Join our community of SUBSCRIBERS and be part of the conversation.
To subscribe, simply enter your email address on our website or click the subscribe button below. Don't worry, we respect your privacy and won't spam your inbox. Your information is safe with us.
हरियाणा में 1 अप्रैल से 15 मई तक रबी खरीद के लिए मंडियों में व्यवस्था चाक चौबंद
फरीदाबाद, रूपेश देव। हरियाणा में रबी खरीद 2026 – 27 की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार 1 अप्रैल से हरियाणा में रबी की सरकारी खरीद का आगाज होना है। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि रबी खरीद 2026-27 के मद्देनजर प्रदेश की अनाज मंडियों को तैयार कर लिया गया है। मंडी परिसर में साफ सफाई और किसान भाइयों की सुविधा का खास ख्याल रखा जा रहा है। इस बाबत जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों और एजेंसी के जिला प्रबंधकों को विशेष तौर से प्रशिक्षण दिया गया है।
श्री नागर ने बताया कि मंडियों में बायोमेट्रिक आधारित खरीद होगी, प्रक्रिया को सरल करने के लिये राज्य सरकार द्वारा स्वयं किसान या उनके द्वारा मनोनीत 3 नॉमिनियों में से केवल एक का ही बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य है। इस प्रक्रिया के कारण उसे खुद खेत छोड़कर आना नहीं होगा। इसके अलावा सभी मंडी स्थानों की जिओ फेंसिंग की गई है। इस सुविधा के अंतर्गत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी गेट पास, नीलामी, जे फंड बनाने और लिफ्टिंग से संबंधित गतिविधियां केवल मंडी परिसर के भीतर की जाएँ। इसके लिए मंडी के जिओ फेंस किये गए क्षेत्र के भीतर उपस्थिति को सत्यापित किया जाता है. जिससे राज्य के किसान की फसल को कोई अन्य व्यक्ति किसान के नाम पर फर्जी तरीके से बेच न सके।
किसानों को गेट पास जारी करते समय, वाहन के फोटो के साथ साथ वाहन नंबर देना भी अनिवार्य कर दिया गया है। किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसलिये मण्डी मे फसल लेकर आने वाले वाहनो पर नम्बर प्लेट ना होने पर किसान अपने वाहन पर पेंट या हाथ से एक कागज पर लिख कर भी चिपका कर आ सकता है, उसे भी मान्य किया गया है।
साथ ही, निकास गेट पास (Exit Gate Pass) केवल तभी जारी किया जा सकता है, जब संबंधित वाहन मंडी के जियो-फेंस किए गए क्षेत्र के भीतर मौजूद हो।
उन्होंने बताया कि सभी भंडारण स्थलों की जियो फेंसिंग यह सुनिश्चित करती है कि खाद्यान्नों की गोदामों में प्राप्ति तभी हो सकेगी, जब वाहन भौतिक रूप से भंडारण स्थल के जियो-फेंस किए गए क्षेत्र के भीतर मौजूद हो।
राज्य के किसान जो मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकृत है, से उनकी उपज की पूर्ण खरीद की जायेगी। कृषि विभाग ने किसानों द्वारा घोषित भूमि पर उगी फसल के सत्यापन के लिए उपग्रह-छवि (satellite image) आधारित प्रणाली शुरू की है। राजस्व और जिला कृषि अधिकारियों के सत्यापन के साथ-साथ, तीसरे स्तर के सत्यापन के रूप में HARSAC के माध्यम से हीट मैप्स का उपयोग किया जाता है।
स्थापना दिवस कार्यक्रम होगा भव्य: जसवंत पंवार सैनी
फरीदाबाद, रूपेश देव। भारतीय जनता पार्टी ने अपने छह अप्रैल को स्थापना दिवस कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए पूरे हरियाणा में जिला टोलियों का गठन किया है। इसी कड़ी में फरीदाबाद महानगर भाजपा जिला से मनोनीत पार्षद जसंवत पंवार सैनी को बड़ी जिम्मेदारी देते हुए भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस समारोह कार्यक्रम में टोली का सहसंयोजक बनाया गया है।
अपनी इस नियुक्ति पर पार्षद जसवंत पंवार सैनी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पं. मोहनलाल बड़ौली, स्थापना दिवस कार्यक्रम प्रभारी एवं सांसद संजय जयसवाल, प्रदेश संगठन मंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा और भाजपा फरीदाबाद महानगर अध्यक्ष सोहनपाल छौकर का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि जो जिम्मेदारी उन्हें संगठन द्वारा सौंपी गई है, वह उस पर खरा उतरेगें और स्थापना दिवस कार्यक्रम को भव्य बनाने के जिले के गांव-गांव व कालोनी-कालोनी जाकर आम जन से मुलाकात करेगें और भारतीय जनता पार्टी व सरकार की आमजन हितैषी व विकासपूरक नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगें और कार्यक्रम को भव्य बनाया जाएगा।
फरीदाबाद, रूपेश देव। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के निर्देशानुसार जिले में एल.पी.जी. गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अनाधिकृत प्रयोग पर रोक लगाने के लिए जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों नियुक्ति किए हैं। साथ ही उपभोक्ताओं की एल.पी.जी. से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा हेल्पलाइन नंबर 0129-2288245 जारी किया गया है, जिस पर कोई भी नागरिक गैस सिलेंडर की कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूली, जमाखोरी या घरेलू गैस के व्यावसायिक प्रयोग जैसी शिकायत दर्ज करवा सकता है। यह जानकारी जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) कविता सिंह परिहार ने दी।
डीएफएससी कविता सिंह परिहार कि एलपीजी गैस, पेट्रोल एवं डीजल जैसी आवश्यक वस्तुओं का जमाखोरी एवं कालाबाजारी करना एक गंभीर अपराध है। यह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि आम नागरिकों के अधिकारों का हनन भी है। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व कृत्रिम कमी पैदा कर इन आवश्यक संसाधनों को अधिक कीमत पर बेचने का प्रयास करते हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस प्रकार की गतिविधियों पर जिला प्रशासन द्वारा कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कहा कि यदि कहीं भी एलपीजी गैस से संबंधित कोई अनियमितता, जैसे कालाबाजारी, अधिक मूल्य वसूली, जमाखोरी अथवा घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग देखने में आए, तो नागरिक तुरंत इसकी सूचना जिला हेल्पलाइन नंबर 0129-2288245 पर दें।
इसके अतिरिक्त, बल्लभगढ़ क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अजीत सिंह (मोबाइल नंबर: 9810212115) तथा एनआईटी फरीदाबाद क्षेत्र के लिए सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी विनय मुद्गल (मोबाइल नंबर: 8168792654) को भी सीधे सूचना दी जा सकती है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने एमसीएफ के सफाई निरीक्षकों को वितरित की 31 स्कूटियाँ
फरीदाबाद , रूपेश देव।हरियाणा सरकार के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने आज नगर निगम फरीदाबाद (MCF) की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सफाई निरीक्षकों (दरोगाओं) को 31 नई स्कूटियों का वितरण किया। सेक्टर 16 स्थित सागर सिनेमा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों गणमान्य व्यक्तियों और पत्रकार बंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही और कार्यक्रम को व्यापक सराहना मिली।
इस अवसर पर स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल स्कूटियों के वितरण तक सीमित नहीं है बल्कि यह एक स्वच्छ सुंदर और विकसित फरीदाबाद के निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन ने पूरे देश में स्वच्छता को जन आंदोलन का रूप दिया है और आज स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और जीवनशैली का हिस्सा बन चुकी है।
श्री गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसी व्यवस्था विकसित करने के लिए लगातार प्रयासरत है जो स्थायी हो प्रभावी हो और आने वाली पीढ़ियों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करे। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में पिछले वर्षों में स्वच्छता और शहरी विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं जिनका सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कचरा प्रबंधन व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि बढ़वारी क्षेत्र में स्थापित कचरा प्रबंधन और प्रोसेसिंग प्लांट शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ बनकर उभर रहा है जहां कचरे का वैज्ञानिक और सुव्यवस्थित निपटान सुनिश्चित किया जा रहा है। इसके साथ ही डोर टू डोर कचरा संग्रहण प्रणाली को मजबूत किया गया है जिससे घर घर से नियमित रूप से कचरा एकत्रित किया जा रहा है और सड़कों व गलियों में कचरा फैलने की समस्या में कमी आई है।
उन्होंने ने कहा कि सफाई व्यवस्था की निगरानी को भी सशक्त किया गया है। डिजिटल मॉनिटरिंग नियमित निरीक्षण और जवाबदेही तय करने की प्रणाली से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि हर क्षेत्र में सफाई कार्य समय पर और प्रभावी तरीके से हो। उन्होंने कहा कि आज वितरित की गई 31 स्कूटियां इस व्यवस्था को और अधिक गतिशील बनाएंगी और सफाई निरीक्षक अपने क्षेत्रों में तेजी से पहुंचकर निरीक्षण और समस्याओं के समाधान को और बेहतर बना सकेंगे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि फरीदाबाद में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं। सड़कों के किनारे पार्कों में और विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर हजारों की संख्या में पौधे लगाए गए हैं जो आने वाले समय में शहर को हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
श्री गोयल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है बल्कि यह हम सभी का साझा दायित्व है। उन्होंने लोगों से कचरा इधर उधर न फेंकने निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालने प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एक छोटी सी लापरवाही पूरे सिस्टम को प्रभावित कर सकती है जबकि एक छोटा सा सकारात्मक प्रयास पूरे शहर की तस्वीर बदल सकता है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद को केवल एक औद्योगिक शहर के रूप में नहीं बल्कि एक आदर्श स्वच्छ सुंदर और हरित शहर के रूप में विकसित करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। नई सड़कों का निर्माण सीवर और ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करना गलियों का विकास और सफाई व्यवस्था में आधुनिक तकनीकों का उपयोग जैसे अनेक कार्य इस दिशा में तेजी से किए जा रहे हैं।
स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने नगर निगम फरीदाबाद के सफाई कर्मचारियों निरीक्षकों और पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि आप सभी के समर्पण और मेहनत के कारण ही यह संभव हो पाया है कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था लगातार बेहतर हो रही है। उन्होंने उन्हें स्वच्छता के सच्चे सैनिक बताते हुए उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे न गंदगी करेंगे न करने देंगे का संकल्प लें और जनभागीदारी के माध्यम से फरीदाबाद को देश के सबसे स्वच्छ सुंदर और हरित शहरों में शामिल करने के लिए मिलकर कार्य करें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग और प्रशासन की प्रतिबद्धता से यह लक्ष्य अवश्य प्राप्त होगा।
इस दौरान मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, नगर निगम फरीदाबाद आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, संयुक्त आयुक्त राजेश प्रजापति, पूर्व पार्षद जितेंद्र भड़ाना,नीरा तोमर, पार्षद कुलदीप साहनी, पार्षद सचिन शर्मा, पार्षद जशवंत पवार, पार्षद रिंकू शिलानी, पार्षद अजीत नंबरदार, पार्षद नरेश नंबरदार, पार्षद प्रियंका बिष्ट बुधानी तथा पार्षद मुकेश अग्रवाल, प्रवेश मेहता सहित अन्य कई गणमान्य व्यक्ति एवं नगर निगम फरीदाबाद से जुड़े अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कांग्रेस राज में ऐसे मामलों में हजारों लोगों को उजडने से बचाया गया : विजय प्रताप
फरीदाबाद, रूपेश देव। पिछले करीब 4 माह से 450 मकानों को उजडऩे से बचाने के लिए शांतिपूर्वक धरनारत किसानों के बीच रविवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय प्रताप सिंह पहुंचे । उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में तीन तीन मंत्री बैठे हैं और उन्होंने आश्वासन भी दिया है कि किसानों को उजडऩे नहीं दिया जाएगा। एक रणनीति के तहत जनप्रतिनिधियों से किसान आग्रह कर ले वरना कहा जाएगा कि विपक्ष राजनीति कर रहा है। एक माह में भी किसानों के मकानों को बचाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते तो अलग अलग कमेटियां बनाकर शांतिपूर्वक विशाल महापंचायत और आंदोलन चलाया जाएगा। जिसमें देश भर से कांग्रेस के आला नेता शामिल होंगे और किसानों को बचाने की आवाज को बुलंद किया जाएगा।
इस अवसर पर धरनारत किसानों की अध्यक्ष वीरपाल गुर्जर कर रहे थे। विजय प्रताप ने कहा कि धरनारत किसानों के बीच वह हर सफ्ता शिरकत करेंगे । क्योंकि गांव बड़ौली से उनकी खून की लाइन मिली हुई है। वह किसानों के साथ हैं और वह धरनारत किसानों के जज्बे को भी नमन करते हैं जोकि अपने आशियानो को बचाने के लिए पिछले चार महीने से मैदान में डटे हुए हैं और उन्होंने वह सब जरूरी कदम उठाए हैं जिससे उनके आशियाने बच सके , इसके लिए वह केन्द्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और राज्यमंत्री राजेश नागर से मिले और उन्हें आश्वासन दिया गया कि उनको किसी हालत में उजडऩे नहीं दिया जाएगा। आश्वासन के बाद भी अचानक भारी फोर्स के साथ प्रशासन ने दो मकानों को तोड़ दिया, किसानों ने मंत्रियों से गुहार लगाई तो कार्रवाई बीच में रोक दी गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में एसजीएम नगर सहित कई क्षेत्रों में एक्वायर की जमीन में बने निर्माणों को बचाया गया है जिसके पेपर वह किसानों को उपलब्ध करा देंगे , अगर किसान और जनप्रतिनिधि चाहेंगे तो वह किसानों को उजडऩे से बचाने के लिए किसी सार्वजनिक स्थान पर बैठ कर इस विषय चर्चा कर सकते हैं। किसी तरह किसानों को बचाया जा सके।
कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई : नायब सैनी
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के लोगों को आश्वस्त किया कि मध्य -एशिया में बने हालातों के मद्देनजर राज्य में पैट्रोल, डीज़ल और रसोई गैस की कोई कमी नहीं है, उनको घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी तथा जमाख़ोरी करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई इस मामले में संलिप्त पाया गया तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।मुख्यमंत्री आज चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री के. मकरंद पांडुरंग, अतिरिक्त निदेशक ( प्रशासन ) श्रीमती वर्षा खांगवाल, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय उपस्थित थे।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मध्य एशिया में युद्ध की स्थिति के बीच कुछ लोग आवश्यक वस्तुओं की कमी होने का भ्रम फैला रहे हैं जबकि देश एवं प्रदेश में सब सामान्य है। उन्होंने पेट्रोलियम उत्पादों पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती करने पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि इससे आम जनता के लिए डीजल, पेट्रोल व गैस के दाम स्थिर बने रहेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी देश पर किसी भी प्रकार की आपदा आई है, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी हमेशा “राष्ट्र प्रथम” के दृढ़ संकल्प के साथ हर मोर्चे पर देशवासियों के साथ खड़े रहे हैं। चाहे कोरोना काल हो, अफगानिस्तान संकट हो या अन्य किसी प्रकार की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियाँ—हर बार उन्होंने देश की जनता को एकजुट किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी शांति प्रयासों को आगे बढ़ाने और भारतीय हितों की रक्षा के लिए अन्य देशों के सभी संबंधित नेताओं के संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” और “भारतीय प्रथम” की इस नीति की पहली सफलता अपने नागरिकों को वापस लाने और अपने व्यापारिक हितों को स्ट्रेट ऑफ होरमुज से गुजारने के माध्यम से मिली थी और अब एक्साइज ड्यूटी में कटौती करके दुष्प्रभाव को कम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पेट्रोल, डीजल व गैस की कोई कमी नहीं है। इसलिए लोगों को घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अनुरोध किया कि आप घबराकर खरीदारी करने से बचें ताकि व्यवस्था पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने स्वयं इस संबंध में पेट्रोलियम कंपनियों के साथ बैठक की है। प्रदेश में पेट्रोल, डीजल व गैस की आपूर्ति की स्थिति इस समय भी वैसी ही है, जैसी 4 महीने पहले थी। वर्तमान में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में कुल 4 हजार 32 सरकारी पेट्रोल पंप संचालित हैं, जहां प्रतिदिन औसतन 4 हजार 804 किलो लीटर पेट्रोल और 12 हजार 3 किलो लीटर डीजल की बिक्री हो रही है। उन्होंने आगे बताया कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा टर्मिनल संचालन बढ़ाया गया है। डिस्पैच तेज किए गए हैं, फील्ड अधिकारियों की तैनाती की गई है और सुबह के समय सप्लाई को प्राथमिकता दी जा रही है। इससे स्थिति सामान्य है।
उन्होंने आगे बताया कि प्रदेश में रसोई गैस की स्थिति भी पूरी तरह संतोषजनक है। राज्य में प्रतिदिन लगभग 2 लाख सिलेंडर प्राप्त हो रहे हैं और लगभग 1 लाख 90 हजार सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। बॉटलिंग प्लांट्स पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और रिफिल के लिए शहरों में 25 दिन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के नियम का पालन किया जा रहा है। कमर्शियल एल.पी.जी की आपूर्ति भी की जा रही है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि अस्पतालों, स्कूलों और अन्य आवश्यक संस्थानों में गैस की किसी भी प्रकार की कमी न हो।
श्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि वर्तमान में, कुल 1 लाख 73 हजार कमर्शियल सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। केंद्र सरकार द्वारा कमर्शियल एल.पी.जी. के क्षेत्र में 70 प्रतिशत आवंटन ढांचा बनाया गया है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में घरेलू LPG की देश में की जा रही प्रोडक्शन को 40 प्रतिशत से बढ़ा दिया है, ताकि आयात पर निर्भरता कम हो जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार द्वारा कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। गत 24 मार्च तक 928 एल.पी.जी. सिलेंडर व 4 वाहन कब्जे में लिए गए हैं, 66 आरोपियों की पहचान की गई है और 8 एफ.आई.आर दर्ज की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई गई है तथा अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश सरकार ने गैस की आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखने के लिए एक और अहम कदम उठाया है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में, हरियाणा में PNG गैस पाइपलाइन बिछाने पर 3 लाख रुपये प्रति किलोमीटर का लीज रेंट 10 साल के लिए अग्रिम लिया जाता है। सरकार ने इसे 1 हजार रुपये प्रति किलोमीटर एकमुश्त करने का निर्णय लिया है। इससे गैस कंपनियों और आम जनता को भी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि राज्य में इस समय 28 हजार 377 किलोमीटर लंबी पी.एन.जी. पाइपलाइन बिछी हुई है। अब इस काम में और तेजी आएगी।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हरियाणा LPG से PNG की ओर तेजी से बढ़ रहा है। सरकार ने प्रदेश में पी.एन.जी के लिए 13 लाख 33 हजार 603 का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके मुकाबले 5 लाख 59 हजार 761 कनेक्शन लगाए जा चुके हैं। इनमें से 3 लाख 32 हजार 162 कनेक्शन चालू भी हो गए हैं। शेष 2 लाख 27 हजार 599 कनेक्शन चालू करने के लिए तेजी से काम किया जा रहा है।
प्रदेश सरकार ने PNG नेटवर्क बढ़ाने के लिए Deemed Permission का प्रावधान कर दिया है। घरेलू कनेक्शन की संख्या आने वाले तीन माह में डबल कर दी जाएगी। जहां तक सी.एन.जी की बात है तो राज्य में 586 सी.एन.जी स्टेशन हैं। इसका पाइपलाइन नेटवर्क 28 हजार 377 इंच-किलोमीटर है। विभिन्न जिलों जैसे भिवानी, पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, झज्जर, करनाल और कैथल में पाइपलाइन बिछाने का काम तेजी से प्रगति पर है। Continue
फरीदाबाद बना अवसरों की धरती: मेगा जॉब फेयर में 5 हजार से अधिक युवाओं की भागीदारी 1500 को मिला रोजगार
फरीदाबाद,रूपेश देव। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मेगा जॉब फेयर के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज फरीदाबाद अवसरों की धरती बनकर उभर रहा है, जहां युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए प्रभावी मंच तैयार किए जा रहे हैं। इस भव्य जॉब फेयर में लगभग 125 से अधिक कंपनियों ने भाग लिया, जबकि 5 हजार से अधिक युवाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और करीब 1500 युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ, जो इस आयोजन की सफलता और प्रभाव को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि एक बड़े संकल्प का परिणाम है, जिसमें सेवा और समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि यह मंच इस बात का प्रमाण है कि सरकार केवल विकास की बात नहीं करती, बल्कि विकास के साथ साथ रोजगार के अवसर भी सुनिश्चित करती है। हमारी सोच साफ है, विकास भी होगा और रोजगार भी, हर युवा को अवसर मिलेगा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा।
विपुल गोयल ने कहा कि यह मेगा जॉब फेयर युवाओं के लिए अवसरों का महासंगम है, जहां केवल कंपनियां नहीं बल्कि संभावनाएं भी आई हैं। यहां सिफारिश नहीं बल्कि योग्यता और मेहनत के आधार पर चयन हो रहा है, जो एक सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से युवाओं और उद्योगों के बीच की दूरी को समाप्त किया जा रहा है। आज हम ऐसा मंच बना रहे हैं, जहां प्रतिभा और अवसर एक साथ मिलेंगे और मेहनत को उसका सही मुकाम मिलेगा, उन्होंने कहा। उन्होंने पूर्व की व्यवस्थाओं पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि एक समय हरियाणा में नौकरियों के लिए पर्ची और खर्ची का बोलबाला था, लेकिन आज पारदर्शिता के साथ योग्य युवाओं को उनका अधिकार मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि अब सरकार निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। हरियाणा में निवेश का माहौल बेहतर हुआ है, उद्योग बढ़ रहे हैं और युवाओं के लिए नए अवसर लगातार पैदा हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि Skill India, Startup India और Digital India जैसे अभियानों ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में नई प्रेरणा दी है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में विश्वास, पारदर्शिता और विकास का वातावरण बना है, जिससे फरीदाबाद जैसे शहर अवसरों के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहे हैं।
विपुल गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल वादे नहीं करती, बल्कि उन्हें पूरा करने में विश्वास रखती है। हम हर युवा के सपनों को अपनी जिम्मेदारी मानते हैं और हर अवसर को एक कर्तव्य के रूप में लेते हैं, उन्होंने कहा।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इस अवसर को पहचानें और अपने भविष्य को नई दिशा दें। मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके सपनों में जान होती है, पंखों से नहीं हौसलों से उड़ान होती है, उन्होंने कहा।
उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे बदलाव का हिस्सा बनें और एक सशक्त, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर मंत्री गौरव गौतम, राजेश नागर, मेयर प्रवीण बत्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूरण, प्रदेश महामंत्री BJYM जितेंद्र चौधरी, डिस्ट्रिक्ट लेबर कमिश्नर भगत प्रताप सिंह, HSIIDC के स्टेट अधिकारी, फरीदाबाद आईटीआई के प्रिंसिपल भगत सिंह और युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष सचिन ठाकुर सहित अन्य गणमान्य जन और युवा साथी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से हुई डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों की शिष्टाचार भेंट
नई दिल्ली 27 मार्च- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों जी की शिष्टाचार भेंट हुई।
बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित संत कबीर कुटीर पहुंचे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सपरिवार बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों जी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। भेंट के दौरान आध्यात्मिक एवं सामाजिक विषयों पर संक्षिप्त चर्चा भी हुई।
मुख्यमंत्री ने बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों जी के समाज में सद्भावना और नैतिक मूल्यों के प्रसार में योगदान की सराहना की। मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
पंजाब की जनता ने भाजपा को सत्ता में लाने का मन बना लिया है : नायब सैनी
लुधियाना : हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का अंदरखाते गठजोड़ है लेकिन पंजाब की जनता ने भाजपा को सत्ता में लाने का मन बना लिया है।
श्री सैनी आज पंजाब के लुधियाना जिला में स्थित गुरुद्वारा श्री नानकसर साहिब में समागम को संबोधित करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का परस्पर अंदरखाते गठजोड़ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय दोनों पार्टियों अंदर खाते एक हो जाती हैं लेकिन हर बार उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा है
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है , इसमें पंजाब राज्य भी पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में इस प्रदेश के वीरों का अहम् योगदान रहा है। उन्होंने जिस देश एवं प्रदेश के सपने देखे थे उनको पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी निरंतर विकास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब विकास के मामले में पहले भी नंबर वन प्रदेश रहा है लेकिन पिछले कुछ समय से इस प्रदेश में ऐसी राजनीति रही कि युवाओं को नशे के दलदल में धकेल दिया गया। विकास के मामले में भी पंजाब पिछड़ गया।
लेकिन ,अब पंजाब की जनता कांग्रेस और आप पार्टी के अंदरूनी समझौते को समझ चुकी है , इसलिए इस बार उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी तथा भाजपा की नीतियों पर विश्वास करने का निर्णय ले लिया है। इसके बाद पंजाब भी फिर से मोदी जी के नेतृत्व में विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।
हरियाणा में एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध उपयोग के खिलाफ सरकार की सख्त कार्रवाई, अब तक 9 FIR दर्ज और 825 सिलेंडर जब्त
चंडीगढ़/फरीदाबाद । हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि एलपीजी से जुड़ी कोई भी अनियमितता सामने आती है तो उस पर तुरंत एक्शन लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एलपीजी सिलेंडर को लेकर राज्य में स्थिति सामान्य है, नागरिकों को किसी भी तरह के पैनिक की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध उपयोग के खिलाफ सरकार ने सख्त कार्रवाई करते हुए अब तक 9 FIR दर्ज की गई हैं, 52 आरोपियों की संलिप्तता पाई गई और 825 सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा है कि सिलेंडर की कालाबाजारी और अवैध उपयोग के प्रति सरकार का रुख कड़ा है। उन्होंने कहा कि राज्य में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। मिडिल ईस्ट में उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों में भी जो शरारती एवं षड्यंत्रकारी तत्व अफवाह फैला रहे हैं, सरकार उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि ज़ब्त किये कुल 825 घरेलू एलपीजी में झज्जर जिले से 131, महेंद्रगढ़ जिले से 109 सिलेंडर, अम्बाला से 86, भिवानी से 21, फरीदाबाद से 2, फतेहाबाद से 71, गुरुग्राम से 75, हिसार से 39, जींद से 17, कैथल से 10, करनाल से 44, कुरुक्षेत्र से 21, नूंह से 16, पानीपत से 23, रेवाड़ी से 21, रोहतक से 98, सिरसा से 12, सोनीपत से 12 और यमुनानगर से 17 LPG सिलेंडर ज़ब्त किये जा चुके हैं।
इनमें से फरीदाबाद में 8 और सोनीपत में 1 FIR दर्ज की गई हैं। इस कड़ी में तीन वाहन भी पकड़े गए हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य भर में आयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा पिछले 6 दिनों में 14.2 किलो के कुल 61034 घरेलू गैस सिलेंडरों की सप्लाई की गई है। वर्तमान में राज्य भर में बॉटलिंग प्लांट्स पर घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कुल भंडार संख्या 982212 है।
विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि राज्य भर में कमर्शियल आयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा पिछले 25 दिनों 19 किलो के कुल 848 कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई की गई है। वर्तमान में राज्य भर में बॉटलिंग प्लांट्स पर कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कुल भंडार संख्या 179566 है।
प्रवक्ता ने बताया कि वर्तमान में हरियाणा राज्य में पेट्रोल, डीजल एवं घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। प्रमुख तेल कंपनियों – इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।