पेंशन के वर्तमान नियमों के अनुसार केवल उसी पत्रकार को यह पेंशन मिलेगी जो 60 साल की आयु पूरी कर चुके हैं और उनके 20 वर्षीय पत्रकारिता जीवन में राज्य में 5 वर्ष का एक्रीडिटेशन जरुरी है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार 5 साल की एक्रीडिटेशन की जरुरत शर्त को हटा देती है तो इससे राज्य के लगभग 600-700 पत्रकारों को मासिक पेंशन का लाभ मिलने लगेगा। पहले पत्रकारों का एक्रीडिटेशन जरुरी नहीं होता था। इस कड़े नियम के राज्य के अब तक केवल 232 वृद्ध पत्रकारों को ही पेंशन का लाभ मिला है। जबकि वृद्ध पत्रकारों की संख्या इससे कई गुणा बढ़ी है।
पण्डित ने कहा कि इसी प्रकार कैशलैस चिकित्सा योजना को भी यदि सरल बना दिया जाये तो इसका लाभ राज्य के लगभग 3000 से अधिक श्रमजीवी पत्रकारों को मिलने लगेगा। इसमें डिजिटल मीडिया और लघु समाचार पत्रोंं से जुड़े पत्रकार भी शामिल हैं। राज्य में वर्तमान में 1200 पत्रकारों का ही एक्रीडिटेशन है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार पत्रकारों को मान्यता देने वाली मीडिया एक्रीडिटेशन कमेटी का भी गत 10 वर्ष से अधिक समय से गठन नहीं हुआ। सरकार द्वारा गठित एडहॉक कमेटी से ही काम चलाया जा रहा है। एडहॉक कमेटी में चंडीगढ़ में वही पत्रकार शामिल हैं जो अफसरशाही के प्रिय हैं। उन्होंने डिजिटल मीडिया और लघु समाचार पत्रों से जुड़े पत्रकारों को भी एक्रीडिटेशन का लाभ देने और उनके हित में नई विज्ञापन नीति बनाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि इस समय सोशल मीडिया जनता में लोकप्रिय है और इनकी संख्या राज्य में लगातार बढ़ रही है। सरकार अब उनकी अनदेखी नहीं कर सकती।
घरौंडा की बैठक में करनाल के जिलाध्यक्ष राजकुमार प्रिंस, वरिष्ठ पत्रकार कमल मिड्डा, हरिकृष्ण आर्य, तेज बहादुर टिक्कू, दिलबाग लाठर, नरेन्द्र लाठर, तेजवीर सिंह, योगेश वर्मा, विवेक राणा, हर्षित आर्य, शिवांक रावल, पियूष गोम्बर आदि उपस्थित थे। वहीं असन्ध की बैठक में करनाल के जिलाध्यक्ष राजकुमार प्रिंस और कमल मिड्डा के अलावा वरिष्ठ पत्रकार एस.एस. बावा, गुरनाम सिंह रामगढिय़ा, रोहताश वर्मा, कुलविन्द्र भाम्बा, सुनील पांचाल और गुलशन मोंगिया सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
कृपाल सिंह वाल्मीकि ने पगड़ी बांधकर जताया सुमित गौड़ का आभार
फरीदाबाद। हरियाणा एससी विभाग कांग्रेस का प्रदेश सचिव नियुक्त होने पर कृपाल सिंह वाल्मीकि सहित हरियाणा वाल्मीकि समाज के गणमान्य लोगों ने आज कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सुमित गौड़ का उनके सेक्टर-10 स्थित जिला कांग्रेस भवन पर पहुंचकर गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान वाल्मीकि समाज के गणमान्य लोगों ने फूल मालाओं एवं सम्मान रुपी पगड़ी बांधकर सुमित गौड़ का आभार जताया।
इस मौके पर मुख्य रुप से हरियाणा वाल्मीकि संघ से आत्मा राम , ओमप्रकाश दरोगा, बाबूलाल, डीपी नंबरदार, डा. मंगल, हितेंद्र ठेकेदार, विनोद सुल्तान, राजबीर, नरेंद्र नंबरदार, टोनी पहलवान, लक्ष्मण प्रेसीडेंट आदि मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने हाल ही में कृपाल सिंह वाल्मीकि को हरियाणा एससी विभाग कांग्रेस का प्रदेश सचिव, ओल्ड फरीदाबाद से श्याम बागड़ी को प्रदेश सचिव एससी विभाग तथा सुंदर सिंह को कांग्रेस एससी विभाग का फरीदाबाद चेयरमैन नियुक्त किया है। अपनी नियुक्ति पर कृपाल सिंह ने सहित अन्य नेताओं ने अखिल भारतीय कांग्रेस एससी विभाग के चेयरमैन राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश चेयरमैन मनोज बागड़ी, पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेशाध्यक्ष चौ. उदयभान, सांसद दीपेंद्र हुड्ड़ा सहित शीर्ष कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताया।
इस मौके पर सुमित गौड़ ने वाल्मीकि समाज का आभार जताते हुए कहा कि जो मान सम्मान आज उन्हें दिया गया है, उसके लिए वह ताउम्र उनके आभारी रहेंगे और कांग्रेस के सच्चे सिपाही की तरह आम जन की आवाज को बुलंद करने का काम करेंगे। श्री गौड़ ने कहा कि उन्होंने भाजपा सरकार के खिलाफ समय-समय पर जनजागरुकता अभियान चलाए है, धरने प्रदर्शन करे है और आगे भी वह इस गूंगी बहरी सरकार को नींद से जगाने के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने वाल्मीकि समाज के लोगों से कहा कि वह उनके कंधे से कंधा मिलाकर चले ताकि हम सभी मिलकर इस जनवविरोधी सरकार को आने वाले समय में सत्ता से बेदखल कर सके। इस मौके पर वाल्मीकि समाज के गणमान्य लोगों ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वाल्मीकि समाज को हमेशा मान सम्मान दिया है और वाल्मीकि समाज भी कांग्रेस पार्टी के साथ समर्पित भावना से रहा है, कांग्रेस पार्टी ने जो नियुक्तियां की है, उससे वाल्मीकि समाज में ख्ुाशी की लहर दौड़ गई है।
फरीदाबाद। जिला विधिक सेवाएँ प्राधिकरण, फरीदाबाद की ओर से “नई दिशा, नई उड़ान” अभियान के अंतर्गत बाल अधिकारों पर एक बैठक/प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय श्री संदीप गर्ग, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-cum-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवाएँ प्राधिकरण, फरीदाबाद के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर श्रीमती रितु यादव, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-cum-सचिव, जिला विधिक सेवाएँ प्राधिकरण, फरीदाबाद मुख्य अतिथि तथा श्री सौरभ शर्मा, प्रधान न्यायाधीश, किशोर न्याय बोर्ड, फरीदाबाद विशिष्ट अतिथि रहे।
कार्यक्रम में स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट (SJPU) के अधिकारी, स्कूलों व कॉलेजों के लीगल लिटरेसी इंचार्ज, जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU), बाल कल्याण समिति (CWC), ऑब्जर्वेशन होम व प्लेस ऑफ सेफ्टी के अधीक्षक, तथा बाल देखभाल संस्थानों (CCI) के प्रभारी शामिल हुए।
श्री सौरभ शर्मा ने उपस्थित प्रतिभागियों को किशोर न्याय अधिनियम के सिद्धांतों जैसे निर्दोष मानना, गरिमा के साथ समानता, सहभागिता, गोपनीयता आदि के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अधिनियम में अपराधों को लघु, गंभीर और जघन्य श्रेणियों में बाँटा गया है और जघन्य अपराधों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज किया जाना अनिवार्य है।
श्रीमती रीता यादव, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने 2015 में किए गए संशोधन की जानकारी दी, जिसके अनुसार 16 से 18 वर्ष के किशोर द्वारा जघन्य अपराध किए जाने पर, प्रारंभिक जाँच के बाद यदि वह परिपक्व पाया जाता है तो मामला चिल्ड्रन कोर्ट में भेजा जाता है और वहाँ वयस्क की तरह सुनवाई होती है। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड आयु प्रमाण नहीं है, इसलिए पुलिस अधिकारियों को चाहिए कि वे जन्म प्रमाणपत्र या स्कूल प्रमाणपत्र प्रस्तुत करें। उन्होंने विशेष रूप से यह भी कहा कि POCSO मामलों में स्कूलों के लीगल लिटरेसी इंचार्ज का कर्तव्य है कि वे तुरंत सूचना दें, अन्यथा सूचना न देने पर उन पर कार्यवाही हो सकती है।
कार्यक्रम के अंत में श्री रविन्दर गुप्ता, मुख्य विधिक सहायता प्रतिरक्षा अधिवक्ता, जिला विधिक सेवाएँ प्राधिकरण, फरीदाबाद ने सभी अतिथियों, पुलिस अधिकारियों, लीगल लिटरेसी इंचार्ज, जिला बाल संरक्षण अधिकारी, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सभी संस्थानों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
यह कार्यक्रम सभी प्रतिभागियों के लिए उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ और इससे यह संदेश गया कि समाज के सभी जिम्मेदार वर्ग मिलकर बच्चों के अधिकारों की रक्षा करें और किशोर न्याय अधिनियम का सही पालन सुनिश्चित करे
गुरुग्राम। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था प्रबन्धन व जन भागीदारी के साथ गुरुग्राम को स्वच्छता रैंकिंग में नम्बर वन बनाना है। उन्होंने आह्वान किया कि गुरुग्रामवासी स्वच्छ गुरुग्राम थीम के साथ स्वच्छ, शुद्ध व स्वस्थ गुरुग्राम बनाने में योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने गुरुवार की सुबह हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत गुरुग्राम में मेगा स्वच्छता अभियान में सोहना चौक व सेक्टर 52 क्षेत्र में स्वयं सफाई करते हुए आमजन को स्वच्छता बनाये रखने का संदेश दिया। इस मौके पर गुरुग्राम से विधायक श्री मुकेश शर्मा व सोहना के विधायक श्री तेजपाल तंवर भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने स्वच्छता मित्रों के साथ स्वयं भी श्रमदान किया और लोगों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
निरन्तर स्वच्छता को अपनाकर सुखद माहौल बनाएं
मुख्यमंत्री ने मेगा स्वच्छता अभियान में आमजन को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन का आधार है। ऐसे में सभी को मिलकर स्वच्छता को निरन्तर जीवन शैली में अपनाकर सुखद माहौल बनाना है। उन्होंने कहा कि मेरा गुरुग्राम-स्वच्छ गुरुग्राम बनाने में हरियाणा सरकार हर सम्भव सहयोग देगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि अब बरसात के बाद गुरुग्राम जिला के लोगों की सुविधा के लिए विकास कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में शहर स्वच्छता अभियान के तहत बड़ा सकारात्मक परिवर्तन नजर आएगा और इन 11 सप्ताह के विशेष अभियान में हर शहरी क्षेत्र के सौंदर्यीकरण व सुधारीकरण पर फोकस किया जा रहा है। शहरी क्षेत्र की स्वच्छता रैंकिंग भी निर्धारित होगी जिसमें गुरुग्राम का उल्लेखनीय स्थान रहेगा।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान बन रहा जन आंदोलन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2 अक्टूबर 2014 से स्वच्छ भारत मिशन अभियान शुरू किया गया था। उनके कुशल नेतृत्व में पूरे देश में स्वच्छता अभियान जन आंदोलन बन रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि यह सभी प्रदेशवासियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। अपने घर, अपनी गली, अपने मोहल्ले व वार्ड की सफाई रखते हुए सभी स्वच्छता के इस पुनीत अभियान में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से हरियाणा में सेवा पखवाड़ा मनाने जा रहे हैं। इसमें स्वच्छता, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य शिविर, खेलकूद जागरूकता गतिविधियों के साथ जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक बदलाव में अहम भूमिका निभाएंगे। प्रदेश में सेवा पखवाड़ा 2 अक्टूबर तक चलेगा।
मुख्यमंत्री ने मेरा गुरुग्राम-स्वच्छ गुरुग्राम अभियान में सहयोगी बनने के लिए सामाजिक संगठनों सहित आरडब्लूए, व्यापारिक संगठनों का विशेष तौर पर आभार व्यक्त किया।
गुरुग्राम को स्वच्छ व सुंदर बनाने का अभियान निरंतर जारी रहेगा – विधायक मुकेश शर्मा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री मुकेश शर्मा ने कहा कि गुरुग्राम को स्वच्छ और सुंदर बनाने की यह मुहिम किसी एक दिन या सप्ताह तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे एक निरंतर जन आंदोलन का स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में इस प्रयास को रुकने नहीं दिया जाएगा। विधायक ने मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया कि आने वाले दिनों में यह अभियान और भी अधिक जोश, ऊर्जा और सुनियोजित रणनीति के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। विधायक ने नागरिकों से आह्वान किया कि यह केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें हर गुरुग्रामवासी की सक्रिय भागीदारी और सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई का अभियान नहीं, बल्कि यह हमारी सोच और जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए।
इस अवसर पर गुरुग्राम की मेयर राजरानी, जीएमडीए के सीईओ श्यामल मिश्रा, मंडलायुक्त आर.सी बिढान, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री राजीव जेटली सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी तथा पार्षदगण उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिपली अनाज मंडी से पंजाब के लिए राहत सामग्री के 20 ट्रकों को झंडी दिखाकर किया रवाना
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित पंजाब, हिमाचल और जम्मू कश्मीर को हरियाणा प्रदेश की तरफ से तुरंत 5-5 करोड़ रुपए की सहायता राशि भेजी जा चुकी है। केंद्र सरकार की तरफ से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने गत दिवस पंजाब व हिमाचल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और दोनों प्रदेशों में हुए नुकसान के लिए 3100 करोड़ रुपए की मदद की भी घोषणा की, जिसमें पंजाब को 1600 करोड़ रुपये और हिमाचल को 1500 करोड़ रुपए शामिल हैं।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को कुरुक्षेत्र के पिपली अनाज मंडी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र जिला से पंजाब के लिए राहत सामग्री के 20 ट्रकों को हरी झंडी दिखा रवाना किया। इन ट्रकों को अलग-अलग जिलों के लिए भेजा गया है। ट्रकों में दाल, चावल, पानी, रस, आचार, मेडिकल किट, मच्छरदानी, तिरपाल, पशुओं के लिए हरा चारा, चौकर सहित अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है।
उन्होंने कहा कि पंजाब, हिमाचल, जम्मू कश्मीर के लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। इन बाढ़ प्रभावित इलाकों में हरियाणा के नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं, समितियों के सहयोग से राहत सामग्री भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में जो भी क्षेत्र जलभराव से प्रभावित हैं, ऐसे क्षेत्रों के नागरिकों व किसानों को सरकार मुआवजा देने का काम कर रही है। ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला हुआ है, प्रभावित नागरिक इस पोर्टल पर अपना आवेदन करें। उन्होंने बताया कि अब तक जलभराव से प्रभावित 5786 गांवों के 3 लाख 24 हजार 583 किसानों ने 19 लाख 22 हजार 617 एकड़ के खराबे का पंजीकरण करवाया है। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण मृत्यु होने पर उस परिवार को तुरंत 4 लाख रुपए की राशि सहायता के तौर पर दी जा रही है। इसके अलावा किसी भी प्रकार की हानि होने पर मुआवजा निर्धारित किया गया है। पिछले साढ़े 10 सालों में किसानों को फसलों के खराबे का 15500 करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जा चुका है। उन्होंने प्रदेश सरकार के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों से आग्रह किया है कि वे बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अपनी इच्छा अनुसार हरियाणा मुख्यमंत्री राहत कोष में मदद करें।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने देश के नव निर्वाचित उप-राष्ट्रपति श्री सीपी राधाकृष्णन को बधाई और शुभकामनाएं दी।
विपदा या आपदा में राहुल गांधी चले जाते हैं विदेश
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने एक सवाल के जवाब में कहा कि इतिहास गवाह है जब भी देश में कोई विपदा या आपदा आई है तब राहुल गांधी विदेश दौरे पर चले जाते हैं। इस समय भी ऐसी ही स्थिति है। देश के पंजाब, हिमाचल और जम्मू कश्मीर में बाढ़ आई हुई है और राहुल गांधी विदेश में बैठे हैं, उन्होंने कहा कि मेरा भी विदेश का दौरा था, लेकिन इस स्थिति को देखते हुए विदेश के दौरे को रद्द कर दिया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने एक सवाल के जवाब में कहा आज पंजाब के मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि पंजाब में पैसे की कमी नहीं है, हमें किसी से पैसे मांगने की जरूरत नहीं। पंजाब हरियाणा का पड़ोसी राज्य है, हमारा दायित्व और कर्तव्य बनता है कि इस विपदा के समय में हम पंजाब के लोगों की मदद करें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले साढ़े 10 वर्षों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 7 लाख 47 हजार परिवारों को मकान बनाने के लिए 2,314 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई। इसी तरह डॉ. भीमराव अंबेडकर नवीनीकरण योजना के तहत मकान की मरम्मत के लिए 76,985 परिवारों की कच्ची छत को पक्का करने के लिए 416 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की गई। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 80,000 रुपए दिए गए हैं।
इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, चेयरमैन धर्मवीर डागर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
निर्विघ्न फसल खरीद के लिए अधिकारियों को दिए दिशा – निर्देश
फरीदाबाद। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी खरीफ खरीद सीजन की तैयारियों के लिए दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि हरियाणा में आगामी कुछ दिनों में खरीफ खरीद सीजन आरंभ होगा। भारत सरकार द्वारा खरीफ खरीद सीजन 2025 – 26 के लिए निर्धारित किया गया न्यूनतम समर्थन मूल्य प्रति क्विंटल के अनुसार तथा राज्य सरकार द्वारा खरीफ खरीद सीजन 2025 – 26 के दौरान फसलों की खरीद हेतु राज्य की मंडियों में तैयारियां चल रही हैं।
मंत्री नागर ने आज मंडियों की तैयारियों, खरीद एजेंसियों के साथ विभाग अधिकारियों के समन्वय को लेकर दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी सभी अधिसूचित मंडियों का निरिक्षण फसल आने से पहले करें। इसके साथ ही मंडियों में सफाई, पीने के पानी, शौचालय, बिजली, लाइटिंग तथा बैठना की व्यवस्था का जायज़ा लें। नागर ने कहा कि ध्यान रखना चाहिए कि मंडियों में मज़दूर (हमाल, आढ़तियों) एवं टोलक मशीनों (इलेक्ट्रॉनिक कांटा) उपलब्ध हों। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिए कि फ़ूड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, हैफेड, हरियाणा वेयरहाउसिंग कारपोरेशन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित करें और हर मंडी में तैयारियां की समीक्षा करें। इसके अलावा हर मंडी में एजेंसी की ड्यूटी एवं ज़िम्मेदारी तय कर सूचीबद्ध करें।
उन्होंने धान में नमी संबंधित जानकारी किसानों को पहले से दिए जाने की बात कही। इसके साथ ही मंडियों में क्वालिटी टेस्टिंग काउंटर स्थापित किये जाने और सही तौल के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने खरीदे गए धान को 72 घंटे में उठान कराने, 72 घंटे में डीबीटी ट्रांसफर करने सहित सभी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक द्वारा मंडियों के औचक निरीक्षण करने एवं दैनिक रिपोर्ट मुख्यालय भेजने के लिए भी निर्देश दिए। बैठक में विभाग के प्रधान सचिव डी सुरेश, महादेशक अंशज सिंह, सभी जिलों के खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक और विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।