फरीदाबाद, 17 अप्रैल
(रूपेश देव)। निगमायुक्त ए मोना श्रीनिवास ने आज निगम के अधिकारियों के साथ कार्यों की समीक्षा बैठक की । बैठक में उन्होंने अधिकारियों को उचित दिशा निर्देश दिए हैं । उन्होंने हरियाणा सरकार के आगामी 15 जून तक सभी नालों की सफाई और सड़क की मरम्मत के भी दिशा निर्देश दिए हैं उन्होंने कहा कि बारिश के समय से पहले ही आगामी 15 जून तक सभी ड्रेनेज की सफाई करना सुनिश्चित किया जाए ।
विकास कार्यों में कोई कोताही ना बरती जाए :- निगमायुक्त ए मोना श्रीनिवास
अवैध नशा मुक्ति केंद्र चलने वालो पर हो कार्रवाई : डीसी विक्रम सिंह
फरीदाबाद, 17 अप्रैल
(रूपेश देव)। उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह की अध्यक्षता में नार्को, चिन्हित अपराध के तहत आने वाले एससी-एसटी एक्ट व सुरक्षा समीक्षा मामलों के सम्बन्ध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डीसी विक्रम सिंह ने बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां-जहां चेकिंग की जाती है, वहां की रिपोर्ट साथ लाना सुनिश्चित करें और नशे का व्यापार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस विभाग को आरडब्ल्यूए, पार्षदों और ग्राम सरपंचों के साथ मिलकर नशे के खिलाफ साझा अभियान चलाना चाहिए।
डीसी विक्रम सिंह ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नशा तस्करी तथा नशाखोरी के खिलाफ बेहतर क्रियान्वयन के लिए सख्त से सख्त कार्यवाही करने बारे में अधिकारियों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि युवाओं को नशे से बचाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से गुप्त कार्यवाही करे। वहीं जिला में नशे की सप्लाई बेधड़क जारी न हो, ऐसे हालात को देखते हुए सरकार द्वारा अब नशाखोरी खत्म करने के लिए गंभीरता से कार्यक्रम चला रही है। स्कूलों, अन्य उच्च शैक्षणिक संस्थानों और कॉलेजों में कार्यक्रम के माध्यम से नशा मुक्ति को लेकर छात्रों को जागरूक करे। उन्होंने कहा कि जिला में चल रहे अवैध नशा मुक्ति केंद्रों पर छापेमारी कर तुरंत कार्रवाई करें। उन्होंने कहा की खुले में शराब पीने वाले लोगों पर भी कड़ी कार्रवाई करें।
बैठक में पुलिस विभाग ने बताया कि उन्होंने शिक्षा विभाग के साथ मिलकर 13 कार्यक्रमों का आयोजन किया। जिसमें विद्यार्थियों को नशा न करने को लेकर जागरूक किया गया।
बैठक में एसडीएम फरीदाबाद शिखा, जिला शिक्षा अधिकारी अजित सिंह, एसीपी राजीव, एसीपी महेश श्योराण सहित स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।
बरसाती मौसम से पहले शहर की सभी सड़कें हो दुरुस्त : डीसी विक्रम सिंह
फरीदाबाद, 17 अप्रैल
(रूपेश देव)। बरसाती मौसम में जलभराव की समस्या से बचाव और सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन ने व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। इस संबंध में उपायुक्त विक्रम सिंह ने आज लघु सचिवालय के सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की, जिसमें मानसून पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
डीसी विक्रम सिंह ने सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को सरकार के जनहित निर्देशों को पूरा करते हुए आपसी तालमेल से कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि बरसात के कारण शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो इसके लिए पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित किए जाए। बैठक में उपस्थित अधिकारी ने बताया की उनके विभाग द्वारा सड़क पर गड्ढों की मरम्मत का कार्य निरंतर जारी है और अभी तक 62 सड़को के गड्ढों भर दिए गए है और 120 सड़कों पर मरम्मत का कार्य जारी है जिसको जल्द से जल्द पूरा कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि यमुना नदी के साथ लगती सड़को के मरम्मत कार्य को जल्द से जल्द पूरा करें।
उन्होंने निर्देश दिए बरसात के मौसम से पहले सड़को के पेच वर्क कार्यो को भी पूरा कर लिया जाए और साथ ही नवीनतम वर्क आर्डर जारी करने पर भी चर्चा की।
डीसी विक्रम सिंह ने कहा की प्रशासन की पहली प्राथमिकता शहर की सड़कों को गड्ढा मुक्त और सुरक्षित बनाना है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि जिन सड़को पर ट्रैफिक ज्यादा रहता है उन सड़को को दुरस्त करें और वहां जाम की स्थिति पैदा न हो उसके लिए उचित प्रबंध किए जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहरवासियों की सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से कोई समझौता न हो।
बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि उनके कार्यक्षेत्र से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जल निकासी व्यवस्था को लेकर योजनाबद्ध ढंग से पहले से ही काम शुरू कर दे और इस बार के बरसात के मौसम में यह प्रयास रहे कि किसी भी सड़क पर पानी जमा न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
सिद्ध पीठ श्री हनुमान मंदिर के प्रांगण में धूमधाम से मनाया गया डा. राजेश भाटिया का जन्मदिन
फरीदाबाद, 17 अप्रैल
(रूपेश देव)। सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर मार्केट नंबर-एक तथा ब्यापार मंडल फरीदाबाद के प्रधान डा. राजेश भाटिया का जन्मदिन आज धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान डॉ अनिल मलिक श्री सनातन धर्म महावीर दल के बच्चों एवं अध्यापकगण द्वारा प्रधान डॉ राजेश भाटिया का स्वागत किया व उनसे केक कटवा कर उनको जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
सामाजिक समरसता को बिगाड़ रही है भाजपा सरकार: महेन्द्र प्रताप सिंह
फरीदाबाद, 17 अप्रैल
(रूपेश देव)। बुधवार को लोकसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री चौधरी महेन्द्र प्रताप सिंह बडख़ल विधानसभा क्षेत्र की जमाई में हुई तोडफ़ोड़ के बाद बेघर हुए लोगों से मिलने पहुंचेे। उजड़े हुए लोगों ने उन्हें बताया कि करीब 40-40 सालों से जमाई कालोनी में रहते आए और मंगलवार को अचानक उनके आशियानों को भारी पुलिस बल के साए में तहस नहस कर दिया गया जबकि जमाई कालोनी का मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है, क्योंकि यह जमीन बडखल गांव की है और यहां के बाशिंदे सालों से यहां रह रहे हैं।
लोगों का कहना था कि तोडफ़ोड़ के दौरान उनका घर का सामान तक नहीं निकालने दिया गया। अब भीषण गर्मी में बेघर हुए लोग खुले में पड़े हैं। पूर्व मंत्री चौधरी महेन्द्र प्रताप सिंह ने लोगों के दुखड़े सुनते हुए कहा कि मामला जब कोर्ट में विचाराधीन था तो ऐसी कौन सी जल्दबाजी थी कि प्रशासन को लोगों को उजाड़ने की ।
फरीदाबाद पुलिस को मिली हाईटेक फॉरेंसिक वैन, अपराधियों का बचना होगा मुश्किल
फरीदाबाद, 16 अप्रैल
(रूपेश देव)। अब अपराधी किसी भी अपराध को अंजाम देने के बाद बच नहीं पाएंगे। फरीदाबाद में अब किसी भी आपराधिक घटनाओं से संबंधित साक्ष्यों का परीक्षण करना काफी आसान हो जाएगा। दरअसल, फरीदाबाद पुलिस को गृह मंत्रालय भारत सरकार के माध्यम से नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी गांधीनगर गुजरात से एक फॉरेंसिक इन्वेस्टिगेशन वैन (Forensic Investigation Van) मिली है। यह वैन अत्याधुनिक तकनीक से लैस हैं, जिससे आपराधिक घटनास्थल पर ही साक्ष्यों का परीक्षण कर प्राथमिक रिपोर्ट दी जाएगी। अभी प्रदेश को चार हाईटेक वैन मिली है जिनको फरीदाबाद, गुरुग्राम, पंचकूला और सोनीपत में भेजा गया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि इस फॉरेंसिक लैब वाहन में ड्रग डिडक्शन किट, एक्सक्लूसिव किट, फिंगर प्रिंट किट, फुट प्रिंट किट, डीएनए किट, फ्रिज, जनरेटर, वीडियो कैमरा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस फॉरेंसिक लैब वाहन के जरिए किसी भी आपराधिक घटना का मौके पर ही प्राथमिक परीक्षण किया जा सकेगा।
उन्होंने आगे बताया कि वैन आधुनिक तकनीक से लैस है। विधि विज्ञान प्रयोगशाला में जो बेसिक चीज होती हैं, उसकी सुविधा इस वैन में दी गई है। आपराधी घटना में जो साक्ष्य (जैसे ब्लड) मिलते हैं, उसका मौके पर ही सैंपल एकत्र कर प्राथमिक रिपोर्ट तैयार की जाएगी। देरी होने के बाद सैंपल खराब हो जाता है, क्योंकि इन सैंपल को प्रिजर्व करने की सुविधा पुलिस के पास नहीं है लेकिन इस फॉरेंसिक इन्वेस्टिगेशन वैन में सैंपल को सुरक्षित रखने के लिए फ्रिज की भी व्यवस्था की गई है।
वैन में पावर सप्लाई हमेशा बनी रहे, जिसके लिए हैंडसेट जनरेटर भी लगाया गया है, साथ ही विधि विज्ञान प्रयोगशाला के लगभग सभी डिवीजन और क्षेत्र इस वैन से कवर हो जायेगें। इस वैन में नारकोटिक्स जांच की व्यवस्था, विस्फोटक पदार्थ संबंधित जांच की व्यवस्था, फायर शॉट के दौरान निकलने वाले केमिकल के जांच की व्यवस्था, सीमेन, ब्लड, ह्यूमन सलाइवा के जांच की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके अलावा डिफरेंट वेवलेंथ लाइट सोर्स की भी सुविधा वैन में दी गई है। ऐसे में किसी भी पदार्थ की जांच मौके पर ही की जा सकेगी।
वैन में आगे और पीछे दोनों तरफ कैमरे लगाए गए हैं क्योंकि, नए कानून में घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करना अनिवार्य है, ऐसे में वैन जब घटनास्थल पर पहुंचेगी तो कैमरे से रिकॉर्डिंग शुरू हो जाएगी. जिसको रिकॉर्ड करने के लिए वैन में सिस्टम लगाए गए हैं। वैन में माइक्रोस्कोप, फ्रिज, स्क्रीन, फिंगरप्रिंट किट, फुटप्रिंट किट समेत वो तमाम चीजें मौजूद हैं, जिनकी जरूरत घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को होती है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने आज इस हाईटेक वैन का जायजा लिया और इसमें उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। पुलिस आयुक्त ने कहा कि नए कानून का उद्देश्य यही है कि त्वरित गति से न्याय दिया जा सके, यह तभी संभव है जब एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की रिपोर्ट जल्द मिल जाए। लिहाजा ये वैन घटनास्थल पर मौजूद रहेगी तो तत्काल सैंपल लेकर प्राथमिक जांच रिपोर्ट दी जा सकेगी। इस दौरान फरीदाबाद पुलिस की फॉरेंसिक टीम से डॉक्टर मनीषा व डॉक्टर सुमन उपस्थित रहे।
बिजली चोरी पकड़ने गई टीम को बंधक बनाने व मारपीट करने के मामले में एक आरोपी को किया गिरफ्तार
फरीदाबाद, 16 अप्रैल
(रूपेश देव)। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदीप कुमार J.E. बदरौला, सब डिवीजन (DHBVN), फरीदाबाद ने पुलिस थाना तिगांव में दी शिकायत में आरोप लगाए कि 14 अप्रैल को उनके विभाग की टीम बिजली चोरी पकड़ने के लिए मिर्जापुर से गांव सदपुरा पेट्रोल पंप के सामने चेकिंग कर रहे थे तभी वहां पर एक घर जिस पर नागर निवास लिखा हुआ था और जिसमें मेन केबल से एक अगल केबल लगा कर बिजली की चोरी की जा रही थी।
उन्होने अधिक जानकारी देते हुए बतलाया कि पुलिस थाना तिगांव की टीम ने आरोपी रोहित निवासी गांव तिगांव, फरीदाबाद के तिगांव से गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रोहित एस्कॉर्ट ट्रैक्टर कंपनी में काम करता है और इसने परिवार वालों के साथ मिलकर बिजली विभाग के कर्मचारियों को पीटा था। आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेजा गया है।
लड़ाई झगड़ा के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार
फरीदाबाद, 16 अप्रैल
(रूपेश देव)। 30 मार्च को गांव सारन फरीदाबाद वासी गुलशन ने पुलिस चौकी टाउन नंबर दो में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया की वह मोबाईल का काम करता है तथा 29 मार्च को रात्री समय करीब 9 बजे उसकी महिला मित्र के भाई अमन सिकारी का फोन आया और कहां कि बैठ कर बात करते है जिसके बाद शिकायतकर्ता अमन सिकारी से मिलने 2 न. C ब्लाक पहुचा जहां अमन सिकारी, उसके पिता व 3-4 लडके पहले से ही शिकायतकर्ता का इंतजार कर रहे थे जिन्होंने एकदम मशवरा होकर रौड व डंडे से हमला कर दिया। जिसमे वह बुरी तरह घायल हो गया था। जिस संबंध में थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि गुलशन आरोपी अमन सिकारी की बहन को परेशान करता था इसलिए आरोपी अमन, अमन के पिता व किशन उर्फ हनी ने अपने 3-4 साथियों के साथ मिलकर 29 मार्च की रात को गुलशन को 2 न. ब्लाक C मे बात करने के बहाने बुलाकर उस पर लाठी डंडों से हमला कर दिया था।
दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
बीजेपी सरकार द्वेष की भावना से कर रही है काम : विधायक आफताब अहमद
फरीदाबाद, 16 अप्रैल
(रूपेश देव)। फरीदाबाद कांग्रेस के जिला प्रभारी एवं विधायक नूंह चौधरी आफताब अहमद ने बड़खल गांव की जमाई कॉलोनी में मंगलवार को प्रशासन द्वारा की गई तोड़फोड़ की कार्रवाई को द्वेष की भावना से की गई कार्रवाई बताया। आफताब अहमद ने प्रशासन को जमाई कॉलोनी में बनी हुई एकमात्र मस्जिद को तोडने को दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी भेदभाव की नीति से काम कर रही है। इनका मकसद केवल आपसी भाईचारा खराब करना एवं सांप्रदायिक भावना फैलाना है।
बता दें कि सूरजकुंड अरावली वन क्षेत्र में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बाद भी अवैध निर्माण हो रहे हैं। जो लोग पैसा देते हैं उनको छोड़ दिया जाता है और जो लोग पैसा नहीं देते उनके फार्म हाउस और अवैध निर्माणों को तोड़ दिया जाता है ऐसे आरोप हर जबान पर हैं। पूरे शहर में बीजेपी सरकार और जिला प्रशासन भेदभाव की नीति से कम कर रही है। जानबूझकर बार-बार गांव बडकल को निशाना बनाया जाता है, जबकि विकास के नाम पर एक ईट गांव बड़खल में नहीं लगाई गई।
अपने कार्यों से शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दें रही हैं डॉ. इनायत चौधरी
फरीदाबाद, 16 अप्रैल
(रूपेश देव)। अग्रवाल कॉलेज बल्लभगढ़ में अंग्रेजी विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. इनायत चौधरी ने हाल ही में जीवीएम गर्ल्स कॉलेज, सोनीपत में “भारतीय ज्ञान प्रणाली: इसकी प्राचीन बुद्धिमत्ता और आधुनिक प्रासंगिकता को समझना” विषय पर एक ऑनलाइन विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। इस कार्यक्रम में 115 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
डॉ. चौधरी ने अपने व्याख्यान में प्राचीन भारतीय ज्ञान प्रणाली के महत्व और इसके आधुनिक समय में अनुप्रयोगों पर चर्चा की। उन्होंने प्राचीन बुद्धिमत्ता को आधुनिक समय में समाहित करने के महत्व पर प्रकाश डाला और प्राचीन प्रथाओं जैसे कि उन्नत जल प्रबंधन प्रणालियों और शहरी नियोजन पर चर्चा की।
डॉ. चौधरी ने अपने कार्यों से शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने यूजीसी केयर-सूचीबद्ध और सहकर्मी-समीक्षित शोध पत्रों में योगदान दिया है और स्वयं मूक्स मॉड्यूल विकसित किए हैं। उन्हें जिला प्रशासन द्वारा प्रौद्योगिकी के नवाचारी उपयोग के लिए सम्मानित किया गया है। वह हरियाणा सरकार की पहल जैसे उड़ान और उत्कर्ष में भी योगदान दे रही हैं।
इस ऑनलाइन व्याख्यान के दौरान, डॉ. चौधरी ने विद्यार्थियों को प्राचीन भारतीय ज्ञान प्रणाली के महत्व और इसके आधुनिक समय में अनुप्रयोगों के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों ने डॉ. चौधरी की विशेषज्ञता और ज्ञान की सराहना की और उनके व्याख्यान से बहुत कुछ सीखा।

