back to top
Monday, April 20, 2026
Home Blog Page 48

फरीदाबाद रेफर मुक्त संघर्ष समिति ने धरने के 151 वें दिन धरनारत लोगों ने मुण्डन करवाकर विरोध जताया

0
DEKHO NCR

फरीदाबाद, 02 मई (रूपेश कुमार )। सरकार व स्वास्थ्य अधिकारियों की उदासीनता के चलते विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रही फरीदाबाद रेफर मुक्त संघर्ष समिति के संयोजक सतीश चोपड़ा के नेतृत्व 151वें दिन होने पर मुंडन करवाकर सरकार व स्वास्थ्य अधिकारियों के प्रति रोष व्यक्त किया। मुण्डन करवाने वालों में फरीदाबाद रेफर मुक्त संघर्ष समिति के संयोजक सतीश चोपड़ा, विजय दहिया, संजयपाल सहित अन्य लोगों ने शामिल रहे।

fbd%208


 श्री चोपड़ा ने कहा कि पिछले 151 वें दिन से वह तथा संघर्ष समिति की टीम के सदस्य धरने पर बैठे है, ताकि बादशाह खान अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो सकें, ए.ग्रेड का ट्रामा सैन्टर बने सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भर्ती हो  श्री अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कालेज में ओटी आईसीयू सेवाओं को शुरू करने आदि मांगों लगातार सरकार से की जा रही है। श्री चोपड़ा ने कहा कि आज भी सिविल अस्पताल में दलालों का बोलबाला है, इमरजेंसी में आए मरीजों को सिविल अस्पताल के डाक्टर जैसे ही दिल्ली के हायर सेन्टर रेफर करते है। तभी दलाल पीड़ितों को निजी अस्पताल में ले जाकर भर्ती करवा देते और अस्पताल मोटा-मोटा बिल पीड़ित के परिजनों से वसूल रहे है। जबकि जिला के स्वास्थ्य अधिकारी इन दलालों का कुछ नहीं कर पा रहे है। आज खून जांच से लेकर एक्स रे, अल्ट्रासाउंड तक के लिए दलाल अस्पताल में बेझिझक घूम रहे है और मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी लैब, एक्सरे केन्द्रों में ले जाकर मोटा पैसा ले रहे है। जबकि यह सभी सेवाऐं सिविल अस्पताल में उपलब्ध है। सिविल अस्पताल में मोर्चरी की दुर्दशा बनी हुई है, फायर सेफ्टी का कार्य अधर में अटका हुआ है। मैंटेन्स के अभाव मे ऑक्सीजन प्लांट, डिजिटल एक्सरे मशीन खराब पड़ी है साथ ही शौचालयों की दुर्दशा बनी हुई है। इस मौके पर सरदार उपकार सिंह, अनिल नेताजी, प्रमोद भड़ाना, अजय सैनी, आशीष, ज्योति, दीपक झा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

डबुआ मंडी में 04 मई को होने वाली जन आभार रैली को मुख्यमंत्री करेंगे संबोधित : डीसी

0
DEKHO NCR
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे एफएमडीए की छठी बैठक की अध्यक्षता

फरीदाबाद, 02 मई (रूपेश कुमार )। उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के फरीदाबाद लोक सभा क्षेत्र में आगमन  के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री रविवार 04 मई को डबुआ मंडी में होने वाली जन आभार रैली में शिरकत कर रैली को संबोधित करेंगे। इसके तहत उपायुक्त विक्रम सिंह ने डबुआ सब्जी मंडी का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

fbd%207

उन्होंने आगे बताया कि रैली से पूर्व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित सभागार कक्ष में दोपहर 02 बजे फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) की छठी बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे।

इस अवसर पर एनआईटी विधायक सतीश फागना, नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर स्वप्निल रविंद्र पाटिल, डीसीपी मकसूद अहमद, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद सहित अन्य सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

फरीदाबाद में 4 मई को 17 परीक्षा केंद्रों पर होगी नीट की परीक्षा

0
DEKHO NCR
दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को नहीं दिया जाएगा प्रवेश
डीसी विक्रम सिंह ने नीट पेपर को पारदर्शी व शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए     बुलाई बैठक, दिए जरूरी दिशा निर्देश

फरीदाबाद, 02 मई (रूपेश कुमार )। उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने कहा कि नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (नीट) की परीक्षा के लिए जिला में स्थापित किए गए सभी परीक्षा केंद्रों में एसओपी की पालना सुनिश्चित की जाए। परीक्षा केंद्र के प्रत्येक रूम में दीवार घड़ी लगी हो, जिसका समय बिल्कुल ठीक हो। डीसी विक्रम सिंह ने आज शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में आगामी 4 मई को जिला में आयोजित होने वाली नीट की परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने बारे अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। 

fbd%206


उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के बैठने के लिए आरामदायक व समतल बेंच होनी चाहिए, ताकि परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो। प्रत्येक सेंटर पर लॉगबुक मैंनटेन होनी चाहिए। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम परीक्षा केंद्रों पर निर्बाध बिजली की सप्लाई सुनिश्चित करे। इसके साथ-साथ जनरेटर की सुविधा भी सुनिश्चित की जाए। दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए व्हील चेयर की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।


डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि यह भी ध्यान रखा जाए कि परीक्षा केंद्र के आस-पास किसी प्रकार का ध्वनि प्रदूषण न हो। परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए ट्रैफिक मैनेजमेंट सुनिश्चित हो। स्ट्रॉन्ग रूम और पेपर कलेक्शन रूम में सुरक्षा के कड़े प्रबंध होने चाहिए और परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होना चाहिए। पार्किंग की व्यवस्था हो और स्टाफ की वेरिफिकेशन करवाने के लिए पुलिस विभाग को विवरण उपलब्ध करवाया जाए।

उल्लेखनीय है कि आगामी 4 मई को जिला में 17 परीक्षा केंद्रों पर नीट परीक्षा दोपहर 02 से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

उन्होंने बताया कि परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक होगा। परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, जबकि दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आगामी नीट परीक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र पर मूलभूत सुविधाएं, बिजली, पंखे, जैमर, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, बेंच सहित अन्य उचित व्यवस्था के प्रबंध बारे भी अधिकारी ध्यान रखें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा नीट परीक्षा के लिए नियुक्त पर्यवेक्षकों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर आने वाले विद्यार्थियों की जांच के बाद ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दी जाए। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे और अधिकारी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे। सुरक्षा प्रबंधों के साथ-साथ विशेष रूप से ट्रैफिक  प्रबंधन के लिए निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों की पुलिस वेरिफिकेशन के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में एडीसी साहिल गुप्ता, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम फरीदाबाद शिखा, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा, सीटीएम अंकित कुमार, एनटीए सीटी समन्वयक सहित अन्य सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

अब 31 मई तक मानसून से निपटने की तैयारी, जलभराव व अतिक्रमण पर होगी सख्त कार्रवाई

0
DEKHO NCR
  फरीदाबाद में कैबिनेट व राज्य मंत्री ने अधिकारियों की ली बैक टू बैक बैठक
जिला प्रशासन, नगर निगम, एफएमडीए, एनएचएआई के अलावा अन्य संबंधित विभागों के   अधिकारियों के साथ की समन्वय बैठक

फरीदाबाद, 02 मई (रूपेश कुमार )। प्रशासनिक स्तर पर शुक्रवार को बैक टू बैक बैठकों का दौर जारी रहा। हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल व खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के राज्य मंत्री राजेश नागर ने अपने-अपने स्तर पर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में जलभराव की स्थिति पर कोई समझौता नहीं होगा। शहर को सुंदर बनाना सभी का साझा प्रयास होना चाहिए। इसी तरह  अतिक्रमण के कारण होने वाले जलभराव के मुद्दे पर भी दोनों मंत्रियों ने सख्त रुख अपनाते हुए जनहित के लिए ऐसे क्षेत्र में कार्रवाई के निर्देश दिए। मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में माननीय मंत्रियों ने जलभराव, अतिक्रमण से निपटने के लिए एक के बाद एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को समन्वय बनाते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

fbd%205

प्रदेश के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने शहर के प्रमुख 37 नालों की सफाई का संज्ञान लेते हुए नगर निगम व एफएमडीए से एक्शन रिपोर्ट तलब की। साथ ही साथ शुक्रवार सुबह हुई बारिश के कारण शहर में हुए जलभराव पर भी मंत्री ने संज्ञान लेते हुए एनएचपीसी अंडरपास में हुए जलभराव जैसी स्थिति दोबारा न होने के कड़े निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि हर सप्ताह अधिकारी रिव्यू करते हुए मानसून की तैयारियों का जायजा लें। रिव्यू के समय पंप की वर्किंग, संबंधित जगह की डिस्ल्टिंग जैसी स्थिति जांच लें। यह काम 30 मई तक हर हाल में पूरा करें। इसके बाद भी स्थिति जस की तस रहने पर विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। मंत्री ने कहा कि डिस्पोजल और अंडरपास में हॉट लाइन कनेक्शन सुनिश्चित करें।

उन्होंने बरसात पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिकारी ऐसे प्वाइंट चिन्हित करें जहां बरसाती पानी एकत्रित होता है। इसके लिए किसी भी तरह का अतिक्रमण व अन्य अटकलें बेझिझक दूर करें। अतिक्रमण के लिए कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए ध्यान रखें कि यह जनहित में लाभकारी हो। उन्होंने एसी नगर स्थित नाले के मुद्दे पर बात करते हुए कहा कि ग्रेविटी के अनुसार नाले का फ्लो निश्ति किया जाए। जनहित को प्राथमिकता देते हुए सिवरेज की सफाई रात के समय सुनिश्चित करें। सभी कार्यों की वास्तविक रिपोर्ट के लिए कैमरा बेस्ड मॉनिटरिंग अपनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि वर्क अलॉटमेंट के दौरान ठेकेदार का बैकग्राउंड भी परखा जाना चाहिए। डिफाल्टर को कार्य देने से अधिकारी परहेज करें। जनहित इस सरकार का ध्येय है। इसे हर हाल में ध्यान रखना होगा।

कैबिनेट मंत्री ने सीएंडडी वेस्ट, सेक्टर 12 में मल्टीलेवल पार्किंग, ग्रेटर फरीदाबाद में ग्रीन बेल्ट मेंटेनेंस व सीवरेज की सफाई के अलावा पार्क व कम्युनिटी सेंटर के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। उन्होंने ऊंचा गांव स्थित गौशाला में गोवंश की स्थिति पर भी संज्ञान लेते हुए इसकी मरम्मत के निर्देश नगर निगम अधिकारियों का जारी किए। साथ ही मौजूदा गोवंश के मेवात स्थित संघेल गोशाला में शिफ्ट कर इस कार्य में तेजी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंश को एस्ट्रा फोर्स लगाकर शिफ्ट करें ताकि गर्मी में परेशानी होने से रोका जा सके।

मंत्री विपुल गोयल ने निर्देश दिए कि बाईपास रोड के दोनों किनारों की साफ-सफाई विशेष अभियान के तहत करवाई जाए और ताकि जुलाई महीने में चिन्हित स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण किया जाए। उन्होंने कहा कि जिला में स्थित समस्त पारंपरिक बाजारों को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर “मॉडर्न मार्केट” के रूप में विकसित करने की ओर ध्यान दें। इस संबंध में प्रत्येक बाजार के लिए एक समर्पित आधुनिक डिज़ाइन प्लान शीघ्र तैयार करने के निर्देश मंत्री ने दिए। बाजारों की अवस्थिति, भीड़-भाड़, यातायात और उपभोक्ता सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उनका कायाकल्प सुनिश्चित किया जा सके।

टूटी सड़कों व ओवरफ्लो नालों के लिए ठेकेदार को फटकार, मंत्री ने दी चेतावनी
हरियाणा सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के राज्य मंत्री  राजेश नागर ने स्पष्ट एवं दृढ़ शब्दों में लापरवाही बरतने वाले एक ठेकेदार को बैठक के दौरान ही फटकार लगाई। साथ ही उन्होंने अपूर्ण अथवा अवरुद्ध कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पुनः सक्रिय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य मात्र आंकड़ों में उपलब्धि दिखाना नहीं, अपितु जनमानस को वास्तविक लाभान्वित करना होना चाहिए। मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि “विलंबित विकास कार्यों का प्रभावशीलता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, और देरी से पूर्ण हुई परियोजनाएं अक्सर उपयोगिता की दृष्टि से अप्रासंगिक हो जाती हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों, पेयजल आपूर्ति, सड़क एवं आमजन की मुलभूत  सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की विशेष समीक्षा की।
 
श्री नागर ने परियोजना अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण नियमित रूप से करें और प्रत्यक्ष प्रगति को व्यवस्थित रूप से दस्तावेजीकरण करें। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि विकास महज़ संख्यात्मक उपलब्धियों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह धरातल पर व्यापक और सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम होना चाहिए।

स्थानीय पार्षदों ने बताई क्षेत्र की समस्या, मंत्री ने मांगी एक्शन रिपोर्ट                                                                                                   बैठक के दौरान स्थानीय पार्षद भी मंत्री राजेश नागर के साथ बैठक में उपस्थित रहे। क्षेत्रवार सभी अपनी समस्याएं बताई। इस पर मंत्री ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों से एक्शन रिपोर्टमांगी। इसके अलावा तारीख सुनिश्चित कर कार्य पूरे करने के निर्देश अधिकारियों केदिए। उन्होंने मुख्य रूप से बादशाहपुर-इस्माइलपुर रोड, एत्मादपुर व सेक्टर 37,पल्ला सेहतपुर नाला के अलावा बेसहारा पशुओं से संबंधित मामलों पर बैठक के दौरान चर्चा की। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में शामिल हुए गांवों में सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए नगर निगम अधिकारी गांव अनुसार सफाई कर्मी की ड्यूटी लगाना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार इन क्षेत्रों में लाइट व्यवस्था, सीवरेज व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
 
बैठक में एमसीएफ कमिश्नर मोना ए श्रीनिवास, पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता, उपायुक्त विक्रम सिंह, नगर निगम के जॉइंट कमिश्नर गौरव अंतिल, डीसीपी उषा कुंडू, सीटीएम अंकित कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।

2 घंटे की बरसात में स्मार्ट सिटी हुआ पानी पानी

0
DEKHO NCR
-गर्मी से मिली निजात तो जलभराव ने बढ़ाई मुसीबत 
जलभराव के चलते जगह जगह लगा लंबा जाम 

फरीदाबाद, 02 मई (रूपेश कुमार ) फरीदाबाद में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे बादलों की तेज गर्जना के साथ मूसलाधार बारिश हुई। बादलों की तेज गर्जना और आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश ने कुछ ही घंटों में फरीदाबाद की सड़कों को तालाब में तब्दील कर दिया। कॉलोनियाँ हो, सेक्टर हो या गाँव हर जगह-जगह जलभराव हो गया। जिसके चलते शहर का यातायात पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। ट्रैफिक पुलिस को कई प्रमुख मार्गों को डायवर्ट करना पड़ा। जिससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

fbd%203

ग्रीनफील्ड अंडरपास में डूबी कार :-
 बारिश के चलते फरीदाबाद के ग्रीनफील्ड कॉलोनी अंडरपास में पानी भरने से स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि प्रशासन को इसके गेट बंद करने पड़े। 
fbd%201

सुबह के समय इस अंडरपास में एक कार पानी की चपेट में आकर फंस गई। कार पूरी तरह पानी में डूब गई। लेकिन कार चालक ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इस घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और क्रेन के द्वारा कार को बाहर निकाला गया। 
गर्मी से राहत, लेकिन जलभराव ने बढ़ाई परेशानी :-
कई दिनों से पद तेज गर्मी से परेशान लोगों को राहत तो मिली परंतु बरसात से हुए जलभराव ने लोगों की खुशी को परेशानी में बदल दिया। शहर के हर इलाकों और प्रमुख सड़कों पर पानी भरने से लोग घंटों जाम में फंसे रहे। लोगों को नौकरी पर जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ा तो बच्चों को स्कूल जाने में खासी मसकक्त करनी पड़ी। 
fbd%202

लोगों को अपने गंतव्य पर आना जाना मुश्किल हो गया। शहर हो या गाँव कोई भी ऐसी जगह नहीं थी जहां जलभराव न हुआ हो। एसजीएम नगर,आदर्श कॉलोनी,सैनिक कॉलोनी,जवाहर कॉलोनी,ड़बुआ कॉलोनी,पर्वतिया कॉलोनी,एनआईटी 1,2,3,4,5 दयाल बाग,इरोज गार्डन,ग्रीनफील्ड,सेक्टर 3,4,12,14,15,16,17,18,19,21,ओल्ड फरीदाबाद हर जगह भारी जलभराव रहा। 
नगर निगम की तैयारियों की खुली पोल :-
फरीदाबाद नगर निगम हर साल दावा करता है कि शहर में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लेकिन इस बार की पहली बारिश ने इन दावों की पोल खोल दी। सड़कों पर पानी भरा रहा और नालों की सफाई ना होने के कारण पानी का निकास नहीं हो सका। स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया और जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था करने की मांग की। 
fbd%204

प्रशासन ने जलभराव की स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कुछ क्षेत्रों में पंप लगाए और नालों की सफाई शुरू करवाई, लेकिन यह कदम बारिश के बाद उठाए गए, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया. विशेषज्ञों का मानना है कि अगर समय रहते नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था की जाए, तो भविष्य में ऐसी स्थिति से बचा जा सकता है। 
ग्रीनफील्ड इलाके में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग की शटरिंग गिर गई । जिसके चलते उसके नीचे खड़ी पांच गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय कोई कार में सवार नहीं था, या कोई आसपास से गुजर नहीं रहा था जिसके चलते बड़ा हादसा होते-होते टल गया। इस मामले में जानकारी देते हुए स्थानीय निवासियों ने बताया कि, आज सुबह हुई बरसात और तेज आंधी के चलते शटरिंग गिर गई और नीचे खड़ी पांच गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

ग्लोबल वार्मिंग के इस युग में अपनी जड़ों की ओर लौटने का पहला चरण है गौ सेवा- नायब सैनी

0
DEKHO NCR
सीएम ने कहा, बीते दस वर्षों से गौ संरक्षण और संवर्धन की ओर प्रदेश सरकार अग्रसर

होडल, 30 अप्रैल
(रूपेश कुमार )
। 
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गाय हमारी संस्कृति की आत्मा है। गो पालन और गोसेवा से ही हमारा ग्राम्य जीवन समृद्ध हुआ है। हमारे ऋषि-मुनियों ने हजारों वर्ष पूर्व कहा था कि गाय के संरक्षण से ही मानवता का कल्याण संभव है। आज जब दुनिया ग्लोबल वार्मिंग, स्वास्थ्य समस्याओं और नैतिक मूल्यों के क्षरण से जूझ रही है, तब हमें पुन: अपनी जड़ों की ओर लौटने की आवश्यकता है और उस यात्रा का पहला चरण गोसेवा है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर  होडल स्थित गोसेवा धाम अस्पताल के वार्षिकोत्सव समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में उपस्थित जन को संबोधित कर रहे थे। 

main%203


इस दौरान मुख्यमंत्री ने गोसेवा धाम में नई टीन शेड का उद्घाटन करने के साथ-साथ पूरे धाम परिसर का भ्रमण किया। यहां पहुंचने पर गोसेवा धाम की संचालिका देवी चित्रलेखा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का पुष्पगुच्छ व शॉल भेंट कर स्वागत किया।


इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अक्षय तृतीया वह तिथि जिसका पुण्य फल  कभी क्षीण नहीं होता। इसी प्रकार गोसेवा का पुण्य भी अनंत और अक्षय होता है। हमारी भारतीय सनातन संस्कृति में गाय को मां का स्थान दिया गया है। गोमाता न केवल धार्मिक दृष्टि से पूजनीय हैं, बल्कि सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य की दृष्टि से भी हमारे जीवन में उसका अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। यह पावन अवसर न केवल सनातन संस्कृति की महान परंपराओं का उत्सव है, बल्कि जीव मात्र के कल्याण की भावना का भी प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने वर्ल्ड संकीर्तन टूर ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि यह ट्रस्ट गोसेवा और मानव सेवा जैसे महान कार्य कर रहा है। गोसेवा को भी एक जीवंत आंदोलन का स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि यह गो सेवा धाम सेवा तीर्थ बन गया है। यहां बेजुबान पशुओं की सेवा व इलाज किया जाता है। यहां आधुनिक सुविधाएं भी मौजूद हैं। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 21 लाख की राशि देने की घोषणा की। इसके अलावा गौ सेवा धाम अस्पताल की ओर से  सौंपे गए मांग पत्र को भी विभागीय प्रक्रिया के माध्यम से पूरा करने का आश्वासन भी दिया।

बीते दस वर्षों से गौ संरक्षण और संवर्धन की ओर सरकार अग्रसर-सीएम

मुख्यमंत्री ने गौसेवा सुरक्षा और संवर्धन के लिए प्रदेश स्तर पर किए गए कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि गौमाता की सुरक्षा के लिए सख्त कानून ‘हरियाणा गौ-वंश संरक्षण व गौसंवर्धन वर्ष 2015 में लागू किया। इस कानून में गौ हत्या करने वाले व्यक्ति को 10 वर्ष तक का कारावास और गौ तस्करी करने पर सात वर्ष तक की कैद का प्रावधान है उन्होंने कहा कि वित्त वर्ष के बजट में गोशालाओं के लिए 595 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है । वर्ष 2014 तक हरियाणा में 215 पंजीकृत गौशालाओं में केवल 1 लाख 74 हजार गौवंश था। आज राज्य में 683 पंजीकृत गौशालाएं हैं। इनमें 4 लाख बेसहारा गौवंश का पालन-पोषण हो रहा है। मौजूदा सरकार ने पंजीकृत गौशालाओं को पिछले दस वर्षों में चारे के लिए 270 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है। पिछले वित्त वर्ष में 608 गौशालाओं को चारे के लिए 166 करोड़ रुपये की राशि दी गई है।

गोचराण भूमि गौ माताओं के लिए की समर्पित

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता बेसहारा न रहे इसके लिए सरकार ने तीन गौ अभ्यारण्य स्थापित किए हैं। इनमें एक गांव नैन( पानीपत)  गांव ढंढूर( हिसार) और तीसरा पंचकूला में बनाया गया है। इनमें शैड, पानी व चारे की व्यवस्था की गई है। इनमें लगभग 6,500 बेसहारा गौवंश को आश्रय दिया जा चुका है। इसी तरह लगभग 400 शैड व चारा गोदाम के निर्माण के लिए 35 करोड़ रुपये की अनुदान राशि दी है। पंचायतों की गौचराण भूमि गौशालाओं को देने की भी व्यवस्था की है। इससे पंजीकृत गौशालाओं की संख्या बढ़ी है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गोबरधन योजना से बायोगैस संवर्धन के प्रयास तेज

उन्होंने बताया कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की ओर से गोबरधन योजना  शुरू की गई है। इस योजना के तहत यदि प्रदेश की कोई भी गौशाला बायोगैस संयंत्र लगाना चाहती है तो गौ सेवा आयोग के माध्यम से उसे वित्तीय सहायता दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 90 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ऐसे ही एक संयंत्र का शिलान्यास, पिछले दिनों माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कर कमलों से यमुनानगर में हुआ है। प्रदेश में 331 गौशालाओं में सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। भाजपा सरकार ने शेष 344 गौशालाओं में भी सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने पर 90 प्रतिशत अनुदान देने की शुरुआत की है।

अक्षय तृतीया पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने खोला होडल विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए घोषणाओं का पिटारा

0
DEKHO NCR
 – हमारी सरकार ने होडल क्षेत्र में लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य              करवाए : नायब सैनी 
मुख्यमंत्री ने 10 करोड़ रुपए की तीन विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन

होडल, 30 अप्रैल
(रूपेश कुमार )
 हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अक्षय तृतीया के अवसर पर पलवल जिला के होडल विधानसभा क्षेत्र के लिए विकास परियोजनाओं की सौगात दी। होडल विधानसभा क्षेत्र के लिए 10 करोड़ रुपए की लागत की 3 परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

main%201

main%202


साथ ही, मुख्यमंत्री ने होडल विधानसभा क्षेत्र के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए 5-5 करोड़ रुपए, डीएचबीवीएन के होडल में कार्यालय भवन के लिए 3.54 करोड़ रुपए व हसनपुर में 1.95 करोड़ रुपए, नीरपुर, कोराली, पेंगलतु व सीहा में सब हेल्थ सेंटर, सीहा में फ़सल खरीद केंद्र, होडल में पुन्हाना मोड़ तक ड्रेन के लिए 1.50 करोड़, हसनपुर में उप तहसील को तहसील का दर्जा, विभिन्न तालाबों का पुनरुद्धार तथा क्षेत्र की सभी सड़कों की मरम्मत और सुधार करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री बुधवार को पलवल जिला के होडल में आयोजित बृज विकास रैली को सम्बोधित कर रहे थे। साथ ही, केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर और होडल के विधायक श्री हरिन्द्र सिंह द्वारा  रखी गई अधिकतर मांगों को मौके पर ही मंजूर किया। साथ ही शेष मांगों को व्यवहार्यता (फिजिबिलिटी) अध्ययन करवाने के उपरांत पूरा करवाने की बात कही।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज अक्षय तृतीया के शुभ और पुण्य पर्व पर आप सबके बीच आकर मन अत्यंत प्रसन्न है। उन्होंने इस पावन पर्व की सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। बृज भूमि होडल में आकर मैं स्वयं को गौरवान्वित अनुभव कर रहा हूं। होडल का नाम जब भी लिया जाता है, हमारे मन में एक ऐसा चित्र उभरता है, जहां की मिट्टी में मेहनत, वीरता की गाथाएं और संस्कारों की खुशबू विद्यमान है। यह वही वीर भूमि है, जहां महारानी किशोरी जैसी वीरांगना ने जन्म लिया। महारानी किशोरी जी की वीरता, त्याग और सेवा भावना हम सबके लिए प्रेरणा का स्रोत है। यह क्षेत्र उस  सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर का भाग है, जिसने महाभारत के युद्ध और कथाओं को आकार दिया।

उन्होंने कहा कि इस जनसभा का उद्देश्य आप सबसे सीधे संवाद करना, आपकी आकांक्षाओं को जानना और आपसे मिलकर एक नए हरियाणा का सपना देखना और उसे साकार करना। इस क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाना हमारी प्राथमिकता थी, है और प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि यह सरकार आपकी सरकार है। हमारा एकमात्र उद्देश्य ‘हर क्षेत्र का विकास, हर नागरिक का उत्थान’ है। हम होडल को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाएंगे। शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, रोजगार के क्षेत्र में विशेष पहल करते हुए, हम होडल को आगे बढ़ाएंगे।

इन परियोजनाओं का किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने बृज विकास रैली में होडल विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत की 3 परियोजनाओं के उद्घाटन किए। इनमें 5 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से नगर परिषद भवन, 2 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से उप-तहसील भवन का निर्माण तथा 1 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से रामगढ़ गांव में खेल स्टेडियम का निर्माण शामिल है।

होडल विधानसभा क्षेत्र के विकास पर 700 करोड़ रुपए हुए खर्च

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिछले दो कार्यकालों में हमारी सरकार ने होडल क्षेत्र में लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य करवाए हैं। जबकि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 236 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए। उन्होंने होडल के विकास से जुड़ी उपलब्धियों के बारे में बताते हुए कहा कि टाउन में जलापूर्ति बढ़ाने के लिए बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण और पाइप लाइन बिछाने का कार्य 12 करोड़ रुपये की लागत से किया गया। होडल शहर में बरसाती पानी की निकासी के लिए 6 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से ड्रेन का निर्माण किया गया। जलापूर्ति योजना, पेंगतलू का निर्माण 8 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से किया गया है। नई अनाज मंडी, होडल का विकास 8 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से किया गया है। बंचारी में 66 के.वी. सब-स्टेशन की स्थापना 7 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से की गई। होडल के सती सरोवर का नवीनीकरण 6 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।

विकास परियोजनाओं से बदली पलवल की तस्वीर

मुख्यमंत्री ने पलवल जिला के विकास से जुड़ी प्रमुख योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि अपने पिछले दो कार्यकालों में जिला पलवल को विकसित करने के लिए कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य 2,345 करोड़ रुपए की लागत से पूरा किया गया है। वेस्टर्न डेडिकेटिड फ्रेट कॉरीडोर के रेवाड़ी-मदार सेक्शन का निर्माण जारी है। इसी तरह कुंडली-सोनीपत और सोहना-मानेसर के लिए 5,618 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से ‘हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर‘ निर्माणाधीन है। प्रदेश में युवाओं के कौशल विकास के लिए दुधौला में श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय स्थापित किया गया है। पलवल-हसनपुर वाया कौशक सड़क को चौड़ा व मजबूत करने का कार्य 23 करोड़ 49 लाख रुपए की लागत से किया गया है। वहीं पलवल शुगर मिल की पिराई क्षमता 12 करोड़ रुपये की लागत से बढ़ाई गई।
इस दौरान विभिन्न सामाजिक धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उनका अभिनंदन किया।

घर के बाहर हवाई फायर करने के मामले में एक और आरोपी को क्राइम ब्रांच सेक्टर 65 की टीम ने दबोचा

0
DEKHO NCR
– एक पिस्टल व स्कॉर्पियो गाडी बरामद

फरीदाबाद, 30 अप्रैल
(रूपेश कुमार )
 पुलिस थाना तिगांव में रोहित वासी जसाना, फरीदाबाद ने दी शिकायत में आरोप लगाया कि 26 अप्रैल की रात को उसके घर के गेट के सामने एक गाड़ी आई, जिसमें बैठे अज्ञात व्यक्ति ने दो हवाई फायर किए गये। जिसकी आवाज सुनकर कर जब वो बाहर गये तब तक आरोपी वहां से गाडी लेकर चले गये थे। जिसकी शिकायत पर पुलिस थाना तिगांव में विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया।

fbd%209

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर 65 की टीम ने आरोपी अतुल उर्फ़ अक्की जिला  गाजियाबाद  उ.प्र. को सुरजपुर गाजियाबाद उ.प्र से गिरफ्तार किया है
आरोपी सुमित व रोबिन वासी गौतमबुद्ध नगर उ.प्र. को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है

पूछताछ में सामने आया कि उनका व शिकायतकर्ता को करीब 2 महीने पहले उत्तर प्रदेश में किसी शादी के दौरान झगड़ा हुआ था। 26 अप्रैल को अभी आरोपी अपने साथियों के साथ गांव साहबाद में एक लगन कार्यक्रम में आये हुए थे। इनको पता चला कि जिसके साथ इनका झगडा हुआ था उसका घर यही पास में ही है, उस पर दबदबा बनाने के लिए आरोपीगण शिकायतकर्ता के घर के बाहर गाड़ी में गए और 2 हवाई फायर कर भाग गये।

आरोपी सुमित ने हवाई फायर किया था तथा रोबिन गाड़ी चला रहा था व आरोपी अतुल मौका पर गाड़ी में मौजूद था। आरोपियों से वारदात मे प्रयोग पिस्टल व स्कॉर्पियो गाडी बरामद।  
पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर कर जेल भेजा गया है। 

बच्चों के मासूम कंधों पर बढ़ते बस्ते के बोझ से मुख्यमंत्री चिंतित,दिए जांच के आदेश

0
DEKHO NCR
इधर जिला शिक्षा अधिकारी को नहीं दिखाई दे रहा बढ़ता बस्ते का बोझ
कहते हैं
सबूत लाओ ,,,तब लेंगे एक्शन 

फरीदाबाद, 30 अप्रैल
(रूपेश कुमार )
। 
हर साल की तरह इस साल भी प्राइवेट स्कूल संचालकों ने गैर जरूरी प्राइवेट प्रकाशकों की महंगी किताबें खरीदवा के बच्चों के मासूम कंधों पर बस्ते का बजन बढ़ा दिया है। इसको लेकर मुख्यमंत्री ने नाराजगी प्रकट करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। 

fbd%208

हरियाणा अभिभावक एकता मंच ने कहा है कि सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारी प्राइवेट स्कूलों खासकर सीबीएसई वालों में  जाकर प्रत्येक क्लास के बच्चों के बस्ते का वजन माप रहे हैं और एनसीईआरटी की जगह लगाई गई प्राइवेट प्रकाशकों की किताबों को चेक कर रहे हैं।  निर्धारित किए गए बस्ते का वजन ज्यादा मिलने पर और प्राइवेट प्रकाशकों की किताबें  मिलने पर उस स्कूल के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए शिक्षा निदेशक पंचकूला को रिपोर्ट भेज रहे हैं। मंच के प्रदेश महासचिव कैलाश शर्मा व लीगल एडवाइजर एडवोकेट  बीएस विरदी ने कहा है कि जिला शिक्षा अधिकारी फरीदाबाद इस विषय पर कोई भी उचित कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। मंच ने कई बार उनको पत्र लिखकर प्राइवेट स्कूलों द्वारा बच्चों के बस्ते का वजन बढ़ाने व प्राइवेट प्रकाशकों की किताबें लगाने की जांच करने को कहा है। इस विषय पर उनसे दूरभाष पर भी बात की है लेकिन उनका कहना है कि “पहले सबूत लायो”तब एक्शन लेंगे।

मंच ने उनसे कहा है कि “सबूत तो बच्चों के बस्ते के अंदर मौजूद है। स्कूलों में जाकर इसकी जांच करो लेकिन वे इस विषय पर कोई भी उचित
कार्यवाही नहीं कर रहे हैं। मंच ने बुधवार को एक और पत्र जिला शिक्षा अधिकारी व चेयरमैन FFRC कम मंडल कमिश्नर को लिखा है जिसमें मांग की है कि  प्राइवेट स्कूलों में जाकर बच्चों के बस्ते का वजन मापा जाए और बस्ते में रखी प्राइवेट प्रकाशकों की किताबों की जांच की जाए। जांच के बाद अगर बस्ते का वजन निर्धारित किए गए बजन से ज्यादा मिलता है और प्राइवेट प्रकाशकों की किताबें मिलती हैं तो उस स्कूल के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए शिक्षा निदेशक पंचकूला को रिपोर्ट भेजी जाए। पत्र की प्रति मुख्यमंत्री,शिक्षा मंत्री,शिक्षा सचिव व शिक्षा निदेशक को भेजी गई है।  
बॉक्स ;
शिक्षा निदेशालय द्वारा स्कूल बैग का तय वजन 
*पहली और दूसरी कक्षा के लिए 1.5 किलो,
*तीसरी से पांचवीं के लिए 2-3 किलो,
*छठी और सातवीं के लिए 4 किलो,
*आठवीं और नौवीं के लिए 4.5 किलो,
*10 वीं से 12 वीं का 5 किलो 

केएल महिला कॉलेज में विदाई पार्टी का किया आयोजन

0
DEKHO NCR

फरीदाबाद, 30 अप्रैल
(रूपेश कुमार )
। 
केएल महिला कॉलेज में वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग ने एम.कॉम., बी.कॉम. (पास, वोक., ऑनर्स), बीबीए के सम्मान में एक शानदार विदाई पार्टी का आयोजन किया, जिसमें आकर्षक रैंप वॉक, नृत्य प्रदर्शन और ढेरों यादगार पल शामिल थे।

fbd%207


 प्रिंसिपल डॉ. मंजू दुआ ने रैंप वॉक शो के सभी विजेताओं को पाउच और पुरस्कार दिए। सम्मानित प्रिंसिपल डॉ. मंजू दुआ और जज सुश्री नीरू भाटिया, सुश्री अलका सत्या, डॉ. राजेश, सुश्री सीमा बहल ने योग्य छात्राओं को खिताब प्रदान किए, जिसमें सुश्री तनिषा को मिस ब्यूटीफुल हेयर, सुश्री सान्या को मिस वेल ड्रेस्ड, सुश्री काजल को मिस कॉन्फिडेंट, सुश्री आरती को मिस पर्सनलिटी, सुश्री संजना को मिस चार्मिंग, सुश्री दीया को मिस ग्लैमरस और लास्ट में निशा को लेडी ऑफ द डे का खिताब दिया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. रेखा गोयल ने छात्राओं को जीवन का आनंद लेने और नए उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। विदाई समारोह में यादगार पलों, मौज-मस्ती और दूसरे और अंतिम वर्ष की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से भरपूर था। विदाई समारोह का आयोजन वाणिज्य और प्रबंधन विभाग के संकाय द्वारा संयोजक डॉ. रेखा गोयल, सुश्री अमिता दुरेजा और डॉ. सुदेश कुमारी के मार्गदर्शन में अच्छी तरह से किया गया । अंत में विश्वविद्यालय स्तर पर उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए ओपन डीजे डांस का आयोजन किया गया।