back to top
Monday, April 6, 2026
Home Blog Page 3

18 मार्च को आयोजित होंगे बार काउंसिल ऑफ पंजाब एवं हरियाणा के चुनाव : डीसी आयुष सिन्हा

0

हरियाणा निर्वाचन अधिकारी ने जिला उपायुक्तों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की समीक्षा बैठक

फरीदाबाद। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार बार काउंसिल ऑफ पंजाब एवं हरियाणा के चुनाव आगामी दिनांक 18 मार्च, 2026 को प्रातः 09:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक हरियाणा राज्य में आयोजित किए जाएंगे। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस जयश्री ठाकुर (सेवानिवृत्त) को इन चुनावों के संचालन हेतु रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।

img 20260302 wa03005709086753711846486

यह जानकारी देते हुए हरियाणा राज्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास ने जिला के सभी उपायुक्तों के वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से बार काउंसिल चुनावों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि बार काउंसिल के चुनाव की तैयारियां हेतु 13 मार्च को समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। सभी मतदान केंद्रों पर “चार प्लस एक” (4+1) संरचना के अनुसार स्टाफ की नियुक्ति की जाएगी। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक प्रिसाइडिंग ऑफिसर, एक पोलिंग ऑफिसर (वैकल्पिक/प्रथम सहायक), दो सहायक पोलिंग अधिकारी तथा एक हेल्पर नियुक्त रहेगा। यह समस्त स्टाफ मतदान प्रक्रिया के सुचारू, पारदर्शी एवं निष्पक्ष संचालन के लिए उत्तरदायी होगा।

वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के उपरान्त उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि मतदान के लिए संवेदनशील सामग्री, जिसमें मतपेटियां, मतपत्र, वैधानिक अभिलेख एवं अन्य चुनाव सामग्री शामिल हैं, को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अंतर्गत स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी ताकि पारदर्शिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में फरीदाबाद एसडीएम अमित कुमार, सीटीएम अंकित कुमार, डीआईपीआरओ मूर्ति दलाल सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

बेटियों का समय पर टीकाकरण कराकर उनका भविष्य सुरक्षित करें : सतीश फागना

0

विधायक सतीश फागना ने किया एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान का उद्घाटन

फरीदाबाद,रूपेश देव।जिला फरीदाबाद में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम हेतु एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण का 90 दिवसीय विशेष अभियान आज बीके सिविल अस्पताल में प्रारंभ किया गया है। कार्यक्रम में एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत आहूजा और टीकाकरण अधिकारी डॉ रचना भी मौजूद रही।

img 20260228 wa02654752656565176258305

एनआईटी फरीदाबाद विधायक सतीश फागना ने कहा कि भारत सरकार के नेतृत्व में माननीय प्रधानमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में बालिकाओं के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम करना है, जो एचपीवी संक्रमण के कारण विकसित हो सकती है। समय रहते लगाया गया यह टीका भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान विशेष रूप से किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है। निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी इसका पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने इसे “रोकथाम आधारित स्वास्थ्य मॉडल” की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया और कहा कि बीमारी का इलाज करने से बेहतर है उसे पहले ही रोक लिया जाए। उन्होंने कहा कि यह टीका उपचार के लिए नहीं, बल्कि प्राथमिक रोकथाम (प्राइमरी प्रिवेंशन) के लिए है, क्योंकि “प्रिवेंशन इज बेटर दैन क्योर” के सिद्धांत के अनुसार बीमारी की रोकथाम पर होने वाला खर्च, उपचार की तुलना में बहुत कम होता है।

img 20260228 wa02641995135121314062228

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ जयंत आहूजा ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। यह वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से दी जाती है और लगभग 10 वर्षों तक प्रभावी रहती है। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन 90 से 100 प्रतिशत तक सुरक्षा कवरेज देती है तथा प्राथमिक रोकथाम (प्रिकॉशनरी वैक्सीनेशन) के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि टीकाकरण प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी है। बालिका को अपने माता-पिता अथवा अभिभावक के साथ केंद्र पर उपस्थित होना होगा। आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र अथवा स्कूल प्रमाण पत्र के माध्यम से आयु सत्यापन किया जाएगा। इसके पश्चात पोर्टल पर पंजीकरण किया जाएगा, जिसमें अभिभावक के मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा। ओटीपी सत्यापन के बाद ही वैक्सीन दी जाएगी और तत्काल प्रमाण पत्र भी जारी किया जाएगा। टीकाकरण के बाद प्रत्येक बालिका को आधे घंटे तक निगरानी में बैठाया जाता है, ताकि किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सके। यह सिंगल डोज वैक्सीन है, जिसे सरकार द्वारा इसे पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है।

टीकाकरण अधिकारी डॉ रचना ने बताया कि भारत में महिलाओं में कैंसर से होने वाली मृत्यु के प्रमुख कारणों में सर्वाइकल कैंसर दूसरे स्थान पर है, जबकि पहले स्थान पर ओरल कैंसर है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार सर्वाइकल कैंसर के कारण प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में महिलाओं की मृत्यु होती है, इसलिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है। विश्व के लगभग 160 देशों में यह टीकाकरण अभियान पहले ही लागू किया जा चुका है। भारत में इसे व्यापक स्तर पर लागू कर बालिकाओं के भविष्य को सुरक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह 90 दिनों का सघन अभियान निर्धारित केंद्रों— जैसे जिला अस्पताल (डीसीएच), शहरी स्वास्थ्य केंद्र (यूएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी)—पर संचालित किया जा रहा है। फरीदाबाद जिले के सभी प्रमुख केंद्रों पर कोल्ड चेन सिस्टम, आईएलआर डीप फ्रीजर, तापमान लॉगर्स एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि वैक्सीन सुरक्षित तापमान पर संरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि 90 दिनों के विशेष अभियान के पश्चात इसे नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल करने की योजना है।

उन्हीने कहा कि यह अभियान पूर्णतः निःशुल्क और राष्ट्रव्यापी है, तथा पात्र भारतीय बालिकाएं इसका लाभ उठा सकती हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण के लिए अवश्य लाएं, ताकि सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके और स्वस्थ भारत के निर्माण में सहयोग मिल सके।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।

होली केवल रंगों का उत्सव नहीं बल्कि बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक : विपुल गोयल

0

कैबिनेट मंत्री ने चंदावली में पार्षद जसवंत सैनी द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में की शिरकत

फरीदाबाद । गांव चंदावली में आयोजित भव्य होली मिलन समारोह एवं जसवंत पवार पार्षद कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने क्षेत्रवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और समाज में भाईचारा सद्भाव तथा राष्ट्रहित की भावना को और अधिक सशक्त करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मातृशक्ति युवा साथी और वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

img 20260228 wa03135925713679716002258

अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं बल्कि बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। भक्त प्रहलाद की अटूट आस्था हमें यह संदेश देती है कि सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने वाला कभी पराजित नहीं होता। होलिका दहन हमें अपने भीतर की नकारात्मकता अहंकार और अन्याय को समाप्त करने का संकल्प देता है। यह पर्व सामाजिक समरसता और आपसी प्रेम को मजबूत करने का अवसर भी है।

img 20260228 wa03143392418869318642682


उन्होंने कहा कि यह होली विशेष महत्व रखती है क्योंकि देश माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐतिहासिक बदलाव के दौर से गुजर रहा है। जीएसटी सुधारों के माध्यम से वन नेशन वन टैक्स की व्यवस्था ने देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है। इससे व्यापार प्रणाली में पारदर्शिता आई है और छोटे व्यापारियों से लेकर बड़े उद्योगों तक सभी को लाभ मिला है। आत्मनिर्भर भारत का संकल्प अब जमीनी स्तर पर साकार होता दिखाई दे रहा है।

img 20260228 wa03177816413058969212628

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में विभिन्न राज्यों में मिला व्यापक जनसमर्थन यह दर्शाता है कि जनता सुशासन विकास और राष्ट्रहित की नीतियों के साथ खड़ी है। भारतीय जनता पार्टी को मिला विश्वास केवल राजनीतिक समर्थन नहीं बल्कि विकास की विचारधारा पर जनता की स्वीकृति है। लोकतंत्र में जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी शक्ति है।


उन्होंने आगे कहा कि होली हमें यह प्रेरणा देती है कि समाज में व्याप्त बुराइयों को समाप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। जहां भ्रष्टाचार है वहां पारदर्शिता लानी है। जहां भय और असुरक्षा का वातावरण है वहां विश्वास और विकास का प्रकाश पहुंचाना है। देश के प्रत्येक राज्य में लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करना और जनहित को सर्वोपरि रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।


विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से बोलते हुए उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में अभूतपूर्व निवेश डिजिटल क्रांति स्टार्टअप और मेक इन इंडिया जैसी पहलों ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दी है। गरीब कल्याण की योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। यह परिवर्तन 140 करोड़ देशवासियों के सामूहिक संकल्प और सहभागिता का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद की धरती सद्भाव उद्योग और विकास की प्रतीक है। यहां की जनता ने हर अवसर पर राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी है और आगे भी सकारात्मक सोच और सक्रिय भागीदारी के साथ विकास यात्रा में सहयोग करती रहेगी। चंदावली में पार्षद कार्यालय का उद्घाटन जनसेवा को और अधिक सुलभ और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


इस दौरान मंत्री राजेश नागर जी और मेयर प्रवीण बत्रा जोशी जी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। साथ ही पार्षद जसवंत पंवार सैनी राम कुमार गौड अजय डागर हिमांशु भट्ट मदन सैनी प्रधान सैनी समाज अमर रघुवंशी दीपक आजाद अशोक शर्मा और किशन सिंह चहल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
अंत में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि इस होली पर हम केवल रंगों से नहीं बल्कि राष्ट्रभक्ति विकास एकता और सकारात्मक सोच के रंग से अपने जीवन को रंगें। समाज में प्रेम सद्भाव और सहयोग की भावना को मजबूत करें और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

नकल करने या कराने वालों के खिलाफ कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत होगी कार्रवाई : डीसी आयुष सिन्हा

0

डीसी आयुष सिन्हा ने जिले के परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

फरीदाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं के नकल-मुक्त और निष्पक्ष आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

img 20260226 wa0180293986621785296526

डीसी आयुष सिन्हा ने परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की एंट्री प्रक्रिया, फ्रिस्किंग और सुरक्षा प्रबंधों के साथ साथ किसी भी अनियमित गतिविधि की संभावना को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं जानकारी ली। उन्होंने सभी कक्षाओं का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था, परीक्षा देने की प्रक्रिया तथा अनुशासन की स्थिति का जायजा लिया। डीसी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

img 20260226 wa0181651725193926649884

डीसी ने विभिन्न टीमों की निरीक्षण रिपोर्टों की जांच की। उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि सभी अधिकारी फील्ड में तैनात हैं तथा अपनी जिम्मेदारियों का पालन पूरी तरह कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे लगातार सतर्क रहें और किसी भी अनियमितता की तुरंत रिपोर्ट करें। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति नकल करने, कराने या इसमें सहयोग करने की कोशिश करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों के स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा कक्षों में अनुशासन बनाए रखें और परीक्षा केंद्र की परिधि में बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए।

रॉन्ग साइड वाहन चालकों के चालान और इंपाउंड की प्रक्रिया करें सुनिश्चित : डीसी आयुष सिन्हा

0

बी के सिविल अस्पताल के सामने अवैध वाहन हटाने और 24 घंटे ड्यूटी लगाने के दिए आदेश

फरीदाबाद । उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में आज वीरवार को स्थानीय लघु सचिवालय परिसर स्थित सभागार कक्ष में रोड सेफ्टी की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के कारणों की पहचान, डेथ ऑडिट, रोड सेफ्टी ऑडिट तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधारात्मक कदम उठाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

img 20260226 wa01861376594089951334156

डीसी आयुष सिन्हा ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर उन्होंने रॉन्ग साइड वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया, जिसमें चालान बढ़ाने और वाहनों को इंपाउंड करने की प्रक्रिया शामिल है, ताकि इस मार्ग पर किसी भी प्रकार की सड़क दुर्घटना या सुरक्षा इश्यू न उत्पन्न हो। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड के लिए उन्होंने रोड मार्किंग और लाइटिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे मार्ग पर यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा बनी रहे। उन्होंने एफएमडीए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सड़क सुरक्षा और सौंदर्य को ध्यान में रखते हुए नहर पार के सभी पैच वर्क को 10 से 15 दिनों के भीतर पूरा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

डीसी आयुष सिन्हा ने बी के सिविल अस्पताल के सामने अवैध रूप से खड़े वाहनों और ऑटो को इंपाउंड करने और चालान करने के आदेश दिए। इसके लिए 24 घंटे ड्यूटी लगाने का निर्देश भी दिया। उन्होंने सभी विभागों – एनएचएआई, एफएमडीए, एचएसआईडीसी, पीडब्ल्यूडी, नगर निगम और एचएसवीपी – को अपने-अपने क्षेत्रों की रोड सेफ्टी ऑडिट रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया और कहा कि यदि किसी विभाग ने ऑडिट कर लिया है तो उसकी कंप्लायंस रिपोर्ट में सुधारात्मक कार्रवाई और पूरी स्थिति का विवरण देना अनिवार्य है।

डीसी आयुष सिन्हा ने विशेष रूप से ओपन ड्रेनों और खुले क्षेत्रों पर भी ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां भी हादसे का खतरा हो सकता है, वहां फेंसिंग, प्रॉपर साइनेज और सुरक्षा उपाय किए जाए। उन्होंने कहा की यदि कही कोई हादसा होता है तो संबंधित विभागीय अधिकारी के खिलाफ जावबदेही तय की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने, नियमित निरीक्षण करने और किसी भी अनियमितता की तुरंत रिपोर्ट करने के लिए भी निर्देशित किया।

डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि दुर्घटनाग्रस्त सड़कों की पहचान कर वहां गड्ढों, टूटी ग्रिल, खराब साइन बोर्ड और प्रकाश व्यवस्था जैसी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।

इस दौरान आरटीए सचिव मुनीश सहगल ने रोड सेफ्टी के बारे में समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने एडीसी को बताया कि दुर्घटना पर अंकुश लगाने के लिए रॉंग साइड गाड़ी चलाने वालों के चालान कर जुर्माना लगाया जा रहा है।

बैठक में सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण सहित रोड़ सेफ्टी से जुड़ें अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सरकार पारदर्शी शासन और विकास के प्रति दृढ़ संकल्प के लिये प्रतिबद्ध- विपुल गोयल

0

चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने सदन के पटल पर महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को लेकर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए सरकार की पारदर्शी कार्यशैली और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से व्यक्त किया।

img 20260226 wa01492362843898537845372


सदन में दिए गए अपने उत्तर में मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि नौरंगराय तालाब परियोजना के लिए लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से नया विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार किया जा चुका है। इस परियोजना को सुव्यवस्थित योजना के साथ आगे बढ़ाते हुए लगभग दो वर्षों की निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने का लक्ष्य सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कार्य न केवल क्षेत्र के सौंदर्यीकरण को नई पहचान देगा बल्कि नागरिकों के लिए बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं का मार्ग भी प्रशस्त करेगा।

img 20260226 wa01502393437354934101352


मंत्री ने आगे कहा कि महावीर पार्क के विकास हेतु भी नया DPR तैयार किया जा रहा है जिससे इस महत्वपूर्ण परियोजना को शीघ्र गति प्रदान की जा सके। इसके अतिरिक्त बाल भवन परियोजना के लिए लगभग 22 करोड़ रुपये का DPR तैयार हो चुका है जिसके अंतर्गत कार्य जल्द प्रारंभ कर उसे समयबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सभी परियोजनाओं का उद्देश्य नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना और सामाजिक अवसंरचना को आधुनिक स्वरूप प्रदान करना है।


अपने वक्तव्य में विपुल गोयल ने जोर देते हुए कहा कि राज्य में विकास कार्यों की संभावनाएं निरंतर विस्तृत हो रही हैं और सरकार प्रत्येक योजना को ठोस नीति और स्पष्ट दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार हर विकास कार्य को पारदर्शिता दक्षता और जवाबदेही के साथ पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है।


मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सदैव नागरिक हित रहे हैं और विकास की यह निरंतर प्रक्रिया राज्य के समग्र उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि ये सभी परियोजनाएं पूर्ण होने के पश्चात नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने में उल्लेखनीय भूमिका निभाएंगी और क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगी।

प्रदेश के सम्पूर्ण पोषण पर ध्यान दे रही नायब सरकार: राजेश नागर

0

मंत्री राजेश नागर ने फोर्टीफाइड राइस कर्नल को लेकर की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक

फरीदाबाद। हरियाणा सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने आज विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर फोर्टीफाइड राइस कर्नल की सप्लाई में आ रही शिकायतों को लेकर समीक्षा बैठक की।

img 20260226 wa02173779816529975127131


उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पोषण युक्त चावल को पहुंचाने में जिस भी कारण से देरी हो रही है उन कारणों को तुरंत दूर करें। उन्होंने राइस मिलर्स से भी इसमें पूर्ण सहयोग की उम्मीद जताई।
मंत्री राजेश नागर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रदेश के सभी पात्र लाभार्थियों तक पोषणयुक्त फोर्टीफाइड चावल की आपूर्ति समयबद्ध, पारदर्शी और सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर देरी या बाधा न हो। उन्होंने कहा कि नायब सरकार के लिए जनहित सर्वोपरि है और प्रदेश के प्रत्येक पात्र परिवार तक पोषण सुरक्षा पहुँचाना हरियाणा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिससे हम किसी प्रकार भी समझौता नहीं कर सकते हैं।

img 20260226 wa02232032969256112247779


मंत्री राजेश नागर ने कहा कि जनता तक पोषित भोजन एवं अनाज की व्यवस्था को निरंतर सुधारने की तरफ हम सभी को मिलकर काम करना होगा, तभी सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की नीति को लागू करने में सफलता प्राप्त होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जो भी अधिकारी, कर्मचारी, राइस मिलर या सप्लायर इस कार्य में ढिलाई बरतेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


बता दें कि चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में फोर्टीफाइड राइस कर्नेल (FRK) की सप्लाई में हो रही देरी के मुद्दे पर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हरियाणा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साथ सप्लायर और राइस मिलर के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।

भाजपा की तानाशाह सरकार सरेआम कर रही है लोकतंत्र की हत्या : मनोज अग्रवाल

0

चंडीगढ़ कूच से पहले कांग्रेसी नेता मनोज अग्रवाल व प्रियंका अग्रवाल को पुलिस ने किया नजरबंद

फरीदाबाद। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत चंडीगढ़ में आयोजित हरियाणा विधानसभा घेराव कार्यक्रम को लेकर बल्लभगढ़ सिटी एसएचओ के अगुवाई में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज अग्रवाल और महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव प्रियंका अग्रवाल के बल्लभगढ़ स्थित निवास पर मंगलवार की शाम से ही पुलिस की सख्त पहरेदारी देखी गई, उसके बाद बुधवार सुबह जब मनोज व प्रियंका अग्रवाल अपने सैंकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ चंडीगढ़ कूच करने की तैयारी में थे उस वक्त सुबह पांच बजे भारी पुलिस बल ने उन्हें हॉउस अरेस्ट कर दिया। इस दौरान सेक्टर 02, बल्लभगढ़ स्थित उनके निज निवास पर किसी को भी अंदर आने या बाहर जाने की इजाजत नहीं दी गई, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष में आकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

img 20260225 1927043817359209129668549

पुलिस की इस नजरबंद कार्यवाही पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मनोज अग्रवाल ने कहा कि हम जननायक राहुल गांधी और हरियाणा की भावी मुख्यमंत्री कुमारी सैलजा के सिपाही हैं, इस पुलिसिया दमन के आगे न हम डरेंगे, न झुकेंगे और न ही रुखेंगे। आज भाजपा सरकार लोकतांत्रिक विरोध से घबराई हुई है और नेताओं को चंडीगढ़ आने की अनुमति दी जानी चाहिए थी। आखिर हमारे शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को रोकने की क्या वजह है।

आज यह भाजपा सरकार जितनी ताकत से भारी पुलिस बल मुझे चंडीगढ़ जाने से रोकने के लिए भेज रही है, रात भर पुलिस का सख्त पहरा मेरे निवास पर रख रही है अगर पुलिस प्रशासन यही तत्परता बल्लभगढ़ विधानसभा में अपराधों को रोकने के लिए दिखाए तो हमारे बल्लभगढ़ की दिशा और दशा को बदला जा सकता है। आज हमारा बल्लभगढ़ अपराधियों की शरण स्थली बन चूका है और भाजपा सरकार की लचर कानून व्यवस्था उन अपराधियों के आगे शुन्य साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हमें सडक़ पर तो रोक सकती है, लेकिन जनता की आवाज को नहीं दबा सकती। कांग्रेस पार्टी सडक़ों से लेकर सदन तक जनता की आवाज उठाती रहेगी। मनरेगा आम आदमी की जरूरत है और बीजेपी डर के कारण पुलिस का सहारा ले रही है। बीजेपी सरकार जो भी जनविरोधी नीतियां लाएगी, कांग्रेस उसका डटकर विरोध करेगी। लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने का हक है।

बोर्ड परीक्षाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी: डीसी आयुष सिन्हा

0

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स पर पूर्ण प्रतिबंध, फ्लाइंग स्क्वॉड रहेंगे सक्रिय

फरीदाबाद। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने आगामी बोर्ड परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

img 20260224 wa01618740438475822143514

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि जिला में कुल 80 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा केंद्र अधीक्षकों, डीईओ एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में सभी को जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण करते हुए कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चिन्हित संवेदनशील एवं अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इन केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा संबंधित एसडीएम नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

श्री सिन्हा ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स तथा किसी भी प्रकार की अनधिकृत एंट्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी अभ्यर्थियों एवं ड्यूटी स्टाफ की प्रवेश से पूर्व विधिवत जांच (फ्रिस्किंग) सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और परीक्षा केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान उड़न दस्तों (फ्लाइंग स्क्वॉड) का गठन किया गया है, जो आकस्मिक निरीक्षण कर नकल या अन्य अनुचित गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे।

डीसी ने अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं संबंधित अधिकारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी मिलकर परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने में अपनी भूमिका निभाएं। जिला प्रशासन परीक्षा प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं कड़ाई के साथ लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में एडीसी सतबीर मान, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम अमित कुमार,बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अनित कुमार सहित अन्य सम्बंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

फरीदाबाद में बोर्ड परीक्षाओं पहले धारा-163 लागू

0

25 फरवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं, फोटो स्टेट दुकानें बंद रखने के आदेश : डीसी

फरीदाबाद। फरीदाबाद में बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम लागू कर दिए हैं। परीक्षा अवधि के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोकने के उद्देश्य से कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

img 20260224 wa01625039079579487054004

डीसी एवं जिलाधीश आयुष सिन्हा ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण समय में किसी भी तरह की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी क्रम में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत विशेष आदेश जारी किए गए हैं, जो निर्धारित अवधि तक प्रभावी रहेंगे।

25 फरवरी से शुरू होंगी बोर्ड परीक्षाएं
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 25 फरवरी से 01 अप्रैल 2026 तक सेकेंडरी (रेगुलर/री-अपीयर/एजुकेशनल), सीनियर सेकेंडरी (रेगुलर/री-अपीयर/एजुकेशनल) तथा डीएलएड प्रथम एवं द्वितीय वर्ष (री-अपीयर) की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। सभी परीक्षाएं दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर होंगी।

जिलाधीश द्वारा जारी आदेशों के अनुसार परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में अनधिकृत व्यक्तियों की मौजूदगी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही फोटोकॉपी, फोटोटेट मशीनों और अन्य कॉपिंग उपकरणों के संचालन पर भी रोक लगाई गई है, ताकि नकल जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।

हथियार, नारेबाजी और प्रदर्शन पर रोक
आदेशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा अवधि के दौरान कोई भी व्यक्ति आग्नेयास्त्र या अन्य चोट पहुंचाने वाले हथियार लेकर नहीं चल सकेगा। नारेबाजी, धरना-प्रदर्शन और भीड़ एकत्रित करने जैसी गतिविधियां भी प्रतिबंधित रहेंगी।

आदेश उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
ये आदेश 25 फरवरी से 1 अप्रैल 2026 तक प्रभावी रहेंगे। सभी थाना प्रभारियों को इन निर्देशों की कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। यदि कोई व्यक्ति आदेशों की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से परीक्षाओं के शांतिपूर्ण संचालन में सहयोग की अपील की है।