Join our community of SUBSCRIBERS and be part of the conversation.
To subscribe, simply enter your email address on our website or click the subscribe button below. Don't worry, we respect your privacy and won't spam your inbox. Your information is safe with us.
फरीदाबाद। गाँव मोहना, फरीदाबाद में आज ग्राम न्यायालय का शुभारंभ माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संदीप गर्ग जी के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर माननीय अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्री पुरुषोत्तम कुमार, माननीय प्रधान न्यायाधीश (परिवार न्यायालय) सुश्री सौरभ गोसांईन, माननीय मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री उपेन्द्र सिंह, माननीय अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री जितेन्द्र सिंह तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-cum-सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद, श्रीमती रितु यादव भी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री संदीप गर्ग द्वारा रिबन काटकर ग्राम न्यायालय का उद्घाटन करने से हुई। गाँव मोहना के सरपंच सहित ग्रामवासियों ने न्यायपालिका के पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत के तौर पर शॉल भेंट की गई तथा परंपरागत रूप से पगड़ी बांधकर सम्मान किया गया।
ग्राम न्यायालय मोहना में माननीय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी श्री वीरेंद्र कुमार को नियुक्त किया गया है। उद्घाटन दिवस पर ही सात मामलों की सुनवाई इस न्यायालय में की गई। इस अवसर पर गाँव मोहना तथा आस-पास के गाँवों के लोगों ने खुशी व्यक्त की और पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय, चंडीगढ़ के इस सराहनीय कदम के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में श्री मयंक भारद्वाज, उपमंडल अधिकारी (SDM) बल्लभगढ़ भी उपस्थित रहे
फरीदाबाद का सबसे बड़ा राज्य स्तरीय स्कूल बनेगा राजकीय विद्यालय सराय, 4 मंजिला विस्तार और 6 हजार बच्चों की व्यवस्था
स्कूल में लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, केमिस्ट्री लैब और बायोलॉजी लैब जैसी आधुनिक सुविधाएँ होंगी उपलब्ध
फरीदाबाद। उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने कहा कि राजकीय विद्यालय सराय का नवीनीकरण फरीदाबाद के शिक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर होगा। डीसी विक्रम सिंह ने आज राजकीय विद्यालय सराय के नवीनीकरण और विकास परियोजना के संबंध में शिक्षा विभाग, एचएसवीपी के अधिकारियों के साथ लघु सचिवालय के बैठक कक्ष में बैठक कर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि यह स्कूल न केवल फरीदाबाद का सबसे बड़ा राज्य स्तरीय स्कूल बनेगा, बल्कि यहाँ विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त, सुरक्षित और अनुकूल शिक्षण वातावरण भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजकीय विद्यालय सराय दो मंजिला है, जिसे चार मंजिला बनाने की योजना बनाई गई है। इस विस्तार से स्कूल में लगभग छह हजार बच्चों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, शिक्षा और प्रशिक्षण के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए स्कूल में लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब सहित अन्य सभी आधुनिक सुविधाएं भी स्थापित की जाएंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवीनीकरण की प्रक्रिया में डिज़ाइन और संरचना की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए विशेषज्ञ आर्किटेक्ट की मदद से स्कूल का संपूर्ण डिजाइन तैयार किया जाएगा, ताकि विद्यालय का ढांचा न केवल भव्य और टिकाऊ हो, बल्कि छात्रों की सुरक्षा और सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जा सके। डीसी ने इस अवसर पर अधिकारियों को स्पष्ट किया कि परियोजना की योजना समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए और इसमें किसी भी प्रकार की गुणवत्ता समझौता न हो।
डीसी विक्रम सिंह ने यह भी कहा कि नवीनीकरण के साथ-साथ स्कूल के परिसर और इमारतों में आधुनिक और स्मार्ट शिक्षण तकनीकें भी लागू की जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षण के साथ-साथ डिजिटल शिक्षा और विज्ञान के प्रयोगात्मक अध्ययन का अवसर मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूल में स्टूडेंट फ्रेंडली वातावरण तैयार किया जाए, जिसमें बच्चों के लिए खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियाँ और प्रयोगात्मक शिक्षा को भी बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नवीनीकरण परियोजना में वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी और प्रत्येक चरण की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि परियोजना की समय सीमा के भीतर पूरी कर उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सभी संसाधनों का कुशल उपयोग किया जाए
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्कूल की सुरक्षा, स्वच्छता और संपूर्ण शिक्षण वातावरण को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही, उन्होंने शिक्षकों और स्टाफ की सुविधाओं को भी उन्नत करने के निर्देश दिए, ताकि वे छात्रों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान कर सकें। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद यह स्कूल न केवल विद्यार्थियों के लिए आदर्श बन जाएगा, बल्कि पूरे जिले में सरकारी स्कूलों के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत करेगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि स्कूल के नवीनीकरण के साथ-साथ स्थानीय समुदाय और अभिभावकों को भी इस प्रक्रिया में शामिल किया जाए ताकि सभी हितधारक विद्यालय की उन्नति में योगदान कर सकें।
डीसी विक्रम सिंह ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से कहा कि इस परियोजना में आधुनिक तकनीक, स्मार्ट क्लासरूम और पर्यावरण के अनुकूल संरचनाओं को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार की व्यवधान या असुविधा छात्रों और स्थानीय समुदाय के लिए न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में एडमिन एचएसवीपी अनुपमा अंजलि, सीटीएम अंकित कुमार, डीईओ अंशु सिंगला, डिप्टी डीईओ मनोज मित्तल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे
पृथला। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सिरसा की सांसद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के जन्मदिवस पर बुधवार को पृथला में असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस हरियाणा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति के सदस्य राकेश तंवर के संयोजन में एक पौधा सैलजा के नाम कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर काफी संख्या में अनेक प्रकार के पौधे रोपे गए वहीं गरीब अनाथ बच्चों में फल भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में काफी संख्या में लोग मौजूद थे वहीं कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस की पूर्व प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती रेणु तंवर ने किया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता राकेश तंवर ने कहा कि कुमारी सैलजा ने तीन दशकों के राजनीतिक जीवन में सर्व-समाज को साथ लेकर चलते हुए देश की राजनीति में सादगी, ईमानदारी और समर्पण की मिसाल पेश की है और वह राष्ट्रीय राजनीति में हरियाणा प्रदेश का मान बढ़ाते हुए पूरे प्रदेश और सर्व-समाज के हितों को सर्वोपरि रखकर अपनी जिम्मेवारी निभा रही हैं। उनका समस्त जीवन हरियाणा ही नहीं बल्कि देश के हर वर्ग के व्यक्ति के हितार्थ रहा है तथा वह हम-सब के लिए प्रेरणादायक हैं। कुमारी सैलजा न केवल दलितों में बल्कि हरियाणा सहित समूचे देश में आम, गरीब, किसान, युवा, महिला, मेहनतकश, दलित, पिछडों की आवाज को बुलंद कर रही हैं। उन्होंने जहां केन्द्रीय मंत्री रहते हुए ईमानदारी की मिशाल पेश की वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, राष्ट्रीय महासचिव व कांग्रेस की वर्किंग कमेटी की सदस्य एवं सिरसा की मौजूदा सांसद रहते हुए कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान की है। इसी का परिणाम है कि आज हरियाणा के जन-जन में कुमारी सैलजा वास करतीं है। इसलिए आज उनके जन्मदिवस पर उन्हीं से प्रेरणा लेकर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेवारी समझते हुए यहां पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिससे कि पर्यावरण को बचाया जा सके।
उन्होंने लोगों को पर्यावरण के प्रति सचेत रहने का आह्वान करते हुए कहा कि आज जिस तरह से पर्यावरण का संतुलन बिगडता जा रहा है उसकी रक्षा के लिए पौधारोपण बहुत जरूरी है। उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने का भी आह्वान करते हुए कहा कि पर्यावरण सुरक्षा और उसमें संतुलन हमेशा बना रहे इसके लिए हमें जागरुक और सचेत रहना होगा इसके लिए सभी लोगों के लिए वृक्षारोपण करना बहुत जरूरी है। क्योंकि पेड़ो से हमें खाने के लिए फल और सब्जियां मिलती हैं वहीं इनसे व्यापार के अलावा बहुत सारी औषधियां तैयार की जाती हैं। वहीं हिंदू धर्म में कई वृक्ष शास्त्रों के अनुसार पूजनीय कहलाते हैं और साथ ही धर्म शास्त्रों में सभी तरह से वृक्ष प्रकृति के सभी तत्वों की विवेचना करते हैं। इसलिए हमें ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करना चाहिए।
इस अवसर पर सरजीत पहलवान, नवीन तंवर, जसपाल सिंह व विक्रम तंवर आदि भी मुख्यरूप से मौजूद थे।
राइस मिलर्स की मांगों को पूरा करने के मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश
पिहोवा। खाद्य आपूर्ति, नागरिक एवं उपभोक्ता मामले विभाग मंत्री राजेश नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राइस मिलर्स की मांगों को 15 दिनों में पूरा करने आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने 15 मार्च को बोनस बढ़ाकर 30 जून किया गया, वर्ष 2024-25 होर्डिंग चार्ज को माफ किया गया। इसको लेकर प्रदेश के अधिकारियों और केंद्रीय मंत्री से बातचीत की गई है। उन्होंने कहा कि धान खरीद के सीजन में राइस मिलर्स की तरफ से किसानों को कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। सरकार द्वारा राइस मिलर्स को कोई परेशानी नहीं आने देगी।
मंत्री राजेश नागर मंगलवार को पिहोवा में राइस मिलर्स द्वारा आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पूर्व मंत्री राजेश नागर, पूर्व राज्यमंत्री सुभाष ने शहीद भगत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। राइस मिलर्स पिहोवा प्रधान सतीश सैनी ने अतिथियों का स्वागत किया और राइस मिलर्स की मांगों को रखा।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि हरियाणा कृषि प्रधान प्रदेश है। यहां पर यदि किसान दुखी होता है तो मानो प्रदेश सरकार ही दुखी है। राइस मिलर्स की तरफ से किसानों को कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। सरकार की तरफ से राइस मिलर्स को कोई दिक्कत नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राइस मिलर्स की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को अवगत करवाया गया था। जिन पर मुख्यमंत्री ने संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी मांगों का समाधान निकालने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं केंद्रीय मंत्री से बात करके केंद्र सरकार की तरफ से पूरी की जाने वाली मांगो को भी मनवाने का काम किया है।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने राइस मिलर्स की पेमेंट के मामले पर जल्द भुगतान का आश्वासन दिया है। साथ ही एफसीआई गोदामों में स्टोरेज की कमी को आगामी दो सालों तक पूरा करने का भरोसा दिया है। अन्य मांगों को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। राइस मिलर्स ने जिन नई बातों से आज अवगत करवाया है। उनसे भी मुख्यमंत्री को अवगत करवाकर पूरा करवाया जाएगा। पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने कहा कि प्रदेश के किसी भी नागरिक को मुख्यमंत्री से मिलने के लिए कोई अनुमति की जरुरत नहीं है। वो दिन-रात जनता के लिए अपने दरवाजे खोले रखते हैं। राइस मिलर्स तो रात को 12 बजे और दो बजे भी मुख्यमंत्री से मिलकर आए हैं। आगे भी वो किसी भी समय मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी मांगों से अवगत करवा सकते हैं।
इस मौके पर भाजपा नेता सुभाष कलसाना, पालाराम ढांड, राजेश कंसल इस्माइलाबाद, हंसराज सिंगला प्रधान, मक्खन सिंगला, रमेश चंद, राजकुमार गुप्ता करनाल, जयसिंह सोलूमाजरा, अमरजीत छाबड़ा, राजेंद्र कुमार, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। फोटो ।।।।
स्वदेशी अपनाओं, भारत को आत्मनिर्भर बनाओं की भावना के साथ देश को विकसित बनाने में अपना योगदान दे प्रत्येक नागरिक: कृष्णपाल गुर्जर
फरीदाबाद । केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने सोमवार को फरीदाबाद के सेक्टर-28 मार्केट में आयोजित “जीएसटी बचत उत्सव पदयात्रा” में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस पदयात्रा में व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने क्षेत्र के दुकानदारों और उपभोक्ताओं को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र सरकार की ओर से हाल ही में जीएसटी दरों में की गई कटौती के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए निरंतर कर सुधारों और विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं पर टैक्स में कमी का सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा, जिससे बाजार में चहल-पहल और व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी।
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी बचत उत्सव न केवल कर सुधारों का उत्सव है, बल्कि यह जनता को राहत देने और “कम टैक्स में बेहतर सुविधा” की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक भी है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे इस राहत का लाभ आम उपभोक्ताओं तक अवश्य पहुँचाएँ।
इसी कड़ी में श्री गुर्जर ने एनआईटी स्थित 1-2 चौक से “स्वदेशी संकल्प यात्रा” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी आंदोलन आज के समय में आत्मनिर्भर भारत बनाने के अभियान में मजबूत नींव का कार्य करेगा। स्वदेशी को अपनाकर न केवल स्थानीय उद्योगों और छोटे व्यापारियों को बढ़ावा मिलेगा बल्कि देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि स्वदेशी अपनाना केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने का मार्ग है। उन्होंने दुकानदारों और उपभोक्ताओं से अपील की कि वे भारत में बने स्वदेशी सामान को अपनाएं और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें और प्रधानमंत्री के एक आत्मनिर्भर और विकसित भारत को बनाने में आंदोलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर विभिन्न व्यापारिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों ने पदयात्रा में सक्रिय भागीदारी की। पूरे मार्ग पर उत्साहपूर्ण वातावरण रहा और लोगों ने केंद्रीय राज्यमंत्री का स्वागत करते हुए उनके माध्यम से प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी का जीएसटी दरों में की गई कटौती के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़खल विधायक धनेश अदलखा, पार्षद सुमन बाला, पार्षद जसवंत सिंह, पार्षद हरिकिशन गिरोटी, पार्षद वीरेंद्र भड़ाना सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्त्ता व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पंचकूला में “महाराजा अग्रसेन जयंती” में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी
अग्रवाल समाज से प्रदेश के विकास में योगदान देने का किया आह्वान
पंचकूला । हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार महाराजा अग्रसेन के दिखाए मार्ग पर चल कर “सबका साथ, सबका विकास” की नीति पर चल रही है। जिस प्रकार से महाराजा अग्रसेन अपने राज्य में बसने वाले हर व्यक्ति को एक ईंट और एक सोने की मोहर भेंट कर सहयोग करते थे, उनकी इसी समावेशी और दूरगामी सोच को आधार बनाकर सरकार अपनी योजनाओं से प्रत्येक व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री आज पंचकूला में हरियाणा सरकार की “संत महापुरुष सम्मान एवं विचार -प्रसार योजना” के अंतर्गत आयोजित “महाराजा अग्रसेन जयंती” में बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सर्वप्रथम लोगों को शरदीय नवरात्रों की बधाई दी और महाराजा अग्रसेन को नमन किया। उन्होंने अग्रवाल समाज के गौरवशाली इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि यह समाज सदैव देश व समाज के लिए और उससे भी बढ़कर सम्पूर्ण मानवता के लिए महान सेवाएं प्रदान करता रहा है। उन्होंने समाज के कई महापुरुषों का नाम लेते हुए कहा कि जिस क्षेत्र पर नजर डालें, हर क्षेत्र में अग्रवाल समुदाय के लोगों की भूमिका देखने को मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्रवाल समाज मुख्यतः व्यापार और उद्योग से जुड़ा है। हरियाणा सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में उद्योग और व्यापार के अनुकूल माहौल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार की नीतियों के कारण आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए ‘हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड’ का गठन किया है। हमने हिसार हवाई अड्डे का नाम महाराजा अग्रसेन के नाम पर रखा है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके आदर्शों और सिद्धांतों को याद रखें।
उन्होंने बताया कि आज नवरात्रों से देशभर में जीएसटी में हुए सुधारों को लागु किया जा रहा है, इससे व्यापारी वर्ग में विशेष उत्साह है। उन्होंने ख़ुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इन सुधारों के लिए प्रधामंत्री श्री नरेंद्र मोदी को अग्रवाल समाज द्वारा एक धन्यवाद पत्र भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि व्यापारियों के लिए ई-रिफंड की ऑनलाइन सुविधा शुरू की है। कराधान के क्षेत्र में ई-पंजीकरण, कर की ई-अदायगी एवं रिटर्न की ई-फाइलिंग, ई-निविदा और सी-फार्म जारी करने की ऑनलाइन सुविधा शुरू की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री शहरी स्वामित्व योजना’ के तहत 20 साल से अधिक समय से किराये या लीज अथवा लाइसेंस फीस पर चल रही पालिकाओं की दुकानों व मकानों की मलकीयत उन पर काबिज व्यक्तियों को दी हैं। व्यापारियों की सुविधा हेतु माल के अंतर्राज्यीय आवागमन के लिए ‘ई-वे बिल योजना’ शुरू की है। ‘प्रधानमंत्री लघु व्यापारी मान धन योजना’ के तहत खुदरा विक्रेताओं और दुकानदारों के लिए 60 वर्ष की आयु होने पर 3 हजार रुपये की न्यूनतम मासिक पेंशन सुनिश्चित की है।
श्री नायब सिंह सैनी ने उद्योगपतियों की सुविधा के लिए लागू की जा रही योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि लघु व मध्यम व्यापारियों के कल्याण के लिए अलग से ‘एम.एस.एम.ई.’ विभाग का गठन किया गया है। गुरुग्राम में स्टार्टअप की मदद के लिए ‘जी.एस.टी. सुविधा सेल’ स्थापित किया है। इसमें स्टार्ट-अप को पंजीकरण से लेकर रिटर्न दाखिल करने तक एंड-टू-एंड मदद मिल रही है। इसी प्रकार, पंचकूला में ‘एम.एस.एम.ई. जी.एस.टी. सुविधा सेल की स्थापना की गई है। इससे छोटे उद्यमियों को आसानी से जी.एस.टी. अनुपालन करने में मदद मिल रही है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ईज ऑफ डूइंग बिजनेस का एक इको-सिस्टम तैयार किया है। प्रदेश सरकार ने उद्योगों से जुड़ी कई लंबित समस्याओं का समाधान कर प्रदेश में औद्योगिक वातावरण का निर्माण किया है। इससे उद्यमियों में भी हरियाणा सरकार के प्रति विश्वास पैदा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने अग्रवाल समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे अपनी गौरवशाली परम्पराओं का निर्वहन करते हुए भविष्य में भी प्रदेश के विकास में योगदान देते रहें।
इस अवसर पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री विपुल गोयल ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की सहृदयता की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश सरकार महाराजा अग्रसेन के पदचिन्हों पर चल रही है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय नीति और महाराजा अग्रसेन की नीति सबका साथ सबका विकास का राज्य सरकार द्वारा पालन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विधायक श्रीमती सावित्री जिंदल, विधायक श्री घनश्याम सर्राफ, विधानसभा के पूर्व स्पीकर श्री ज्ञानचंद गुप्ता, पूर्व मंत्री श्री असीम गोयल के अलावा अग्रवाल समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने प्रदेशवासियों की सुख, शांति व समृद्धि की करी कामना
पंचकूला । हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी सहित अश्विन नवरात्र के प्रथम दिन आज पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर में माथा टेक पूजा अर्चना कर महामायी का आशीर्वाद लिया और प्रदेशवासियों की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने इसके उपरांत मंदिर परिसर में स्थित यज्ञशाला पहुंचकर हवन यज्ञ में भाग लिया और आहुति डाली।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं माता मनसा देवी श्राईन बोर्ड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती निशा यादव ने मुख्यमंत्री को माता मनसा देवी का चित्र सम्मान स्वरूप भेंट किया।
इस अवसर पर उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा, माता मनसा देवी श्राईन बोर्ड की सचिव श्रीमती शारदा प्रजापति, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
शारदीय नवरात्र में श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम बनता है असंख्य भक्तों का गवाह
फरीदाबाद। शारदीय नवरात्र के दौरान श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम श्री सिद्धदाता आश्रम में होने वाले अनुष्ठान आज से विधिवत प्रारंभ हो गए। इस अवसर पर घट स्थापना युवराज स्वामी अनिरुद्धाचार्य ने किया वहीं पीठाधिपति जगदगुरू रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने आरती कर सभी को आशीर्वाद एवं प्रसाद दिया।
यहां हर वर्ष होने वाले अनुष्ठान में सम्मिलित होने के लिए भक्तों में होड देखी जाती है लेकिन कुछ ही लोगों को इसकी अनुमति प्राप्त होती है। ये भक्त यहां रहकर नौ दिन तक माता रानी के सान्निध्य नामजप करेंगे। जिसका बड़ा ही सुखदायी फल होता है। यहां त्रिकाल संध्या के नियम का भी पालन करना होता है।
इसके अलावा दिव्यधाम में मां के मंडप में भी प्रतिदिन हजारों की संख्या में भक्त दर्शन करेंगे। आज भी मां के पूजन के उपरांत सभी आने वाले भक्तों को प्रसाद प्राप्त हुआ।
पीठाधीश्वर स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने बताया कि व्यकुंठवासी महाराज का वचन है कि यहां आने वालों के जीवन में धर्म अर्थ काम और मोक्ष में संशय नहीं रहता है। उन्होंने जन्मों से भटके मानव को भगवान की शरण लगाने के लिए इस स्थान को पुनर्जीवित किया और अनंतकाल तक यहां मनोकामनाएं पूर्ण होने की बात कही लेकिन भाव की जरूरत भी बताई कि जिसका जैसा भाव होगा, उसे वैसी प्राप्ति होगी।
बार काउंसिल ने बढ़ाया मान, पंकज पाराशर को मिला को-ऑप्टेड सदस्य का दायित्व
फरीदाबाद। फरीदाबाद जिला बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ता पंकज पाराशर को पंजाब हरियाणा बार काउंसिल का को-ऑप्टेड मेंबर चुने जाने पर अधिवक्ता समाज में हर्ष की लहर दौड़ गई। इस अवसर पर साथियों ने उन्हें मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बार काउंसिल के जनरल सेक्रेटरी सुरेंद्र शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र शर्मा, कंवर दलपत, पूर्व प्रधान संजीव चौधरी, वर्तमान प्रधान राजेश बैंसला, उप प्रधान आशीष कौशिक पूर्व बार काउंसिल चेयरमैन ओपी शर्मा, अशोक मित्तल, पीके मित्तल, निबरास अहमद, आनंद भारद्वाज सहित अनेक अधिवक्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर पूर्व जनरल सेक्रेटरी संदीप पाराशर और पूर्व सेक्रेटरी पवन पाराशर, एडवोकेट आर सी पाराशर भी मौजूद रहे। अधिवक्ताओं का कहना था कि पंकज पाराशर का अनुभव और नेतृत्व क्षमता काउंसिल के लिए लाभकारी साबित होगी।
वहीं पंकज पाराशर ने विश्वास दिलाया कि वे अधिवक्ता हितों की रक्षा और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सदैव सक्रिय रहेंगे। भगवान परशुराम, माता-पिता, गुरुजनों के साथ ही साथ जो भी सनातन सत्य के साथ है उन सभी वरिष्ठ जनों के प्रति मैं आभार भी व्यक्त करता हूं।
फरीदाबाद। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट चंडीगढ़ के निर्देशानुसार ग्राम न्यायालय एक्ट 2008 के तहत गांव मोहना में ग्राम न्यायालय स्थापित की जा रही है। इसका उद्घाटन श्री संदीप गर्ग जिला एवं सत्र न्यायाधीश के कर कमलों द्वारा 24 सितंबर 2025 को किया जाएगा।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फरीदाबाद श्रीमती रितु यादव ने बताया कि यह ग्राम न्यायालय प्रत्येक बुधवार को लगा करेगी, जिसमें न्यायिक अधिकारी फरीदाबाद सेशन डिवीजन से नियुक्त किए जा चुके हैं। इसमें मोहना तहसील क्षेत्र के आसपास के गांव जो की 12 किलोमीटर के दायरे में आते हो, जैसे की गांव अटाली, शाहजहांपुर, अरुआ, नरियाला, नारहावली, महमदपुर, हीरापुर, मौजपुर, फजुपुर, पैनहेरा खुर्द और कलां, अटेरणा चांदपुर,दयालपुर इत्यादि गांव सम्मिलित होंगे। इन गांवों के मुकदमों का इस ग्राम न्यायालय द्वारा घर के द्वार पर ही निस्तारण किया जाएगा। ताकि लोगों को अपने गांव में शीघ्र न्याय मिल सके। इस ग्राम न्यायालय में दीवानी, रिकवरी पेमेंट of wages act, minimum wages act, क्रिमिनल केस, डोमेस्टिक वायलेंस, वह क्रिमिनल केस जिसकी सजा दो साल तक की हो, चोरी से संबंधित अंडर सेक्शन 379, 380, 381, 411, 414, 454, 456, 504, 506 आईपीसी आदि के केस इस ग्राम न्यायालय में रखे जाएंगे।
इस ग्राम न्यायालय का मुख्य उद्देश्य यह है कि लोगों को उनके गांव में ही ग्राम न्यायालय लगाकर उनके मुकदमों का जल्दी से जल्दी फैसला करना है, ताकि लोगों को शीघ्र से शीघ्र न्याय मिल सके और हमारे देश का कोई भी व्यक्ति इस न्याय के अधिकार से वंचित न रह सके। उपरोक गांवों से संबंधित केसों की लिस्ट जिला कोर्ट फरीदाबाद के भूतल पर स्थित नोटिस बोर्ड पर तथा एक लिस्ट जिला बार एसोसिएशन के ऑफिस में भेजी जा चुकी है। यदि किसी भी व्यक्ति को अपने केसों से संबंधित पूरी जानकारी नहीं मिली है तो वह ई कोर्ट ऐप पर जाकर चेक कर सकता है और अपने केस की पैरवी कर सकता है।